26.1 C
Delhi
15 February 2026, Sunday
Home Blog Page 27

Bhagalpur News : भागलपुर के GI टैग उत्पादों को नई पहचान दिलाने की तैयारी, प्रमोशन और एक्सपोर्ट पर जोर

GI-tagged products
GI टैग्ड उत्पादों को नई पहचान दिलाने की तैयारी.

Bhagalpur News : भागलपुर के GI टैग प्राप्त उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है. इसी कड़ी में मंगलवार को समीक्षा भवन में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कतरनी चावल, जर्दालू आम, तसर सिल्क और मंजूषा पेंटिंग के विकास और प्रचार-प्रसार पर विस्तृत चर्चा हुई.

किसानों, बुनकरों और कलाकारों के साथ हुआ विचार-विमर्श

बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारियों के अलावा किसान, बुनकर, व्यापारी और मंजूषा कलाकार शामिल हुए. सभी हितधारकों से GI टैग्ड उत्पादों के उत्पादन, गुणवत्ता, विपणन और ब्रांडिंग को लेकर सुझाव लिए गए और कई महत्वपूर्ण निर्णय भी किए गए.

इसे भी पढ़ें-शिवनारायणपुर स्टेशन पर साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस का मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

GI टैग को बताया जिले के लिए बड़ी उपलब्धि

बैठक के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा कि भागलपुर जिले के लिए यह गर्व की बात है कि कतरनी चावल, जर्दालू आम, तसर सिल्क और मंजूषा पेंटिंग को GI टैग मिला है. उन्होंने कहा कि अब चुनौती इन उत्पादों के उत्पादन को बढ़ाने, बेहतर पैकेजिंग और प्रोसेसिंग के जरिए उत्पादकों को अधिक लाभ दिलाने की है.

जिला और राज्य स्तर पर समाधान की रणनीति

जिलाधिकारी ने बताया कि बैठक के दौरान सामने आए बिंदुओं को गंभीरता से नोट किया गया है. जिन समस्याओं का समाधान जिला स्तर पर संभव है, उन्हें स्थानीय स्तर पर ही हल किया जाएगा, जबकि राज्य स्तर से जुड़े विषयों के लिए प्रस्ताव भेजकर नियमित फॉलोअप किया जाएगा.

कतरनी चावल और सिल्क पर रहेगा विशेष फोकस

उन्होंने कहा कि फिलहाल जिला प्रशासन ने दो उत्पादों—कतरनी चावल और तसर सिल्क—को प्राथमिकता में रखा है. इन दोनों के प्रमोशन और एक्सपोर्ट की संभावनाओं पर विशेष रूप से काम किया जा रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे.

गुणवत्ता, पैकेजिंग और मार्केटिंग पर काम

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सबसे पहले उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार किया जाएगा. इसके बाद आधुनिक पैकेजिंग और प्रोसेसिंग पर ध्यान दिया जाएगा और फिर इन्हें बाजार से जोड़ा जाएगा, ताकि किसानों, बुनकरों और कलाकारों को सीधा लाभ मिल सके.

‘मेड इन भागलपुर’ से बनेगी अलग पहचान

उन्होंने बताया कि इन GI टैग्ड उत्पादों की ब्रांडिंग “मेड इन भागलपुर” नाम से की जाएगी. इससे न केवल स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलेगी, बल्कि भागलपुर जिले को भी एक विशिष्ट ब्रांड के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी.

जिला प्रशासन का मानना है कि इस पहल से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पारंपरिक उत्पादों से जुड़े लोगों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि होगी.

इसे भी पढ़ें-बिहार के इस शहर को मिलेगा हाई-टेक बस स्टैंड, सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी लगी मुहर

इसे भी पढ़ें-सिपेट भागलपुर में बने कांवड़ियों के जलपात्र, DM नवल किशोर चौधरी का सुझाव

Eastern Railway : ईस्टर्न रेलवे की रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्री सुविधाओं पर अहम निर्णय, सांसदों संग बनी सहमति

Eastern Railway
ईस्टर्न रेलवे की रेल इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्री सुविधाओं पर अहम निर्णय.

Eastern Railway : ईस्टर्न रेलवे ने आज आसनसोल में आसनसोल और मालदा डिवीजनों से जुड़े सांसदों के साथ एक उच्चस्तरीय डिवीजनल कमेटी की बैठक आयोजित की. बैठक ईस्टर्न रेलवे के महाप्रबंधक मिलिंद देवस्कर की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुई. इसका उद्देश्य दोनों डिवीजनों में चल रही विकास परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा करना था.

