Muzaffarpur Karja loot : मुजफ्फरपुर के मड़वन चौक पर गुरुवार की रात दुकान बंद करने से पहले एक किराना कारोबारी के सामने अचानक तीन नकाबपोश बदमाश आ धमके. बाइक से पहुंचे अपराधियों ने कारोबारी की कनपटी पर पिस्टल लगाई और गल्ले में रखी करीब 1300 रुपये की नकदी लूट ली. वारदात के बाद बदमाशों के भागने और कथित फायरिंग से बाजार में दहशत फैल गई.
नौ बजे बंद होने वाला था बाजार, तभी पहुंच गए बदमाश
करजा थाना क्षेत्र के मड़वन चौक पर रात करीब नौ बजे मो. साबिर अपनी किराना दुकान समेट रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन युवक दुकान के पास पहुंचे. तीनों ने चेहरा ढक रखा था, जिससे उनकी पहचान नहीं हो सकी.
मुजफ्फरपुर में खड़ी बस में लगी आग, JCB ने ऐसे बचाया बड़ा नुकसान
बदमाशों के दुकान में दाखिल होते ही उनमें से एक ने साबिर की कनपटी पर पिस्टल लगा दी. इसके बाद गल्ले में रखी नकदी निकाल ली गई. महज कुछ मिनटों में वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी वहां से निकलने लगे.
विरोध करने पर मचाया शोर, बाइक से फरार हुए अपराधी
लूट का विरोध करते हुए दुकानदार ने शोर मचाया. आसपास के लोगों को आता देख बदमाशों ने देर करना मुनासिब नहीं समझा और बाइक से फरार हो गए.
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भागने के दौरान बदमाशों ने हवाई फायरिंग की. गोली की आवाज से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि तीनों अपराधी रेवा रोड की ओर निकल गए और फिर करजा की तरफ भागे.
मौके पर मौजूद दुकानदारों ने एक खोखा मिलने का दावा किया है, लेकिन पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि नहीं की है.
पुलिस बोली- लूट हुई, फायरिंग की बात सही नहीं
वारदात की सूचना मिलते ही करजा थाना पुलिस मड़वन चौक पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ स्थानीय लोगों और दुकानदार से जानकारी जुटाई.
करजा थानाध्यक्ष के अनुसार कारोबारी से हथियार के बल पर नकदी छीने जाने की पुष्टि हुई है. हालांकि, उन्होंने फायरिंग की बात से इनकार किया है.
अब पुलिस की नजर इलाके में लगे CCTV कैमरों पर है. घटना के समय आसपास से गुजरने वाले रास्तों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक सवार तीनों अपराधियों की पहचान की जा सके.
वारदात के बाद कारोबारियों में नाराजगी
मड़वन चौक पर हुई इस घटना ने रात के समय बाजार की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं. व्यापारियों का कहना है कि अगर अपराधी दुकान के अंदर घुसकर हथियार के बल पर लूट कर सकते हैं, तो बाजार में पुलिस गश्त को और मजबूत किए जाने की जरूरत है.



