इस खबर में क्या है?
Bhagalpur News : तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय में लंबे इंतजार के बाद पीएचडी एडमिशन की प्रक्रिया फिर से पटरी पर लौटती दिख रही है. करीब दो साल के अंतराल के बाद पैट परीक्षा 2024 आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी गई है. अब विश्वविद्यालय स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो चुका है और आवेदन प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना जताई जा रही है. इससे शोध में रुचि रखने वाले छात्रों को बड़ी राहत मिलने वाली है.
फाइलों में अटकी प्रक्रिया अब आई आगे
बीते दो वर्षों में पीजी विभागों से रिक्त सीटों का डेटा जुटाने और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी करने में काफी समय लग गया. विभागों के बीच पत्राचार और फाइल मूवमेंट के कारण पैट परीक्षा समय पर नहीं हो सकी. अब विश्वविद्यालय ने सभी विभागों से जानकारी लेकर प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
मई में आवेदन, जल्द परीक्षा की तैयारी
हाल ही में परीक्षा नियंत्रक समेत अधिकारियों की बैठक में पैट परीक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई. इस दौरान परीक्षा की रूपरेखा तय की गई. जानकारी के अनुसार मई के पहले सप्ताह से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है. परीक्षा नियंत्रक प्रो विनोद कुमार ओझा ने बताया कि इस बार आवेदन ऑफलाइन मोड में लिया जाएगा, जबकि परीक्षा मई के अंत या जून के शुरुआती सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है. अंतिम कार्यक्रम प्रभारी कुलपति की स्वीकृति के बाद जारी किया जाएगा.
सैकड़ों सीटों पर होगा एडमिशन
विश्वविद्यालय के सूत्रों के मुताबिक लगभग 30 विषयों में 900 से अधिक सीटों पर नामांकन के लिए यह परीक्षा ली जाएगी. विज्ञान, वाणिज्य, कानून, सामाजिक विज्ञान और मानविकी संकाय के सभी प्रमुख विषय इसमें शामिल होंगे. सभी पीजी विभागों ने विषयवार सीटों का ब्योरा प्रशासन को सौंप दिया है.
साल में दो बार परीक्षा कराने की तैयारी
विश्वविद्यालय प्रशासन सत्र को नियमित करने के लिए एक साल में दो बार पैट परीक्षा आयोजित करने की दिशा में भी काम कर रहा है. अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा सत्र के विलंब को देखते हुए वर्ष के अंत तक पैट 2025 का आयोजन भी प्रस्तावित है, ताकि शैक्षणिक कैलेंडर को संतुलित किया जा सके.
पुराने रेगुलेशन के तहत होगी परीक्षा
इस बार पैट परीक्षा 2016 के रिसर्च रेगुलेशन के आधार पर आयोजित की जाएगी. इसमें सीटों का विभाजन नेट-जेआरएफ और पैट अभ्यर्थियों के बीच बराबर रखने पर विचार किया गया है. साथ ही आरक्षण रोस्टर का पूरी तरह पालन किया जाएगा.
सेवानिवृत्ति के करीब शिक्षकों की सीट भी शामिल
सूत्रों के अनुसार उन शिक्षकों की सीटों को भी शामिल किया गया है, जो अगले तीन वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले हैं. यह प्रावधान 2016 के नियमों में मौजूद है, हालांकि नए 2022 रेगुलेशन में इसका जिक्र नहीं किया गया है.
जल्द जारी होगा शेड्यूल
परीक्षा नियंत्रक प्रो विनोद कुमार ओझा ने बताया कि पैट परीक्षा की संभावित तिथियां तय कर ली गई हैं. प्रभारी कुलपति की मंजूरी मिलते ही आधिकारिक शेड्यूल जारी कर दिया जाएगा. इस बार बड़ी संख्या में सीटों के लिए परीक्षा आयोजित होने जा रही है, जिससे शोधार्थियों के लिए अवसर बढ़ेंगे.
इसे भी पढ़ें-नए सत्र से पहले किताबें देने की तैयारी, बिहार में मुफ्त पाठ्य-पुस्तक योजना पर तेजी
इसे भी पढ़ें-बिहार के विश्वविद्यालयों में प्रतिकुलपति बहाली की तैयारी, लंबे समय से खाली पदों पर होगी नियुक्ति

