Bhagalpur News : हुसैन इंजीनियरिंग वर्कशॉप के बरामदे में युवक की संदिग्ध मौत के बाद कहलगांव-बाराहाट मुख्य सड़क पर शुक्रवार को करीब चार घंटे तक अफरातफरी की स्थिति बनी रही. परिजनों ने करंट लगने से मौत की बात को संदिग्ध बताते हुए हत्या का आरोप लगाया, जिसके बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफएसएल टीम को घटनास्थल पर बुलाया. अब पुलिस की जांच एफएसएल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है.
मृतक की पहचान नवगछिया थाना क्षेत्र के औलियाबाद मोरवा गांव निवासी उधो सिंह के पुत्र टिपिन सिंह (35) के रूप में हुई है. वह वर्तमान में कहलगांव के शिवकुमारी पहाड़ पर परिवार के साथ रह रहा था और टोटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. उसके तीन पुत्रियां और दो पुत्र हैं.
बाढ़ में भी इस बार यहां नहीं मिलेगी शरण, जानिए क्या है वजह
मौत के बाद सड़क पर बढ़ा आक्रोश
बताया गया कि टिपिन सिंह शुक्रवार दोपहर टोटो से लोहे का सामान लेकर हुसैन इंजीनियरिंग वर्कशॉप पहुंचा था. सामान रखने के दौरान कथित रूप से करंट लगने के बाद उसकी मौत हो गई. घटना की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई.
मृतक के परिजनों ने मौत की वजह पर सवाल उठाते हुए वेल्डिंग मशीन संचालक पर हत्या का आरोप लगाया. परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद युवक को जानबूझकर करंट लगाया गया. हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं की है.
बाढ़ में भी इस बार यहां नहीं मिलेगी शरण, जानिए क्या है वजह
आरोप के बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और कहलगांव-बाराहाट मुख्य पथ को जाम कर दिया. करीब चार घंटे तक सड़क जाम रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया.
एफएसएल ने जुटाए साक्ष्य, रिपोर्ट का इंतजार
मामले में पुलिस ने किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले घटनास्थल की वैज्ञानिक जांच कराने का निर्णय लिया. एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच की. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करीब छह बजे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
कहलगांव थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों और उसकी पत्नी शिखा देवी ने हत्या का आरोप लगाया है. पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है. एफएसएल की टीम ने घटनास्थल की जांच की है. एफएसएल की अंतिम रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-