पिछले एक वर्ष के कार्यों की विस्तृत प्रस्तुति

बैठक के दौरान आसनसोल और मालदा डिवीजनों द्वारा पिछले एक साल में किए गए इंफ्रास्ट्रक्चर उन्नयन, परिचालन सुधार और यात्री-केंद्रित पहलों पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दिया गया. इन प्रयासों में स्टेशनों का पुनर्विकास, लिफ्ट व एस्केलेटर की बड़े पैमाने पर स्थापना और यात्री सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार शामिल रहे.

बैठक की अध्यक्षता कर रहे माननीय सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने इन पहलों की विशेष रूप से सराहना की और यात्रियों के लिए सुविधाजनक वातावरण तैयार करने की दिशा में रेलवे के प्रयासों को सराहा.

इसे भी पढ़ें-वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के टिकटों की जबरदस्त मांग, यात्रियों की बनी पहली पसंद

वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों की मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण बैठक में ईस्टर्न रेलवे के प्रमुख विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे. इनमें CAO (कंस्ट्रक्शन), PCE, PCCM, PCOM, CAO (कंस्ट्रक्शन–RSP), PCEE, PCSTE, PCME और IG-cum-PCSC सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे. इसके अलावा आसनसोल और मालदा डिवीजनों के डिवीजनल रेलवे मैनेजर तथा ईस्टर्न रेलवे के DGM (G) भी बैठक में मौजूद रहे.

सांसदों और प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी

बैठक में आसनसोल से शत्रुघ्न सिन्हा, बांका से गिरिधारी यादव, दुमका से नलिन सोरेन, भागलपुर से अजय कुमार मंडल और राज्यसभा सांसद डॉ. सरफराज अहमद ने भाग लिया. इसके अलावा जमुई, दुर्गापुर, धनबाद, गिरिडीह, बीरभूम, मालदा, उत्तर मालदा, कोडरमा, गोड्डा और जंगीपुर लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे.

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बड़े बदलाव

आसनसोल और मालदा डिवीजनों के डीआरएम ने सदस्यों को अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी. इसके तहत प्रमुख स्टेशनों पर आधुनिक कॉनकोर्स, बेहतर वेटिंग हॉल, उन्नत सर्कुलेटिंग एरिया और दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाओं के साथ पुनर्विकास किया जा रहा है.

लिफ्ट और एस्केलेटर से बेहतर हुई पहुंच

दोनों डिवीजनों के प्रमुख स्टेशनों पर लिफ्ट और एस्केलेटर की व्यापक स्थापना से वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को बड़ी राहत मिली है. इस पहल को बैठक के चेयरपर्सन द्वारा विशेष रूप से सराहा गया.

नई ट्रेन सेवाएं और ऐतिहासिक उपलब्धियां

बैठक में नई ट्रेन सेवाओं की शुरुआत और विस्तार पर भी चर्चा हुई. इसमें अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन और कई लंबी दूरी की ट्रेनों को एलएचबी रेक में परिवर्तित करने की जानकारी दी गई.
एक ऐतिहासिक उपलब्धि के रूप में यह बताया गया कि भारत की पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन, जो मालदा डिवीजन से होकर गुजरती है, तथा अमृत भारत एक्सप्रेस सेवाओं का उद्घाटन माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया.

तकनीकी उन्नयन और सुरक्षा पर फोकस

अन्य प्रमुख पहलों में इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम का संचालन, यार्ड रीमॉडलिंग, 130 किमी प्रति घंटे की गति के लिए सेफ्टी फेंसिंग, सिग्नलिंग और टेलीकॉम नेटवर्क को मजबूत करना शामिल रहा.
इसके साथ ही यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए कोच और ट्रेन इंडिकेशन बोर्ड, सीसीटीवी निगरानी, मशीनीकृत सफाई, मुफ्त वाई-फाई, बेबी फीडिंग रूम, वॉटर वेंडिंग मशीन, ‘वन स्टेशन वन प्रोडक्ट’ स्टॉल और पीएमबीजेके सुविधाओं की जानकारी दी गई.

