Bihar Encounter News: पटना के बिहटा इलाके में सोन नदी सिर्फ नावों की आवाजाही का रास्ता नहीं, बल्कि अपराधियों के लिए रंगदारी वसूली का ठिकाना भी बनी हुई थी. पुलिस को जब नदी में नाविकों से जबरन पैसे वसूलने की सूचना मिली तो कार्रवाई की गई. इसी दौरान सामने आया कि इस खेल में टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा अवनीश कुमार भी सक्रिय था. पुलिस कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में अवनीश के पैर में गोली लगी.
घटना रविवार सुबह परेव इलाके में सोन नदी के किनारे हुई. पुलिस के मुताबिक, टीम जैसे ही अपराधियों को पकड़ने पहुंची, उनकी ओर से फायरिंग शुरू कर दी गई. जवाब में पुलिस ने भी गोलियां चलाईं. मुठभेड़ में एक पुलिस अधिकारी भी घायल हुए हैं.
नाविकों से वसूली ने खोला अपराधियों का ठिकाना
पुलिस को पहले सूचना मिली थी कि सोन नदी में कुछ अपराधी नाविकों से रंगदारी मांग रहे हैं. सूचना की पुष्टि के बाद बिहटा पुलिस ने परेव इलाके में अभियान शुरू किया.
पुलिस के पहुंचते ही अपराधियों ने फायरिंग कर दी. इसके बाद नदी के बीच दोनों तरफ से गोलियां चलने लगीं. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अवनीश कुमार के पैर में गोली लगी. उसे पकड़कर इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा गया.
बाढ़ से पहले सुरक्षा इंतजाम मजबूत करेगा प्रशासन, खरीदी जायेंगी लाइफ जैकेट
62 राउंड फायरिंग, पुलिस अधिकारी भी जख्मी
एसएसपी कार्तिकेय शर्मा के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान अपराधियों की तरफ से करीब 40 राउंड और पुलिस की ओर से करीब 22 राउंड फायरिंग की गई. इस तरह कुल करीब 62 राउंड गोलियां चलीं.
गोलीबारी में बिहटा थाना के एसआइ राजू कुमार सिंह भी घायल हो गए. गोली उनकी बांह को छूकर निकल गई. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है. बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार के भी घायल होने की सूचना है, हालांकि उनकी चोट को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी नहीं दी गई है.
एक अपराधी के साथ मिला हथियारों का बड़ा जखीरा
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान सिर्फ एक-दो हथियार नहीं, बल्कि कई तरह के हथियार बरामद होने की बात सामने आई है.
पुलिस के अनुसार मौके से एक देसी राइफल, एक देसी कार्बाइन, दो देसी पिस्टल, एक देसी कट्टा और करीब 25 राउंड गोलियां मिली हैं. इसके अलावा एक नाव भी जब्त की गई है.
हथियारों की बरामदगी ने पुलिस की जांच का दायरा बढ़ा दिया है. अब यह पता लगाया जा रहा है कि नदी में रंगदारी वसूली करने वाला यह गिरोह कितने समय से सक्रिय था और उसके पास इतने हथियार कहां से पहुंचे.
10 दिन में पलटा फैसला, हटाई 2 लाख की लिमिट; फिर मिलेगा 4 लाख का लोन
AK-47 केस से भी जुड़ा है अवनीश का नाम
पुलिस सूत्रों के अनुसार, घायल अवनीश कुमार का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है. उसे टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल बताया जा रहा है. एके-47 से जुड़े मामले में भी उसके फरार होने की बात सामने आई है.
पुलिस के मुताबिक, पिछले साल भी उसके खिलाफ कार्रवाई के दौरान हथियार बरामद किए गए थे. ऐसे में मौजूदा मुठभेड़ को पुलिस उसके पुराने आपराधिक नेटवर्क से जोड़कर भी देख रही है.
अब गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश
अवनीश के घायल होने के बाद पुलिस का अगला फोकस उसके साथ मौजूद अन्य अपराधियों तक पहुंचने पर है. पुलिस यह पता लगा रही है कि फायरिंग के दौरान उसके साथ कितने लोग थे और वे किस रास्ते से फरार हुए.
घटना के बाद सोन नदी और आसपास के इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है. नदी में चलने वाली नावों की भी जांच की जा रही है. पटना पश्चिमी सिटी एसपी संकेत कुमार और डीएसपी अमरेंद्र कुमार ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया.
पुलिस अब रंगदारी वसूली, बरामद हथियारों और अवनीश के पुराने आपराधिक मामलों को जोड़कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल कर रही है.
इसे भी पढ़ें-



