Lakhisarai Ashokdham: सावन की तीसरी सोमवारी पर लखीसराय के प्रसिद्ध श्री इंद्रदमनेश्वर महादेव मंदिर (अशोकधाम) में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ सोमवार सुबह अचानक चीख-पुकार में बदल गई. बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक के लिए हजारों श्रद्धालु मंदिर पहुंचे थे. इसी दौरान मंदिर के पास बिजली का पोल गिरने के बाद करंट फैलने की अफवाह उड़ी और देखते ही देखते भगदड़ मच गई. हादसे में 8 महिला श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं. प्रशासन के मुताबिक, मौत की मुख्य वजह करंट नहीं बल्कि भगदड़ के दौरान श्रद्धालुओं का दबना रही.
जलाभिषेक के लिए लगी थी लंबी कतार, अचानक मची भगदड़
सोमवारी के कारण सुबह से ही अशोकधाम मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी. मंदिर में बाबा इंद्रदमनेश्वर महादेव के जलाभिषेक के लिए महिला और पुरुष श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी हुई थी.

माचिस के पैसे से शुरू हुआ विवाद, कुछ देर में लाठी-डंडे चले; सीवान में 3 लोग घायल
इसी दौरान अशोकधाम हॉल्ट पर दोनों दिशाओं से एक साथ ट्रेनें आ गईं. प्रशासन के अनुसार, ट्रेन देखकर कुछ युवकों ने अचानक भाग-दौड़ शुरू कर दी. इसी क्रम में वहां लगा बिजली का एक पोल क्षतिग्रस्त होकर गिर गया.
पोल गिरते ही फैली करंट की अफवाह
बिजली का पोल गिरने के बाद भीड़ में यह अफवाह फैल गई कि इलाके में करंट फैल गया है. अफवाह तेजी से श्रद्धालुओं के बीच पहुंची और लोग बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
देखते ही देखते मंदिर परिसर में अफरा-तफरी मच गई. भीड़ के दबाव में कई श्रद्धालु जमीन पर गिर पड़े. इसी दौरान दबने से कई महिलाओं की मौत हो गई और कई अन्य श्रद्धालु घायल हो गए.
डीएम-एडीएम ने बताई हादसे की वजह
घटना के बाद लखीसराय के डीएम शैलेंद्र कुमार और एडीएम नीरज कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के बाद घटना की वजह को लेकर जानकारी दी.
प्रशासन के अनुसार हादसे से जुड़े प्रमुख तथ्य:
- दोनों तरफ से आई ट्रेनें: अशोकधाम हॉल्ट पर एक साथ दोनों दिशाओं से ट्रेनें आई थीं.
- भाग-दौड़ शुरू हुई: ट्रेन देखकर कुछ युवकों ने अचानक दौड़ना शुरू किया.
- बिजली पोल गिरा: भाग-दौड़ के दौरान बिजली का पोल और तार क्षतिग्रस्त होकर गिर गया.
- करंट की अफवाह फैली: पोल गिरने के बाद भीड़ में करंट फैलने की बात तेजी से फैल गई.
- भगदड़ में मौत: अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की मौत करंट से नहीं, बल्कि भगदड़ में दबने के कारण हुई.
सीवान में तीन दिन बिजली कटौती, देखें किस दिन आपके इलाके में कब बंद रहेगी बिजली
घायलों को अस्पताल भेजा गया, बिजली आपूर्ति बंद
हादसे के बाद स्थानीय लोगों, मंदिर प्रबंधन और पुलिस प्रशासन ने राहत-बचाव शुरू किया. घायलों को एंबुलेंस और निजी वाहनों से लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया. कई घायलों का इलाज जारी है.
किसी दूसरी घटना की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद करा दी. पुलिस बल को मंदिर और आसपास के क्षेत्र में तैनात किया गया है.
अशोकधाम में सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
सावन की सोमवारी पर अशोकधाम मंदिर में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने के बावजूद अचानक पैदा हुई स्थिति ने भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
जिला प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. जांच के बाद यह स्पष्ट होगा कि हादसे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में कहां चूक हुई और भगदड़ की स्थिति को समय रहते क्यों नहीं संभाला जा सका.वहीं, अतिरिक्त पुलिस बलों की तैनाती से स्थिति नियंत्रित में है.
इसे भी पढ़ें-