अतिरिक्त ठहराव और स्पेशल ट्रेनों का संचालन

बैठक में बताया गया कि बीते वर्ष दोनों डिवीजनों में बड़ी संख्या में नए ट्रेन स्टॉपेज दिए गए, जिससे लंबे समय से चली आ रही जन मांगों को पूरा किया गया. सांसदों और उनके प्रतिनिधियों ने कुछ और स्टेशनों पर अतिरिक्त ठहराव के सुझाव भी दिए, जिन पर आगे जांच का आश्वासन दिया गया.

इसके अलावा श्रावणी मेला, गर्मी और त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का सफल संचालन किया गया, जिससे बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के तीर्थयात्रियों, प्रवासी श्रमिकों और लंबी दूरी के यात्रियों को काफी सुविधा मिली.

सांसदों की सराहना और रेलवे का आश्वासन

सांसदों ने विकास कार्यों की गति पर संतोष व्यक्त करते हुए पूर्वी रेलवे के सक्रिय दृष्टिकोण की सराहना की. बेहतर कनेक्टिविटी, अतिरिक्त स्टॉपेज, नई सेवाएं, रेक परिवर्तन, रोड ओवर ब्रिज निर्माण और यात्री सुविधाओं में और सुधार को लेकर सुझाव दिए गए.

महाप्रबंधक मिलिंद देवस्कर ने सभी सुझावों को गंभीरता से लेने और तकनीकी व आर्थिक दृष्टिकोण से उनकी जांच कर रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत करने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि ईस्टर्न रेलवे सुरक्षा, यात्री सुविधा और समावेशी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.

इसे भी पढ़ें-शिवनारायणपुर स्टेशन पर साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस का मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

Howrah-Kamakhya Vande Bharat : वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस के टिकटों की जबरदस्त मांग, यात्रियों की बनी पहली पसंद

Howrah-Kamakhya Vande Bharat
Howrah-Kamakhya Vande Bharat.

Howrah-Kamakhya Vande Bharat : हावड़ा और कामाख्या के बीच शुरू की गई वंदे भारत स्लीपर एक्सप्रेस यात्रियों की पहली पसंद बनती जा रही है. माननीय प्रधानमंत्री द्वारा 17 जनवरी 2026 को शुरू की गई इस ट्रेन की नियमित व्यावसायिक सेवा हावड़ा से 23 जनवरी और कामाख्या से 22 जनवरी 2026 से आरंभ हो रही है.

टिकट बुकिंग में रिकॉर्ड उत्साह

रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 27575/27576 हावड़ा–कामाख्या–हावड़ा वंदे भारत स्लीपर सप्ताह में छह दिन चलेगी. 27575 हावड़ा–कामाख्या ट्रेन की बुकिंग 20 जनवरी 2026 से शुरू हुई और कुछ ही घंटों में 26 जनवरी तक की लगभग सभी बर्थ भर गईं. यह इस रूट पर बढ़ती यात्रा मांग और पर्यटन संभावनाओं को दर्शाता है.

आगामी वीकेंड और राष्ट्रीय अवकाशों को देखते हुए बड़ी संख्या में यात्री दक्षिण बंगाल से उत्तर बंगाल और असम के पर्यटन स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं.

आराम, रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं का संगम

इस वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 823 बर्थ उपलब्ध हैं, जिनमें 24 फर्स्ट एसी, 188 सेकेंड एसी और 611 थर्ड एसी बर्थ शामिल हैं. 23 और 24 जनवरी 2026 के लिए ऑक्यूपेंसी लगभग 100 प्रतिशत दर्ज की गई है.

बेहतर कुशनिंग, आरामदायक स्लीपर बर्थ और तेज गति के कारण यह ट्रेन कम समय में गंतव्य तक पहुंचाती है. रेलवे अधिकारियों का मानना है कि यह सेवा हवाई यात्रा का एक मजबूत विकल्प बनकर उभर रही है और भविष्य में लंबी दूरी के यात्रियों के लिए सबसे पसंदीदा साधन साबित होगी.

इसे भी पढ़ें-शिवनारायणपुर स्टेशन पर साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस का मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

इसे भी पढ़ें-बिहार के इस शहर को मिलेगा हाई-टेक बस स्टैंड, सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी लगी मुहर

Bhagalpur Rail : शिवनारायणपुर स्टेशन पर साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस का मिलेगा अतिरिक्त ठहराव

Sahibganj-Danapur
साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस का होगा अब अतिरिक्त ठहराव.

