Muzaffarpur Teacher House Theft : मुजफ्फरपुर में सदर थाना क्षेत्र के मझौलिया इलाके में बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने नकदी, सोने के जेवर और मोबाइल फोन की चोरी कर ली. चोरों ने घर के वाशरूम और किचन में लगे नलों को भी नहीं छोड़ा और उन्हें उखाड़कर अपने साथ ले गए. घटना को लेकर गृहस्वामी सह शिक्षक मो. मुस्तकीम ने सदर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
मुजफ्फरपुर में बाइक-स्कूटी से शराब की खेप ले जा रहे दो धंधेबाज गिरफ्तार, 165 लीटर शराब-बीयर जब्त
परिवार के साथ पैतृक गांव गए थे शिक्षक
पीड़ित शिक्षक मो. मुस्तकीम ने पुलिस को बताया कि वह 19 अक्टूबर को पूरे परिवार के साथ मुशहरी थाना क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव गंगापुर गए थे. 21 अक्टूबर को दोपहर करीब 3:30 बजे जब वह परिवार के साथ मझौलिया स्थित अपने घर लौटे, तो अंदर के कमरे का ताला टूटा मिला. मेन गेट का ताला खोलकर घर में प्रवेश करने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई.
गोदरेज अलमारी तोड़कर 25 हजार रुपये और जेवरात चोरी
घर के अंदर कमरे में रखी गोदरेज अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था. चोर अलमारी से 25 हजार रुपये नकद, सोने की कान की झुमकी का एक जोड़ा, एक सोने की रिंग और एक मोबाइल फोन ले गए. घर का सामान भी अस्त-व्यस्त मिला.
जेवर-नकदी के बाद नल भी उखाड़ ले गए चोर
चोरी की घटना में चोरों ने घर के वाशरूम और किचन को भी निशाना बनाया. वहां लगे सभी नलों को तोड़कर उखाड़ लिया और अपने साथ ले गए. घर लौटने पर शिक्षक को चोरी की जानकारी हुई, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी.
शिकायत के बाद जांच में जुटी पुलिस
शिक्षक की शिकायत पर सदर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर ली है. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. फिलहाल अज्ञात चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें-



