इस खबर में क्या है?
Muzaffarpur Bairia Bus Stand: मुजफ्फरपुर के बैरिया बस स्टैंड में रविवार को खड़ी बस अचानक आग की लपटों में घिर गयी. देखते ही देखते बस से घना काला धुआं निकलने लगा और आसपास मौजूद यात्रियों में अफरातफरी मच गयी. सबसे बड़ा खतरा यह था कि आग के आसपास कई दूसरी गाड़ियां भी खड़ी थीं. हालांकि, स्थानीय लोगों और बस स्टैंड कर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया.
चंद मिनटों में बस बनी आग का गोला
बताया गया कि बस खड़ी थी, तभी अचानक उसमें आग लग गयी. शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में बस से तेज लपटें उठने लगीं.
काले धुएं का गुबार देखकर बस स्टैंड में मौजूद यात्रियों और लोगों के बीच हड़कंप मच गया. लोग आग से दूर सुरक्षित स्थानों की तरफ भागने लगे.
मुजफ्फरपुर की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
JCB आई काम, बालू डालकर रोकी गयी आग
आग को दूसरी गाड़ियों तक पहुंचने से रोकने के लिए मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पहल की. JCB की मदद से बालू मंगवाकर जलती बस पर डाला गया.
बालू डालने से आग की तीव्रता कम करने में मदद मिली. इस दौरान आसपास खड़ी दूसरी बसों और वाहनों को सुरक्षित रखने की कोशिश जारी रही. समय रहते उठाए गए इस कदम से बड़ा नुकसान टल गया.
पुलिस और दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
आग की सूचना मिलते ही अहियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गयी. इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने भी मोर्चा संभाला.
दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया. आग बुझने के बाद इलाके में राहत की सांस ली गयी.
हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
हादसे के दौरान बस स्टैंड में काफी संख्या में लोग मौजूद थे, लेकिन राहत की बात यह रही कि घटना में किसी के घायल या हताहत होने की सूचना नहीं है.
हालांकि, बस के जलने से कितना आर्थिक नुकसान हुआ, इसका आकलन अभी नहीं किया गया है. आग पूरी तरह बुझने और क्षति का जायजा लेने के बाद ही नुकसान की स्थिति स्पष्ट होगी.
शॉर्ट सर्किट से आग लगी या कोई और वजह? जांच में खुलेगा राज
प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग का संभावित कारण माना जा रहा है. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह तकनीकी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
बैरिया बस स्टैंड में हुई इस घटना ने वहां खड़ी बसों और अन्य वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. खासकर ऐसे स्थान पर जहां बड़ी संख्या में यात्री और वाहन मौजूद रहते हैं, वहां आग से बचाव के इंतजामों की नियमित जांच जरूरी हो जाती है.
इसे भी पढ़ें-