Bhagalpur Rail News : रेल यात्रियों के लिए एक राहतभरी खबर है. रेलवे प्रशासन ने प्रायोगिक आधार पर शिवनारायणपुर स्टेशन पर साहिबगंज–दानापुर–साहिबगंज एक्सप्रेस के अतिरिक्त ठहराव को मंजूरी दे दी है. यह व्यवस्था यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लागू की जा रही है.

रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 13235 साहिबगंज–दानापुर एक्सप्रेस 21 जनवरी 2026 से अपनी यात्रा के दौरान शिवनारायणपुर स्टेशन पर शाम 3 बजकर 46 मिनट पर पहुंचेगी और एक मिनट के ठहराव के बाद 3 बजकर 47 मिनट पर आगे के लिए रवाना होगी.

वहीं, ट्रेन संख्या 13236 दानापुर–साहिबगंज एक्सप्रेस 22 जनवरी 2026 से शिवनारायणपुर स्टेशन पर दोपहर 12 बजकर 33 मिनट पर पहुंचेगी और 12 बजकर 34 मिनट पर प्रस्थान करेगी.

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि यह ठहराव फिलहाल प्रयोग के तौर पर दिया गया है. यात्रियों की प्रतिक्रिया और उपयोगिता के आधार पर आगे इसे लेकर निर्णय लिया जाएगा.

इसे भी पढ़ें-बिहार के इस शहर को मिलेगा हाई-टेक बस स्टैंड, सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी लगी मुहर

इसे भी पढ़ें-सिपेट भागलपुर में बने कांवड़ियों के जलपात्र, DM नवल किशोर चौधरी का सुझाव

Muzaffarpur News : मुजफ्फरपुर में होटल उद्घाटन के दौरान रंगदारी का प्रयास, 1 आरोपी गिरफ्तार

Muzaffarpur News
मुजफ्फरपुर में होटल उद्घाटन के दौरान रंगदारी का प्रयास.

Muzaffarpur News : मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामदयालु रोड स्थित एक होटल में उस समय अफरातफरी मच गई, जब नशे की हालत में पहुंचे कुछ युवकों ने होटल संचालक से रंगदारी की मांग की. आरोपियों ने हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम होटल के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान करीब पांच युवक वहां पहुंचे. देर रात उन्होंने होटल संचालक अभिषेक कुमार से एक लाख रुपये की मांग की और रकम नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी. इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से होटल संचालक और मकान मालिक विशाल सिंह को लगातार धमकी भरे कॉल किए गए.

पीड़ित की शिकायत पर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई, जिसमें रिक्की और विश्वजीत कुमार को नामजद आरोपी बनाया गया. दोनों भीखनपुरा इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं. घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रिक्की को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से लोहे का अर्धनिर्मित कट्टा भी बरामद किया गया है.

थानाध्यक्ष अस्मित कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. वहीं फरार आरोपी विश्वजीत कुमार की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

इसे भी पढ़ें-मुजफ्फरपुर का पताही एयरपोर्ट नये साल में होगा चालू; उत्तर बिहार के यात्रियों के लिए राहत

Bihar News : बिहार के इस शहर को मिलेगा हाई-टेक बस स्टैंड, सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी लगी मुहर

Standing Committee
भागलपुर नगर निगम में स्थायी समिति की बैठक.

Bihar News : बिहार के भागलपुर नगर निगम के महापौर कार्यालय वेश्म में शुक्रवार को सशक्त स्थायी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता माननीया महापौर डॉ. बसुन्धरा लाल ने की. इसमें आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों, शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और नागरिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े कई प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई.

गणतंत्र दिवस को लेकर निर्णय

बैठक में निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्व की भांति निर्धारित स्थलों पर समिति सदस्यों द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा. साथ ही समारोह के प्रचार-प्रसार के लिए प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का सहयोग लिया जाएगा.

सौंदर्यीकरण और स्वच्छता पर जोर

शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से अवैध होर्डिंग्स और दीवारों पर चिपकाए गए पंपलेट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का प्रस्ताव पारित किया गया. इसके अलावा वार्ड संख्या 36/37 के सुंदर लाल लेन में वेंडिंग जोन के निर्माण को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया.

