Byju Raveendran : भारत की चर्चित एडटेक कंपनी Byju’s के संस्थापक बायजू रवींद्रन की मुश्किलें और बढ़ गयी हैं. सिंगापुर की एक अदालत ने उन्हें कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करने के मामले में छह महीने की जेल की सजा सुनायी है. अदालत का कहना है कि उन्होंने अपनी संपत्तियों और कारोबारी हिस्सेदारी से जुड़े जरूरी दस्तावेज समय पर उपलब्ध नहीं कराये.
अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार अप्रैल 2024 से लगातार रवींद्रन को कई बार निर्देश दिये गये थे कि वे अपनी संपत्तियों से संबंधित जानकारी और कागजात जमा करें, लेकिन उन्होंने अदालत के आदेशों का पालन नहीं किया. इसी को आधार बनाते हुए कोर्ट ने उन्हें अवमानना का दोषी माना और अधिकारियों के सामने सरेंडर करने का निर्देश जारी किया.
लाखों रुपये का कानूनी जुर्माना भी लगा
सिंगापुर कोर्ट ने सजा के साथ आर्थिक दंड भी लगाया है. आदेश के तहत रवींद्रन को 90 हजार सिंगापुर डॉलर की लीगल कॉस्ट जमा करनी होगी. भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत करीब 67 लाख रुपये बतायी जा रही है.
कोर्ट ने उन्हें ‘बीआर इन्वेस्टको पीटीई’ नाम की इकाई से जुड़े स्वामित्व दस्तावेज भी जमा करने को कहा है. अदालत इस कंपनी की वास्तविक हिस्सेदारी और उससे जुड़े शेयरों की जानकारी मांग रही है.
कतर की निवेश कंपनी ने शुरू की थी कानूनी कार्रवाई
यह पूरा विवाद कतर इन्वेस्टमेंट अथॉरिटी की एक सहयोगी इकाई द्वारा दायर मामले से जुड़ा है. कतर के इस सरकारी निवेश फंड ने उस समय Byju’s में निवेश किया था, जब कंपनी वित्तीय संकट के दौर से गुजर रही थी और बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी की जा रही थी.
मामले की सुनवाई के दौरान कतर होल्डिंग्स की ओर से ‘ड्रू एंड नेपियर’ लॉ फर्म ने पैरवी की, जबकि बायजू इन्वेस्टमेंट्स का पक्ष ‘फर्वेंट चैंबर्स’ ने रखा.
अब तक सामने नहीं आया कोई आधिकारिक बयान
सिंगापुर कोर्ट के फैसले के बाद बायजू रवींद्रन की तरफ से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया जारी नहीं की गयी है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि फिलहाल वे सिंगापुर में मौजूद हैं या किसी अन्य देश में रह रहे हैं.
अमेरिका में भी चल रहा है बड़ा विवाद
बायजू रवींद्रन पहले से ही विदेशी निवेशकों और कर्जदाताओं के साथ कानूनी विवादों में घिरे हुए हैं. अमेरिका में कर्जदाता करीब 1.2 बिलियन डॉलर, यानी लगभग 11 हजार करोड़ रुपये के लोन की रिकवरी को लेकर अदालत का दरवाजा खटखटा चुके हैं. कंपनी की आर्थिक स्थिति बिगड़ने के बाद यह विवाद लगातार गहराता गया.
कभी स्टार्टअप दुनिया का बड़ा नाम था Byju’s
बायजू रवींद्रन ने ‘थिंक एंड लर्न प्राइवेट लिमिटेड’ के जरिए अपने कारोबार की शुरुआत की थी. बाद में यही कंपनी Byju’s ब्रांड के रूप में देश की सबसे बड़ी एडटेक कंपनियों में शामिल हो गयी. एक समय कंपनी को भारतीय स्टार्टअप सेक्टर की सबसे सफल कहानियों में गिना जाता था, लेकिन बीते कुछ वर्षों में वित्तीय संकट और कानूनी विवादों ने इसकी छवि को गंभीर रूप से प्रभावित किया है.
बायजू रवींद्रन का प्रोफाइल
| पैमाना | विवरण |
| जन्म और स्थान | 5 जनवरी, 1980 को केरल के कन्नूर जिले के अजिकोड में. |
| शुरुआती पढ़ाई | कन्नूर के ही एक सरकारी मलयाली मीडियम स्कूल से. पढ़ाई के दौरान मैथ्स ओलंपियाड और साइंस क्विज में मेडल जीते. |
| उच्च शिक्षा | कन्नूर के गवर्नमेंट कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग से मैकेनिक इंजीनियरिंग में BTech किया. |
| असाधारण रिकॉर्ड | साल 2003 और 2024 में देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में से एक, कैट (CAT Exam) में 100 परसेंटाइल स्कोर हासिल किया. |
इसे भी पढ़ें-LPG के दाम में बड़ा उछाल, कमर्शियल सिलेंडर महंगा, जानिए कीमत; घरेलू कीमतें जस की तस
इसे भी पढ़ें-अक्षय तृतीया पर सोना खरीद रहे हैं? एक गलती और आपकी मेहनत की कमाई हो सकती है बर्बाद
इसे भी पढ़ें-सिर्फ मजदूरी नहीं, टेक्नोलॉजी से भी पहचान बनाएगा बिहार, केंद्रीय IT मंत्री से श्रेयसी सिंह ने की मुलाकात
Disclaimer: शेयर बाजार में निवेश से जुड़े किसी भी तरह के खरीद-फरोख्त का सुझाव HelloCities24 द्वारा नहीं दिया जाता है. यहां प्रकाशित बाजार विश्लेषण विभिन्न मार्केट एक्सपर्ट्स और ब्रोकरेज संस्थानों के आकलन पर आधारित होते हैं. निवेश से पहले प्रमाणित वित्तीय सलाहकार से परामर्श अवश्य करें.


