Bhagalpur Durga Puja : भागलपुर में दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन के दौरान जलजमाव, गंदगी, जर्जर सड़क और अतिक्रमण जैसी समस्याएं श्रद्धालुओं के लिए परेशानी न बनें, इसके लिए नगर निगम ने तैयारियां तेज करने के निर्देश दिए हैं. महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने समीक्षा बैठक में संबंधित अधिकारियों को पूजा पंडालों, विसर्जन मार्गों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सफाई, नालों की उड़ाही, सड़क मरम्मत और रोशनी की व्यवस्था समय पर पूरी करने को कहा. उन्होंने स्पष्ट किया कि काम में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
बड़े नालों की उड़ाही और रोजाना सफाई के निर्देश
महापौर कार्यालय में आयोजित बैठक में नगर प्रबंधक, विभिन्न वार्डों के पार्षद, दुर्गा पूजा महासमिति, भागलपुर के प्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए. बैठक में महासमिति की ओर से सौंपे गए ज्ञापन में उठाई गई समस्याओं की बिंदुवार समीक्षा की गई.
दुर्गा पूजा को लेकर भागलपुर में अलर्ट प्रशासन, DM ने चौक-चौराहों से CTS ग्राउंड तक परखी तैयारी
पूजा मंदिरों तक पहुंचने वाले रास्तों, बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और विसर्जन मार्गों पर विशेष अभियान चलाकर प्रतिदिन नियमित सफाई कराने का निर्देश दिया गया. भीखनपुर गुमटी नंबर-2, डिक्शन रोड दुर्गा मंदिर, हुसैनबाद रोड, अंग राज कर्ण नगर यानी रिफ्यूजी कॉलोनी और खलीफाबाग स्थित दुर्गा मंदिर के बड़े नालों की युद्धस्तर पर उड़ाही कराने को कहा गया, ताकि जलजमाव की समस्या न हो.
जोगसर मेन रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास पूजा अवधि में कूड़ा डंपिंग पूरी तरह बंद रखने का निर्देश दिया गया. वहीं, लहरी टोला और बूढ़ानाथ मंदिर के पास रखे कॉम्पैक्टर बॉक्स से निकलने वाली दुर्गंध और कचरे की समस्या का तत्काल समाधान करने को कहा गया.
विसर्जन मार्गों से हटेंगी झूलती टहनियां और अतिक्रमण
प्रतिमा विसर्जन के दौरान रास्ते में बाधा न आए, इसके लिए लाल बाग में वीसी आवास से जुगल वर गाछ चौक तक, मारवाड़ी कॉलेज, डिक्शन रोड और ढेबर गेट यानी खरमनचक रोड सहित प्रमुख मार्गों पर झूलती टहनियों की तत्काल छंटाई कराने का निर्देश दिया गया.
हड़ियापट्टी दुर्गा मंदिर, लाजपत पार्क दुर्गा मंदिर के मुख्य द्वार, मायागंज विसर्जन घाट, कम्पनीबाग दुर्गा मंदिर और दुर्गाबाड़ी मसाकचक के पास प्रवेश मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कराने को कहा गया है.
पाइप लीकेज ठीक होंगे, गड्ढों की होगी मरम्मत
नगर निगम को विश्वविद्यालय आवासीय गेट से दुर्गा मंदिर साहेबगंज जाने वाले मार्ग, दीपनगर चौक, शारदा संगीत सदन के सामने, बूढ़ानाथ चौक और बड़ी खंजरपुर में पाइप लीकेज अविलंब दुरुस्त कराने का निर्देश दिया गया. इन स्थानों पर जर्जर सड़कों की पैचिंग भी कराई जाएगी.
भागलपुर में अवैध आरा मिलों पर वन विभाग की छापेमारी, शीशम-महोगनी की लकड़ियां और मशीनें जब्त
महापौर ने निर्देश दिया कि विसर्जन मार्गों पर किसी तरह के गड्ढे नहीं रहें, ताकि प्रतिमाओं को नुकसान न पहुंचे. बरारी विसर्जन घाट यानी काली घाट पर दलदल वाले गड्ढों में सीढ़ीनुमा व्यवस्था करने को भी कहा गया.
गंगा तट और घाटों पर रोशनी की व्यवस्था
विसर्जन की तैयारियों के तहत गंगा तट पर नए कृत्रिम तालाबों की समुचित व्यवस्था करने और मायागंज अस्पताल के पीछे खुले नाले को ढकने का निर्देश दिया गया. सभी विसर्जन घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है.
तातारपुर चौक, स्टेशन चौक, आदमपुर चौक और बड़ी खंजरपुर चौक सहित विसर्जन मार्गों पर जनरेटर बैकअप के साथ हाईमास्ट लाइटों का संचालन सुनिश्चित किया जाएगा.
शोभायात्रा के दौरान पानी टैंकर और मोबाइल टॉयलेट
प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए स्टेशन चौक पर अस्थायी कैंप कार्यालय बनाया जाएगा. विसर्जन मार्ग में पानी के टैंकर उपलब्ध रहेंगे और विसर्जन घाटों पर चलंत शौचालय यानी मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जाएगी.
लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
महापौर डॉ. वसुंधरा लाल ने कहा कि दुर्गा पूजा भागलपुर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान है. श्रद्धालुओं और दर्शनार्थियों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं हो, यह नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है. उन्होंने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को तय समयसीमा के भीतर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया. साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें-