विकास कार्यों को मिली गति

बैठक में वार्ड संख्या 10, 34, 44 और 51 सहित कई इलाकों में सड़कों और आरसीसी नालों के निर्माण की स्वीकृति पर चर्चा की गई. वहीं शहर के विभिन्न स्थानों पर नई स्ट्रीट लाइट लगाने और खराब उपकरणों की मरम्मत के लिए स्थानीय बाजार से सेवाएं लेने पर सहमति बनी.

नगर निगम संसाधनों की होगी खरीद

स्वास्थ्य और जलकल शाखा को सशक्त बनाने के लिए ट्रैक्टर, हाइड्रोलिक ट्रैक्टर, ट्रेलर, डस्टबिन, मोबाइल टॉयलेट, मोटर पंप और पैनल स्टार्टर सहित विभिन्न उपकरणों की खरीद के प्रस्ताव रखे गए.

आईटी और जन सुविधा पर फोकस

सभी वार्ड प्रभारियों और कार्यालय कर्मियों को सीयूजी सिम और मोबाइल फोन उपलब्ध कराने तथा निगम की विभिन्न शाखाओं के लिए नया डेटा सॉफ्टवेयर विकसित करने पर भी विचार किया गया.

बैठक के अंत में महापौर डॉ. बसुन्धरा लाल ने शहर के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. बैठक में पार्षद संजय कुमार सिन्हा, डॉ. प्रीति शेखर, दीपिका कुमारी, निकेश कुमार, अरसादी बेगम, रंजीत कुमार, उप नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, निगम के अभियंता, शाखा प्रभारी और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे.

भागलपुर को मिलेगा अत्याधुनिक बस स्टैंड, महापौर ने जिलाधिकारी से की अहम चर्चा

Bihar News : बिहार के इस शहर को मिलेगा हाई-टेक बस स्टैंड, सौंदर्यीकरण और इंफ्रास्ट्रक्चर पर भी लगी मुहर Bhagalpur DM 13
भागलपुर जिलाधिकारी से मेयर ने की मुलाकात.

इसी क्रम में महापौर डॉ. बसुन्धरा लाल ने भागलपुर के जिलाधिकारी से उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान शहर के विकास और आधारभूत ढांचे को मजबूत करने से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई.

महापौर ने रिक्शाडीह क्षेत्र में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त अत्याधुनिक बस स्टैंड के निर्माण का प्रस्ताव रखा. उन्होंने बताया कि इससे यातायात व्यवस्था बेहतर होगी और शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी.

बैठक में मुख्यमंत्री समग्र शहरी विकास योजना के अंतर्गत लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने, जल निकासी व्यवस्था, सड़कों के सुदृढ़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भी सकारात्मक चर्चा हुई.

महापौर ने कहा कि भागलपुर को एक स्मार्ट और सुव्यवस्थित शहर बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है. वहीं जिलाधिकारी ने सभी प्रस्तावों पर गंभीरता से विचार करने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया.

इसे भी पढ़ें-Purnia News : पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर किया चोट, 250 ग्राम स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

इसे भी पढ़ें-किस-किस के बीच हुई थी अहम चैट?; पर्सनल डायरी से सामने आया दर्द और रहस्य, जानें डिटेल्स

इसे भी पढ़ें- बरारी थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव

Purnia News : पुलिस ने नशे के कारोबारियों पर किया चोट, 250 ग्राम स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

Purnia News
250 ग्राम स्मैक के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार.

Purnea News : पूर्णिया पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 ग्राम स्मैक के साथ चार तस्करों को गिरफ्तार किया है. जब्त की गई स्मैक की अनुमानित कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है.

विशेष छापेमारी दल ने यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की. मौके से एक बाइक भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल स्मैक की तस्करी में किया जा रहा था.

मंगलवार को एसपी स्वीटी सहरावत ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने स्मैक की खरीद-बिक्री में शामिल होने की बात स्वीकार की है.

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं और स्मैक की सप्लाई कहां से की जा रही थी. मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

मोबाइल झपटमारी करते युवक को पुलिस ने दबोचा, 2 फोन और बाइक जब्त

मरंगा थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनकर बाइक से फरार हो रहे एक युवक को पुलिस ने मौके पर ही पकड़ लिया. आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी झपटमारी की गई थी.

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली. पकड़े गए युवक की पहचान तौकीर अहमद के रूप में हुई है, जो मरंगा थाना क्षेत्र के मिल्की गांव का निवासी है.

