Muzaffarpur News :सकरा प्रखंड के मड़वन गांव के रहने वाले 40 वर्षीय मजदूर सुरेंद्र ठाकुर की सोमवार को आंध्र प्रदेश में काम के दौरान मौत हो गई. पहाड़ तोड़ने के दौरान हुए हादसे में वह मलबे की चपेट में आ गए. घटना की सूचना पुलिस के जरिए जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई.
ब्लास्टिंग के दौरान हुआ हादसा
बताया गया कि सुरेंद्र ठाकुर पिछले करीब दस वर्षों से आंध्र प्रदेश में पत्थर तोड़ने का काम कर रहे थे. सोमवार को भी वह पहाड़ पर ब्लास्टिंग के लिए गए थे. इसी दौरान विस्फोट के बाद गिरे पत्थरों के नीचे दबने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
शव लाने के लिए रवाना हुए परिजन
घटना की जानकारी बरियारपुर थाना के माध्यम से परिजनों तक पहुंचाई गई. खबर मिलते ही घर में कोहराम मच गया. परिजन मृतक का शव लाने के लिए आंध्र प्रदेश के लिए रवाना हो गए हैं.
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
सुरेंद्र ठाकुर अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं, जो गांव में ही रहते हैं. अचानक हुई इस घटना से परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है.
जनप्रतिनिधि ने जताई संवेदना
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय मुखिया अवधेश प्रसाद सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया.
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में ROB के ड्राइंग को रेलवे की मंजूरी, 2027 तक जाम से राहत की उम्मीद

