West Bengal Voting LIVE 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए मतदान प्रक्रिया आज पूरे राज्य में जारी है. सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं, जिससे साफ है कि वोटिंग को लेकर लोगों में खासा उत्साह है. कई जिलों में मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है, जबकि कुछ स्थानों से तकनीकी दिक्कतों और अव्यवस्था की खबरें भी सामने आ रही हैं. प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया को सुचारू बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हर गतिविधि पर लगातार नजर रखी जा रही है.
इस LIVE अपडेट में आप जानेंगे कि किस जिले में कितनी वोटिंग हुई, कहां EVM में दिक्कत आई, और किन जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष कदम उठाए गए हैं. हर पल की ताजा जानकारी के लिए जुड़े रहें.
कई जिलों में 80% के पार, छिटपुट घटनाओं से तनाव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के पहले चरण में गुरुवार को तेज रफ्तार से मतदान जारी रहा. दोपहर 3 बजे तक राज्य में 78.77 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई, जिससे रिकॉर्ड मतदान की संभावना और मजबूत हो गई. कई जिलों में मतदान प्रतिशत 80 के पार पहुंच गया, जबकि कुछ इलाकों में छिटपुट घटनाओं की भी खबर सामने आई है.
कई जिलों में 80% के पार वोटिंग, कलिंगपोंग सबसे पीछे
चुनाव के दौरान पश्चिम मेदिनीपुर में 81.07 प्रतिशत, दक्षिण दिनाजपुर में 81.49 प्रतिशत, बीरभूम में 80.22 प्रतिशत और झारग्राम में 81.04 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया. पूर्व मेदिनीपुर में 79.94 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 77.32 प्रतिशत वोट पड़े. वहीं सबसे कम मतदान कलिंगपोंग में 74.04 प्रतिशत दर्ज किया गया.
दोपहर 1 बजे तक भी दिखा तेज रुझान
इससे पहले दोपहर 1 बजे तक ही 62.18 प्रतिशत मतदान हो चुका था. उस समय पश्चिम मेदिनीपुर में 65.77 प्रतिशत, झारग्राम में 65.31 प्रतिशत, पूर्व मेदिनीपुर में 62.90 प्रतिशत और मुर्शिदाबाद में 62.71 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी. राज्य के ज्यादातर जिलों में मतदान का प्रतिशत लगातार बढ़ता रहा.
अलीपुरदुआर में 60.03 प्रतिशत, बांकुड़ा में 64.58 प्रतिशत, बीरभूम में 63.93 प्रतिशत, कूचबिहार में 60.75 प्रतिशत, दक्षिण दिनाजपुर में 63.05 प्रतिशत, दार्जिलिंग में 59.81 प्रतिशत, जलपाईगुड़ी में 60.84 प्रतिशत, झारग्राम में 65.31 प्रतिशत, कलिंगपोंग में 59.52 प्रतिशत, मालदा में 58.45 प्रतिशत, मुर्शिदाबाद में 62.71 प्रतिशत, पश्चिम बर्धमान में 60.37 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 65.77 प्रतिशत, पूर्व मेदिनीपुर में 62.90 प्रतिशत, पुरुलिया में 59.83 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 60.00 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.
बीएलओ पर हमले का आरोप, आयोग अलर्ट मोड में
पश्चिम मेदिनीपुर के नारायणगढ़ क्षेत्र के रायपुर पश्चिम बूथ पर एक महिला बीएलओ के साथ मारपीट का आरोप लगा है. शिकायत के अनुसार, ड्यूटी के दौरान एक मतदाता ने उन पर हमला किया. घटना के बाद स्थानीय स्तर पर तनाव का माहौल बन गया.
मुर्शिदाबाद और कूच बिहार में सतर्कता बढ़ी
चुनाव आयोग ने मुर्शिदाबाद, कूच बिहार और बीरभूम में शाम के समय संभावित हिंसा को लेकर अलर्ट जारी किया है. आयोग को आशंका है कि कुछ असामाजिक तत्व मतदान प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश कर सकते हैं. इसके मद्देनजर केंद्रीय बलों को पूरी तरह तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं.
मतदान के दौरान मौत और हिंसा की घटनाएं
बीरभूम के सिउरी में मतदान के दौरान 66 वर्षीय असीम रॉय की तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. वे मतदान करने जा रहे थे, तभी रास्ते में गिर पड़े और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि उन्हें पहले से सांस संबंधी समस्या थी.
