Patna News : पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह अपराधियों ने बेखौफ अंदाज में चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया. पारस अस्पताल के पीछे समनपुरा इलाके में बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक दंपती को निशाना बनाते हुए सोने की चेन छीन ली. घटना करीब 11 बजे की बतायी जा रही है. पीड़ित दामोदरन केपी, जो समनपुरा स्थित अलय फातिमा हाई कॉलेज ऑफ नर्सिंग एंड टेक्नोलॉजी में प्रोफेसर कम प्रिंसिपल हैं, अपनी पत्नी के साथ कॉलेज जा रहे थे. दोनों मूल रूप से तमिलनाडु के रहने वाले हैं और यहीं रहते हैं.
कॉलेज के पास रोके, विरोध करने पर पिस्टल दिखाकर लूटी चेन
दंपती कॉलेज गेट से कुछ दूरी पर रुके ही थे कि पीछे से एक बाइक पर सवार तीन युवक पहुंचे. दो ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि एक ने गमछे से चेहरा ढका हुआ था. एक बदमाश नीचे उतरकर महिला के गले से चेन छीनने लगा, लेकिन उन्होंने विरोध करते हुए चेन पकड़ ली. इस दौरान दामोदरन ने भी बदमाश का सामना किया, जिससे अफरा-तफरी में बाइक गिर गयी और महिला का पैर उसमें फंस गया.
तभी एक आरोपी ने पिस्टल निकालकर दंपती को धमकाया. दबाव में आने के बाद बदमाशों ने जबरन चेन छीन ली और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गये. आसपास मौजूद लोग भी खड़े रहे, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
CCTV से मिली सुराग, एक आरोपी की पहचान के करीब पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले. जांच में एक आरोपी की तस्वीर साफ मिली है, क्योंकि वारदात के दौरान उसका चेहरा आंशिक रूप से खुल गया था. बाइक के नंबर के आधार पर भी बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है. सचिवालय डीएसपी-2 साकेत कुमार ने बताया कि तीन अपराधियों द्वारा चेन स्नैचिंग की पुष्टि हुई है और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
शहर में बढ़ी चेन स्नैचिंग की घटनाएं, पुलिस के लिए चुनौती
अप्रैल महीने में पटना के कई इलाकों जैसे राजीव नगर, शास्त्रीनगर, दीघा, पत्रकार नगर, कदमकुआं, गांधी मैदान और एयरपोर्ट क्षेत्र में एक दर्जन से अधिक चेन स्नैचिंग की घटनाएं सामने आ चुकी हैं. कई मामलों में सीसीटीवी फुटेज और आरोपियों की तस्वीरें भी मिलीं, लेकिन अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है. सिटी एसपी मध्य दीक्षा ने इन घटनाओं की समीक्षा कर जांच भी की, इसके बावजूद बदमाशों तक पुलिस नहीं पहुंच पाई है.
पटना में बढ़ती चेन स्नैचिंग की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं जहां दिनदहाड़े हथियार के बल पर वारदातें हो रही हैं. समनपुरा की घटना में दंपती से लूट और अपराधियों का बेखौफ अंदाज शहर में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति को उजागर करता है. लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है.
इसे भी पढ़ें-तेजप्रताप यादव का तंज: कंगना के चक्कर में चिराग, सियासत में भूचाल, कंगना पहले दे चुकी हैं बयान
इसे भी पढ़ें-बिहार में 37 अफसरों को बड़ी जिम्मेदारी, पंचायत-पंचायत पहुंचेगा प्रशासन, 3 महीने तक चलेंगे स्पेशल कैंप