इस संबंध में थानाध्यक्ष कौशल कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और मामले की जांच जारी है.

इसे भी पढ़ें-किस-किस के बीच हुई थी अहम चैट?; पर्सनल डायरी से सामने आया दर्द और रहस्य, जानें डिटेल्स

इसे भी पढ़ें- बरारी थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव

Patna hostel incident : किस-किस के बीच हुई थी अहम चैट?; पर्सनल डायरी से सामने आया दर्द और रहस्य, जानें डिटेल्स

Patna hostel incident
पर्सनल डायरी से सामने आया दर्द और रहस्य(फाइल फोटो).

Patna hostel incident : जहानाबाद की उस नीट छात्रा की मौत के मामले में जांच को एक महत्वपूर्ण मोड़ मिल गया है. एसआईटी को अब छात्रा की व्यक्तिगत डायरी मिल गई है, जिसमें उसने अपने जीवन के कई पहलुओं को विस्तार से दर्ज किया था. सूत्रों के अनुसार, डायरी में छात्रा ने पटना आने के बाद अपने जीवन में आए बदलाव, मानसिक तनाव और पारिवारिक रिश्तों का ब्यौरा लिखा था.

डायरी के कई पन्ने यह संकेत भी देते हैं कि छात्रा किसी गंभीर मानसिक सदमे से गुजर रही थी. यह सदमा अचानक नहीं आया बल्कि धीरे-धीरे बढ़ता गया. डायरी मिलने के बाद अब उम्मीद जताई जा रही है कि मामले में जल्द ही कोई बड़ा खुलासा हो सकता है. इसके साथ ही छात्रा के फोन कॉल और चैट पैटर्न की भी पूरी जांच चल रही है.

इसे भी पढ़ें-नीतीश कुमार के लिए पूरा बिहार अपना परिवार, 2-3 दिन में सामने आएगी सच्चाई, बोले अशोक चौधरी

अंतिम कॉल का खुलासा

पुलिस को यह जानकारी मिली है कि छात्रा ने अपनी आखिरी कॉल रात करीब 9 बजे अपनी मां को की थी. इसके बाद उसका फोन स्लीप मोड में चला गया और कोई भी गतिविधि रिकॉर्ड नहीं हुई. जांच टीम यह पता लगाने में लगी है कि फोन स्वाभाविक रूप से स्लीप मोड में गया या किसी ने इसे ऐसा किया.

एम्स की रिपोर्ट का इंतजार

एसआईटी दिल्ली एम्स की मेडिकल रिपोर्ट और डीएनए जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है. रिपोर्ट आने के बाद मामले के कई रहस्य उजागर होने की संभावना है. पुलिस का कहना है कि इसके बाद कई पहलू स्पष्ट हो जाएंगे.

चैट से मिला अहम सुराग

जांच टीम ने छात्रा के केस से जुड़े एक व्यक्ति और दो डॉक्टरों के बीच की चैट भी बरामद की है. इस चैट में 6 से 9 जनवरी तक के संवाद शामिल हैं, जिसमें किसी को पुलिस को जानकारी देने से रोकने और मामला सीमित रखने की बात कही गई थी. इस पर टीम ने सोमवार को संबंधित सीनियर डॉक्टर से लंबी पूछताछ की.

साइंटिफिक जांच जारी

सीआईडी के एडीजी पारसनाथ ने बताया कि एफएसएल टीम ने घटनास्थल पर जाकर सभी जरूरी सैंपल जुटा लिए हैं. उन्होंने कहा कि मामले की वैज्ञानिक जांच जारी है और सात दिनों के भीतर रिपोर्ट तैयार कर दी जाएगी.

एडीजी ने यह स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया अभी चल रही है, इसलिए कोई निष्कर्ष सार्वजनिक नहीं किया जा सकता. फॉरेंसिक टीम मामले के हर पहलू का गहन विश्लेषण कर रही है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.

इसे भी पढ़ें-औरंगाबाद में BAO के घर लाखों की चोरी, चोरों ने दरवाजा काटकर की वारदात

इसे भी पढ़ें-दिल्ली–पटना तेजस राजधानी को बम से उड़ाने की धमकी, इंवेस्टिगेशन एजेंसियां अलर्ट, कई स्टेशनों पर जांच

Bhagalpur News : बरारी थाना क्षेत्र में महिला की संदिग्ध मौत, घर में फंदे से लटका मिला शव

मौत
सांकेतिक तस्वीर.

