CJP Sansad March : संसद मार्च को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और दिल्ली पुलिस के बीच टकराव के बाद आंदोलन थमता नहीं दिख रहा है. पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोमवार देर रात साफ कर दिया कि प्रदर्शन लगातार दूसरे दिन भी जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी जंतर-मंतर नहीं छोड़ेंगे और मांगें पूरी होने तक आंदोलन चलता रहेगा.
जंतर-मंतर पर दोबारा बनाया अस्थायी मंच
सोमवार को दिल्ली पुलिस की ओर से पहले से तैयार किए गए अस्थायी मंच को हटाए जाने के बाद CJP कार्यकर्ता दोबारा जंतर-मंतर पहुंच गए. यहां उन्होंने फिर से टेंट लगाया, अस्थायी मंच तैयार किया और प्रदर्शन शुरू कर दिया. प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे पीछे हटने वाले नहीं हैं और अपनी मांगों के लिए आंदोलन जारी रखेंगे.
दिल्ली : छात्रों पर लाठीचार्ज से भड़के राहुल गांधी, पीएम मोदी को बताया युवा-विरोधी
‘मंगलवार को भी संसद की ओर करेंगे मार्च’
इंडिया टुडे डिजिटल से बातचीत में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने कहा कि मंगलवार को भी संसद मार्च निकाला जाएगा. उन्होंने मंच से कहा, “हम जंतर-मंतर का प्रदर्शन स्थल छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे. जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होतीं, आंदोलन जारी रहेगा.”
6 जून से जंतर-मंतर पर चल रहा धरना
CJP के कार्यकर्ता पिछले 6 जून से जंतर-मंतर पर धरना दे रहे हैं. उनकी प्रमुख मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की है. इससे पहले सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी इसी स्थल पर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे थे. बाद में पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल भेज दिया था.
दिल्ली में CJP प्रोटेस्ट मार्च के दौरान हिंसा, 50 से अधिक सुरक्षाकर्मी घायल
बारिश भी नहीं डिगा सकी प्रदर्शनकारियों का हौसला
दिल्ली में बारिश के बीच भी प्रदर्शन जारी रहा. अभिजीत दीपके पार्टी नेताओं के साथ मानव श्रृंखला की अगली कतार में खड़े रहे और लगातार नारेबाजी करते रहे. खराब मौसम के बावजूद प्रदर्शनकारियों का उत्साह कम नहीं दिखा.
आगे की रणनीति पर होगी घोषणा
जंतर-मंतर पर मौजूद CJP नेताओं ने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक आंदोलन जारी रहेगा. उन्होंने बताया कि अगले संसद मार्च की रणनीति पर बैठक चल रही है और जल्द ही पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-