इसके अलावा राज्य के कई हिस्सों में मतदान के दौरान छिटपुट हिंसा और हमलों की घटनाएं सामने आई हैं. निर्वाचन आयोग ने इन घटनाओं पर संज्ञान लेते हुए संबंधित जिलों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
आसनसोल में काफिले पर पथराव
आसनसोल दक्षिण क्षेत्र के रहमत नगर इलाके में मतदान के दौरान झड़प की सूचना मिली. यहां भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल के काफिले पर कथित तौर पर पत्थर फेंके गए, जिससे उनके वाहन का शीशा टूट गया. हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और वे सुरक्षित बताई गई हैं.
West Bengal Voting LIVE : हुमायूं कबीर के काफिले पर हमले में वाहनों को नुकसान
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बीच मुर्शीदाबाद जिले के नवादा क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति सामने आई है. जानकारी के अनुसार यहां हुमायूं कबीर के काफिले पर हमला हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. बताया जा रहा है कि काफिले में शामिल वाहनों को निशाना बनाया गया और लाठी व पत्थरों से हमला किया गया.
मीडिया रिपोर्ट्स और सामने आई तस्वीरों के अनुसार इस घटना में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा है. हमले के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और हालात पर नजर रखी जा रही है.
West Bengal Voting LIVE : केंद्रीय बल और TMC कार्यकर्ताओं के बीच मारपीट के आरोप, 3 लोग घायल
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के दौरान पश्चिम मेदिनीपुर जिले के नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के बीच तनावपूर्ण स्थिति सामने आई है. जानकारी के अनुसार, यहां केंद्रीय बल के एक जवान ने तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर पार्टी कार्यालय में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है, जिसमें तीन लोगों के घायल होने की बात कही गई है.
वहीं दूसरी ओर तृणमूल कांग्रेस की ओर से भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पार्टी का कहना है कि बेल्दा क्षेत्र के पटली गांव स्थित बूथ नंबर 118 पर तैनात केंद्रीय बल के जवानों ने पार्टी कार्यालय में घुसकर कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की. दोनों पक्षों के आरोपों के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
West Bengal Voting LIVE : गर्मी में वोट डालने पहुंचे 58 वर्षीय मतदाता की मौत
पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के पोटाशपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के दौरान एक दुखद घटना सामने आई है. भीषण गर्मी के बीच अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे 58 वर्षीय मतदाता नीपेंद्रनाथ दास की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, वह बामनबाड़ी स्थित बूथ संख्या 234 पर मतदान के लिए कतार में खड़े थे, इसी दौरान उन्हें अचानक दिल का दौरा पड़ा. तेज धूप और अधिक गर्मी के बीच उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही वे गंभीर रूप से अचेत हो गए, जिसके बाद उनकी मृत्यु हो गई.

West Bengal Voting LIVE: नंदीग्राम में मतदान के दौरान तनाव
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में मतदान प्रक्रिया के दौरान गुरुवार सुबह अचानक तनावपूर्ण स्थिति बन गई. मतदान के बीच भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी के हस्तक्षेप के बाद एक मतदान केंद्र पर माहौल गरमा गया. आरोप लगाया गया कि ब्रजमोहन तिवारी हाई स्कूल स्थित बूथ पर तैनात महिला बीएलओ मतदान प्रक्रिया के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग कर रही थीं और मतदाताओं पर प्रभाव डालने की कोशिश की जा रही थी.
घटना की जानकारी मिलते ही नेता मौके पर पहुंचे और स्थिति की जांच की. इसके बाद संबंधित बीएलओ को कड़ी चेतावनी दी गई और चुनावी प्रक्रिया में निष्पक्षता बनाए रखने की बात कही गई. इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि बाद में मतदान प्रक्रिया सामान्य रूप से जारी रही.
भाजपा नेता ने इसके बाद नंदीग्राम के अन्य मतदान केंद्रों का भी दौरा किया और व्यवस्था का जायजा लिया. प्रशासन की ओर से पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है ताकि मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के संपन्न हो सके.
West Bengal Voting LIVE : सुबह 11 बजे तक 43% मतदान, कई विधानसभा क्षेत्रों में दिखी तेज वोटिंग
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सुबह 11 बजे तक मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी रहा और कुल 43 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई है. राज्य के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली. दुर्गापुर पूर्व में 37.96 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि दुर्गापुर पश्चिम में 39.18 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई. रानीगंज विधानसभा क्षेत्र में 40.97 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया और जमुरिया में 41.50 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया.


