Bhagalpur News : नवगछिया में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें ट्रेन की चपेट में आने से एक 50 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. यह घटना मदन अहिल्या महिला कॉलेज के पास स्थित बंद समपार फाटक के समीप हुई. मृतक की पहचान प्रोफेसर कॉलोनी निवासी पवन शर्मा के रूप में की गई है. बताया जा रहा है कि वे साइकिल से बिजली बिल जमा करने के बाद घर लौट रहे थे और इसी दौरान बंद फाटक पार करने की कोशिश में यह हादसा हो गया.
बंद फाटक पार करने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार पवन शर्मा नवगछिया बिजली कार्यालय में बिल जमा करने के बाद घर लौट रहे थे. रास्ते में मदन अहिल्या महिला कॉलेज के पास बंद समपार फाटक पर उन्होंने पटरी पार करने का प्रयास किया. इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही ट्रेन की चपेट में वे आ गए. हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों के अनुसार, ओवरब्रिज बनने के बाद यह फाटक बंद कर दिया गया है, लेकिन लोग अब भी यहां से आवागमन करते हैं.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
घटना के बाद मौके पर भीड़, पुलिस पहुंची
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए. सूचना मिलते ही नवगछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर अनुमंडल अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई.
इलाके में शोक, सुरक्षा व्यवस्था की मांग
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बंद समपार फाटक के पास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और लोगों को जागरूक करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर सिटी में गंगा कटाव रोकने की बड़ी तैयारी, एजेंसी चयनित, 2 दिन में शुरू होगा काम

