इस खबर में क्या है?
Raid In Bihar: बिहार के दरभंगा में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) ने बिहार में आय से अधिक संपत्ति के एक और मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दरभंगा जिले के प्रखंड विकास पदाधिकारी चंद्रमोहन पासवान के कई ठिकानों पर बुधवार को एक साथ छापेमारी शुरू की. ईओयू की टीम सुबह से ही बीडीओ से जुड़े छह अलग-अलग परिसरों में दस्तावेजों और संपत्तियों की जांच में जुटी हुई है.
बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें
जानकारी के अनुसार चंद्रमोहन पासवान के खिलाफ आर्थिक अपराध इकाई थाना में आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का मामला दर्ज किया गया था. प्रारंभिक जांच और सत्यापन के दौरान यह सामने आया कि उन्होंने 89 लाख 13 हजार 500 रुपये की संपत्ति अर्जित की है, जो उनकी ज्ञात आय की तुलना में 81.03 प्रतिशत अधिक बतायी गयी है. इसके बाद अदालत से अनुमति मिलने पर ईओयू ने तलाशी अभियान शुरू किया.
दरभंगा, मधुबनी और केवटी में एक साथ कार्रवाई
ईओयू की टीम ने दरभंगा के बहादुरपुर स्थित आवास और व्यावसायिक भवन में छापेमारी की. इसके अलावा मधुबनी जिले के बाबूबरही स्थित पैतृक घर और व्यावसायिक भवन को भी जांच के दायरे में लिया गया है. वहीं दरभंगा के केवटी स्थित कार्यालय और सरकारी आवास में भी तलाशी चल रही है.
अधिकारियों के अनुसार सभी ठिकानों पर अलग-अलग टीमों को लगाया गया है, ताकि संपत्ति और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जा सके. कार्रवाई पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि छापेमारी के दौरान क्या-क्या बरामद हुआ है.
जमीन, बैंक खाते और निवेश की जांच
सूत्रों के मुताबिक ईओयू की टीम जमीन से संबंधित कागजात, बैंक खातों का ब्योरा, निवेश से जुड़े दस्तावेज और आभूषणों की जानकारी खंगाल रही है. अधिकारियों द्वारा वित्तीय लेनदेन और संपत्ति के स्रोत की भी जांच की जा रही है.
सुबह से चल रही इस कार्रवाई के कारण केवटी प्रखंड कार्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में लोगों की भीड़ जुट गयी. स्थिति को देखते हुए स्थानीय पुलिस बल की तैनाती की गयी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है.
ईओयू की यह कार्रवाई बिहार में भ्रष्टाचार और आय से अधिक संपत्ति के मामलों के खिलाफ चल रहे अभियान का हिस्सा मानी जा रही है.
इसे भी पढ़ें-DTO-MVI के लिए नया आदेश जारी, छुट्टी से पहले मुख्यालय को देनी होगी सूचना
इसे भी पढ़ें-स्कॉर्पियो नहीं मिलने से नाराज युवक ने गंगा में कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम
इसे भी पढ़ें-बिहार में निवेश बढ़ाने का सम्राट चौधरी का प्लान, हर 3 महीने पर उद्योगपतियों संग होगी बैठक
इसे भी पढ़ें-IRCTC मनी लॉन्ड्रिंग केस में फिर टला फैसला, लालू परिवार के लिए 9 जून को आएगा कोर्ट का आदेश


