Road Accident: बक्सर जिले में एनएच-922 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया. इस दुर्घटना में एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही जान चली गई. हादसा तब हुआ जब कार में सवार चार लोग बक्सर की तरफ जा रहे थे. जैसे ही उनकी गाड़ी चंदा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भयानक थी कि कार बुरी तरह चकनाचूर हो गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. कार में मौजूद दो पुरुष और दो महिलाओं ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान हुई
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से सभी घायलों को तुरंत सदर अस्पताल, बक्सर पहुंचाया गया. हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद चारों को मृत घोषित कर दिया. मृतकों की पहचान एसएसबी जवान सुजीत कुमार पांडेय, ओमकार पांडेय, गिरजा देवी और मंजू देवी के रूप में हुई है. बताया गया कि सभी लोग स्वर्गीय चितरंजन पांडेय के परिवार से जुड़े थे. मृतकों में दो सगे भाई और दो बहनें शामिल थीं, जिससे परिवार पर एक साथ दुखों का पहाड़ टूट पड़ा.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
खुशी के माहौल में छा गया मातम
परिजनों के मुताबिक घर में 2 फरवरी को तिलक समारोह होना था. उसी की तैयारी को लेकर परिवार के लोग गंगा पूजा और खरीदारी के लिए कार से बक्सर जा रहे थे. लेकिन रास्ते में ही यह भीषण हादसा हो गया और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया.
परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह के वक्त इलाके में घना कोहरा छाया हुआ था. विजिबिलिटी कम होने के बावजूद कई वाहन तेज रफ्तार में चल रहे थे. आशंका जताई जा रही है कि कोहरे की वजह से ट्रक चालक को सामने चल रही कार दिखाई नहीं दी, जिससे यह टक्कर हुई.
पुलिस जांच में जुटी
हादसे की सूचना मिलते ही नया भोजपुर थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया. फिलहाल पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुटी है. मामले की जांच जारी है.
इसे भी पढ़ें-भाभी को फंदे से झूलता देख देवर ने भी की आत्महत्या, इलाके में सनसनी, पुलिस जांच में जुटी
इसे भी पढ़ें-पटना–गया रोड किनारे थाना मालखाना में लगी आग, 50 से ज्यादा वाहन खाक