Bhagalpur News : भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र से एक महिला की संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. महिला का शव उसके ही घर में फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है.

मृतका के परिजनों के अनुसार, महिला ने रोज़ की तरह सुबह अपने दो बेटों और एक बेटी को स्कूल भेजा था. इसके बाद वह काफी देर तक बाहर नहीं निकली. जब परिजनों ने जाकर देखा तो वह कमरे में फंदे से झूलती हुई पाई गई.

मृतका के पति का नाम इम्तियाजुल बताया गया है, जो सऊदी अरब में रहकर काम करते हैं. मृतका की सास जोहरा बेगम ने बताया कि उनके बेटे की शादी वर्ष 2013 में हुई थी और वह करीब 9 महीने पहले भागलपुर आया था, इसके बाद से लगातार सऊदी अरब में काम कर रहा है. उन्होंने कहा कि घटना के दिन सुबह महिला बिल्कुल सामान्य थी और बच्चों को स्कूल भेजने के बाद भी किसी तरह की परेशानी नजर नहीं आई.

परिवार के अन्य सदस्यों में ससुर समसूल, भैसूर हसनौन उर्फ नेपाली है. हालांकि, घटना के बाद परिजन किसी भी अंदरूनी कारण को लेकर खुलकर कुछ कहने से बचते नजर आए, जिससे मामला और भी रहस्यमय हो गया है.
घटना की सूचना मिलते ही बरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा.

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि जब सब कुछ सामान्य लग रहा था, तो महिला ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया. यह मामला अब पूरी तरह पुलिस जांच का विषय बना हुआ है.

इसे भी पढ़ें: सिपेट भागलपुर में बने कांवड़ियों के जलपात्र, DM नवल किशोर चौधरी का सुझाव

Bhagalpur News : सिपेट भागलपुर में बने कांवड़ियों के जलपात्र, DM नवल किशोर चौधरी का सुझाव

Bhagalpur
सिपेट भागलपुर का पहला स्थापना दिवस धूमधाम से मना.

Bhagalpur News : केंद्रीय पेट्रोरसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), भागलपुर ने अपना प्रथम स्थापना दिवस ‘संकल्प-2026’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया. कार्यक्रम का आयोजन संस्थान परिसर में किया गया, जिसमें प्रशासनिक अधिकारियों, संस्थान के पदाधिकारियों और प्रशिक्षुओं की सक्रिय भागीदारी रही.

दीप प्रज्वलन से हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने दीप प्रज्वलन कर की. इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, सिपेट भागलपुर के संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख अभित लकड़ा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलन में सहभागिता की. अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ और चादर भेंट कर किया गया.

संस्थान की उपलब्धियों और योजनाओं पर प्रकाश

संयुक्त निदेशक एवं प्रमुख अभित लकड़ा तथा सिपेट मुख्यालय से आए अधिकारी राम नाथ तिवारी ने अपने संबोधन में सिपेट भागलपुर के उद्देश्यों, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कौशल एवं तकनीकी सहायता केंद्र (CSTS) और प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन केंद्र (PWMC) की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की.

तकनीकी शिक्षा और रीसाइक्लिंग पर जोर

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए तकनीकी शिक्षा के महत्व और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने सिपेट और उद्योग विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से कांवड़ियों के लिए जलपात्र का निर्माण सिपेट भागलपुर में कराने का सुझाव भी दिया.

प्रशिक्षुओं को मिले प्रमाण पत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षुओं को प्रमाण पत्र वितरित किए गए. साथ ही सिपेट के प्रशिक्षुओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह को और आकर्षक बना दिया, जिसे उपस्थित अतिथियों और कर्मचारियों ने सराहा.

धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में सिपेट मुख्यालय के अधिकारी राम नाथ तिवारी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया. आयोजन को सफल बनाने में संस्थान के अधिकारियों, कर्मियों और प्रशिक्षुओं का अहम योगदान रहा.

इसे भी पढ़ें-पीरपैंती में हत्या की साजिश नाकाम, पुलिस ने हथियार के साथ 2 आरोपियों को दबोचा

Patna
haze
25 ° C
25 °
25 °
50 %
4.1kmh
40 %
Sun
27 °
Mon
28 °
Tue
30 °
Wed
31 °
Thu
33 °

जरूर पढ़ें