इस खबर में क्या है?
Bihar Rain Alert: बिहार में आज मौसम को लेकर बड़ी चेतावनी जारी की गई है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य के 24 जिलों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर डबल अलर्ट जारी किया है. पांच जिलों को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जबकि 19 जिलों में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा.
बिहार में फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 23 IAS अधिकारियों का तबादला; कई जिलों में बदले DDC और SDO
सबसे पहले देखें, आपके जिले में कौन सा अलर्ट?
ऑरेंज अलर्ट वाले जिले: पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण.
येलो अलर्ट वाले जिले: बक्सर, भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, पटना, नालंदा, शेखपुरा, बेगूसराय, खगड़िया, लखीसराय, मुंगेर, भागलपुर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, जमुई और बांका.
इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. साथ ही गरज-चमक के साथ बारिश और कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.

किन इलाकों में सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत?
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण और गया में बारिश का असर सबसे अधिक रह सकता है. इन जिलों में कहीं-कहीं तेज से भारी वर्षा होने की संभावना है. उत्तर और उत्तर-पूर्वी बिहार के कई हिस्सों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रह सकती है.
भागलपुर में 422 रैयतों की जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक, थर्मल प्लांट के लिए होगा अधिग्रहण
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम?
बीते 24 घंटों में सीमांचल और दक्षिण बिहार के कई जिलों में बारिश रिकॉर्ड की गई. कटिहार, लखीसराय, नालंदा, जमुई, सुपौल और गोपालगंज समेत कई इलाकों में अच्छी वर्षा हुई. वहीं पटना में धूप और बादलों के बीच उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान करती रही.
गंगा के बढ़ते जलस्तर ने बढ़ाई चिंता
लगातार बारिश का असर अब नदियों पर भी दिखने लगा है. गंगा नदी का जलस्तर पटना से भागलपुर तक बढ़ रहा है. कई घाटों पर पानी पहुंच चुका है और तटीय व दियारा क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. प्रशासन भी संवेदनशील इलाकों पर नजर बनाए हुए है.
अगले दो दिन भी राहत के आसार नहीं
आईएमडी के अनुसार 25 अगस्त को भी कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी रहेगा. इसके बाद 26 अगस्त को राज्य के कई हिस्सों में बारिश, तेज हवा और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की गई है.



