इस खबर में क्या है?
Bhagalpur News : भागलपुर नगर निगम क्षेत्र में सड़कों और गलियों की रोशनी सुधारने के लिए प्रस्तावित स्ट्रीट लाइट योजना एक बार फिर रुक गयी है. 5068 लाइटों की खरीद के लिए जारी टेंडर को प्रशासनिक कारणों का हवाला देते हुए रद्द कर दिया गया है. इससे शहर में बेहतर प्रकाश व्यवस्था की उम्मीदों को झटका लगा है. करीब तीन सप्ताह पहले इस योजना के लिए निविदा निकाली गयी थी और 30 अप्रैल को तकनीकी बिड खोलने की तिथि तय थी, लेकिन तय कार्यक्रम के अनुसार प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
तीन दिन तक टलती रही प्रक्रिया
30 अप्रैल को संबंधित शाखा के अधिकारी अन्य प्रशासनिक कार्रवाई में व्यस्त रहे, जिसके कारण तकनीकी बिड नहीं खोली जा सकी. उसी दिन विभिन्न विभागों का अमला भी अन्य कार्य में लगा रहा, जिससे प्रक्रिया प्रभावित हुई. इसके बाद 1 मई को अवकाश होने के कारण कार्य आगे नहीं बढ़ पाया, जबकि 2 मई को टाउन हॉल में आयोजित कार्यक्रम के चलते भी बिड खोलने की प्रक्रिया स्थगित रही.
घोषणा के बाद भी नहीं खुली बिड
लगातार देरी के बाद अधिकारियों की ओर से सोमवार को तकनीकी बिड खोलने की बात कही गयी थी, लेकिन तय दिन पर भी प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. इसके बाद अचानक टेंडर रद्द करने का निर्णय ले लिया गया, जिससे योजना फिर अधर में लटक गयी.
फिर से होगी निविदा प्रक्रिया
रोशनी शाखा के अनुसार अब इस योजना के लिए दोबारा निविदा जारी की जायेगी. हालांकि, नई प्रक्रिया कब शुरू होगी, इस पर स्पष्ट समयसीमा सामने नहीं आयी है. इससे शहर में स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने की पहल में और देरी होने की संभावना है.
रोशनी व्यवस्था पर असर
इस योजना के अटकने से शहर के कई हिस्सों में रोशनी की समस्या बनी रहने की आशंका है. लोगों को उम्मीद थी कि नई लाइट लगने से सड़कों और गलियों में प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी, लेकिन फिलहाल यह योजना फिर से प्रारंभिक चरण में लौट गयी है.
इसे भी पढ़ें-1156.94 करोड़ की परियोजनाएं अटकीं, फंड और ठेका अड़चन से विकास की रफ्तार धीमी
इसे भी पढ़ें-सुलतानगंज में गंगा स्नान के दौरान 2 किशोर लापता
इसे भी पढ़ें-बारिश ने बढ़ाई परेशानी: कूड़ा और जलजमाव से शहर की हालत बिगड़ी
इसे भी पढ़ें-भागलपुर स्थापना दिवस की शुरुआत, बोले डीएम-अंग संस्कृति की पहचान है भागलपुर

