इस खबर में क्या है?
Weather Update : देश के कई हिस्सों में आने वाले दिनों में मौसम का रुख बदलने वाला है. मौसम विभाग के मुताबिक 2 से 7 मई के बीच उत्तर, पूर्व और दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश, तेज हवा और गरज-चमक की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. अलग-अलग क्षेत्रों में अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाओं का असर रहने की संभावना जताई गई है.
उत्तर भारत में कब-कहां बरसेंगे बादल
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में 2 से 7 मई के बीच मौसम में बदलाव रहेगा और बारिश हो सकती है. राजस्थान में 7 मई तक कई इलाकों में वर्षा के आसार हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 6 मई और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 मई के दौरान अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना है. इन राज्यों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने का अनुमान है.
प्रेस रिलीज देखने के लिए यहां क्लिक करें
पूर्वी और मध्य भारत में भी असर
पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अगले 5 दिनों तक 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं बिहार और ओडिशा में 2 से 5 मई के बीच बिजली कड़कने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के साथ बारिश की संभावना है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी अगले पांच दिनों के दौरान कई जगहों पर बारिश हो सकती है, जबकि विदर्भ में 3 से 5 मई के बीच ऐसी गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.
दक्षिण भारत में भी बारिश का दौर
तमिलनाडु, केरल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, तेलंगाना और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 2 से 5 मई के दौरान अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं 2 मई को उत्तरी आंतरिक कर्नाटक और तटीय कर्नाटक में गरज-चमक और बिजली गिरने के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
दिल्ली और राजस्थान में राहत के संकेत
दिल्ली में 2 से 4 मई के बीच आंशिक बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान अधिकतम तापमान 35 से 40 डिग्री और न्यूनतम 24 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है. 3 मई की शाम या रात में हल्की बारिश और गरज-चमक हो सकती है, साथ ही 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी के प्रभाव से कई इलाकों में बारिश और आंधी के आसार हैं, जिससे आने वाले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य के आसपास बना रह सकता है.

झारखंड में मिलाजुला मौसम
झारखंड में 2 से 7 मई के बीच मौसम बदलता रहेगा. आसमान में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है. कुछ क्षेत्रों में 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका भी जताई गई है.

इसे भी पढ़ें-बिहार में मौसम का तांडव, 11 जिलों में बारिश-ओले से हालात बदले; जानिए कब तक बिगड़ा रहेगा मौसम
इसे भी पढ़ें-तैयार हो जाइए बिहार! IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा
इसे भी पढ़ें-दिल्ली का मौसम बदला: तेज हवाओं और बारिश से गर्मी पर ब्रेक, IMD का येलो अलर्ट

