Patna Police Encounter : पटना जिले के फतुहा थाना क्षेत्र में पुलिस की पीछा करती टीम और अपराधी शुभम उर्फ झामु के बीच मुठभेड़ हो गई. एनएच-30 से नियाजीपुर गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर एक गोदाम के पास हुई फायरिंग में शुभम के पैर में गोली लगी. घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (पीएमसीएच) में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की है.
वैशाली में भोज खाने निकले 20 लोग नाव पलटने से डूबे, 13 की मौत; रामपुर श्यामचंद में मचा कोहराम
एनएच-30 से ग्रामीण सड़क पर पहुंचा, गोदाम के पास हुई फायरिंग
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिला सूचना इकाई (डीआईओ) और कदमकुआं थाने की पुलिस टीम शुभम उर्फ झामु का पीछा कर रही थी. पुलिस की घेराबंदी से बचने के लिए वह एनएच-30 फोरलेन से निकलकर फतुहा थाना क्षेत्र के नियाजीपुर गांव जाने वाली ग्रामीण सड़क पर पहुंच गया.
बताया जा रहा है कि वहां एक गोदाम के पास छिपने के बाद उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें शुभम के पैर में गोली लग गई. घायल होने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसे अपने कब्जे में लिया और अस्पताल भेज दिया.
कदमकुआं पुलिस और डीआईओ टीम ने की कार्रवाई
शुभम का पीछा करने वाली टीम में कदमकुआं थानाध्यक्ष जन्मजय राय, एसआई अनिल कुमार और जिला सूचना इकाई के पुलिसकर्मी शामिल बताए जा रहे हैं. पुलिस टीम की कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ फतुहा थाना क्षेत्र में हुई.
घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल भी बरामद की है. हालांकि, फायरिंग में इस्तेमाल हथियार और मुठभेड़ से जुड़ी अन्य परिस्थितियों को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है.
बेगूसराय में महिला डॉक्टर पर तेजाब फेंका, घर लौटते समय हमला; आरोपी गिरफ्तार
घटनास्थल पर कैंप कर रहे फतुहा एसडीपीओ
मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद फतुहा एसडीपीओ अवधेश कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं. घटनास्थल की जांच के लिए एफएसएल टीम के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है. ग्रामीण एसपी के भी मौके पर पहुंचने की सूचना है.
घायल शुभम उर्फ झामु का पीएमसीएच में इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मुठभेड़ से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है.
इसे भी पढ़ें-



