Purnia News : पूर्णिया जिले के उभरते कलाकारों के लिए अच्छी खबर है. बिहार सरकार के कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से संचालित आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र में नए सत्र के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. यह केंद्र मरंगा स्थित प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी परिसर में चलाया जा रहा है, जहां बच्चों और युवाओं को संगीत एवं नृत्य की विभिन्न विधाओं का प्रशिक्षण दिया जाएगा.
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी पंकज कुमार पटेल ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य जिले में कला और संस्कृति को बढ़ावा देना तथा नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना है. केंद्र में प्रशिक्षित शिक्षकों द्वारा विद्यार्थियों को शास्त्रीय गायन, वादन और नृत्य की शिक्षा दी जाएगी.
6 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चे ले सकते हैं दाखिला
प्रशिक्षण केंद्र में प्रवेश के लिए न्यूनतम आयु 6 वर्ष निर्धारित की गई है. नामांकन कराने वाले अभ्यर्थियों को जन्मतिथि प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और तीन पासपोर्ट आकार के फोटो जमा करने होंगे.
अधिकारियों के अनुसार प्रत्येक कला विधा में अधिकतम 40 विद्यार्थियों का ही चयन किया जाएगा. सीटें सीमित होने के कारण “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर नामांकन किया जा रहा है.
सप्ताह में छह दिन चलेगा प्रशिक्षण
आम्रपाली प्रशिक्षण केंद्र मंगलवार से रविवार तक संचालित होगा. प्रशिक्षण का समय दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित किया गया है. सोमवार को केंद्र बंद रहेगा.
विभाग का कहना है कि इस पहल से जिले के उन बच्चों और युवाओं को बड़ा अवसर मिलेगा, जो संगीत और नृत्य के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं लेकिन संसाधनों की कमी के कारण प्रशिक्षण नहीं ले पाते.
इसे भी पढ़ें-NEET पेपर लीक पर युवा राजद का हमला, कहा- छात्रों के भविष्य से हो रहा खिलवाड़
इसे भी पढ़ें-पूर्णिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार और कारतूस के साथ 2 युवक गिरफ्तार
इसे भी पढ़ें-पूर्णिया में दिनदहाड़े फायरिंग से हड़कंप, टेंट व्यवसायी को लगी गोली, अस्पताल में भर्ती

