शराब तस्करी के मामले में आया फैसला, चार साल बाद आरोपी को 5 साल की सजा

गोपालगंज कोर्ट फैसला
सांकेतिक तस्वीर.

Gopalganj News : अवैध शराब बरामदगी से जुड़े एक मामले में गोपालगंज की उत्पाद अदालत ने चार साल बाद अपना फैसला सुनाया है. अदालत ने चैनपुर गांव के एक व्यक्ति को दोषी मानते हुए पांच वर्ष के कारावास की सजा दी है. इसके अलावा उस पर एक लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया है. निर्धारित राशि जमा नहीं करने पर उसे अतिरिक्त तीन माह जेल में बिताने होंगे.

2022 की कार्रवाई से जुड़ा है मामला

यह मामला अक्टूबर 2022 में हथुआ थाना क्षेत्र में हुई पुलिस कार्रवाई से जुड़ा है. उस समय पुलिस टीम ने चैनपुर गांव में छापेमारी की थी. कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में शराब बरामद होने का दावा किया गया था. मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था.

सिपाही बनने का शॉर्टकट पड़ा भारी, दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया युवक

आरोप पत्र दाखिल होने के बाद शुरू हुई सुनवाई

पुलिस जांच पूरी होने के बाद मामला अदालत पहुंचा. आरोप पत्र दाखिल किए जाने के बाद नियमित रूप से सुनवाई चलती रही. इस दौरान अभियोजन पक्ष ने बरामदगी और जांच से जुड़े साक्ष्य अदालत के समक्ष पेश किए, जबकि बचाव पक्ष ने आरोपी को निर्दोष बताते हुए अपनी दलीलें रखीं.

दोनों पक्षों की बहस के बाद सुरक्षित रखा गया था फैसला

मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने निर्णय सुरक्षित रख लिया था. बाद में जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वितीय सह विशेष न्यायाधीश उत्पाद धीरज कुमार मिश्र की अदालत ने उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दोषसिद्ध माना और सजा का आदेश सुनाया.

पटना में फायर सेफ्टी जांच तेज, खान ग्लोबल समेत 106 कोचिंग संस्थानों को नोटिस, यहां देखें लिस्ट

सजा सुनते ही न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया

अदालत का फैसला आने के बाद दोषी को तत्काल न्यायिक अभिरक्षा में लिया गया. इसके बाद उसे गोपालगंज मंडल कारा भेज दिया गया. न्यायालय ने आदेश में कहा कि जुर्माने की राशि जमा नहीं होने पर निर्धारित अतिरिक्त सजा भी लागू होगी.

अवैध शराब कारोबार पर सख्त संदेश

उत्पाद मामलों में आए इस फैसले को शराब तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है. माना जा रहा है कि इससे ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के बीच कानून का संदेश और मजबूत होगा.

इसे भी पढ़ें-

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां की अर्जी पर SDPO-थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस
दरभंगा से जयपुर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस, इस तारीख से शुरू होगी नियमित सेवा

सिपाही बनने का शॉर्टकट पड़ा भारी, दूसरे की जगह परीक्षा देते पकड़ा गया युवक

सोना लूटकांड का आरोपी बिक्रम गिरफ्तार
लूटकांड का मास्टरमाइंड गिरफ्तार. सांकेतिक तस्वीर.

Police Constable Recrutment Exam : बिहार के नालंदा जिले में आयोजित सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक संदिग्ध परीक्षार्थी पकड़े जाने से हड़कंप मच गया. प्रथम पाली की परीक्षा में दस्तावेज और पहचान सत्यापन के दौरान केंद्र प्रशासन को गड़बड़ी का संदेह हुआ. जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि परीक्षा कक्ष में बैठा युवक उस अभ्यर्थी से अलग है, जिसके नाम पर प्रवेश पत्र जारी किया गया था. सूचना मिलते ही पुलिस को बुलाया गया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई.

परीक्षा केंद्र से पुलिस को भेजी गई सूचना

लोहरी सोहडीह स्थित सरस्वती पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र से मंगलवार दोपहर नूरसराय थाना को मामले की जानकारी दी गई. केंद्र प्रशासन ने बताया कि एक परीक्षार्थी की पहचान को लेकर संदेह उत्पन्न हुआ है. सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दस्तावेजों तथा अभ्यर्थी के विवरण का मिलान किया.

पटना में फायर सेफ्टी जांच तेज, खान ग्लोबल समेत 106 कोचिंग संस्थानों को नोटिस, यहां देखें लिस्ट

जांच के दौरान यह पाया गया कि निर्धारित रोल नंबर पर पंजीकृत अभ्यर्थी की जगह कोई अन्य युवक परीक्षा दे रहा था. बायोमेट्रिक सत्यापन और प्रवेश पत्र पर उपलब्ध फोटो के मिलान में भी अंतर पाया गया.

पूछताछ में सामने आया युवक का परिचय

पुलिस हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ करने लगी. प्रारंभिक पूछताछ में उसने अपना नाम धीरज कुमार बताया. साथ ही उसने भागलपुर जिले के झंडापुर थाना क्षेत्र स्थित कहारपुर गांव का निवासी होने की जानकारी दी. इसके बाद उसे आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए थाना ले जाया गया.

लिखित शिकायत के बाद शुरू हुई कानूनी कार्रवाई

परीक्षा केंद्र प्रशासन द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर मामले को दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भर्ती परीक्षा में किसी दूसरे व्यक्ति के स्थान पर बैठकर परीक्षा देने के मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी परीक्षा केंद्र पहुंचे. उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों से बातचीत की और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की. साथ ही परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मियों को पहचान सत्यापन की प्रक्रिया में अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां की अर्जी पर SDPO-थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस

अन्य लोगों की भूमिका भी जांच के दायरे में

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि युवक अकेले इस प्रक्रिया में शामिल था या उसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क काम कर रहा था. पूछताछ से मिले इनपुट के आधार पर संभावित सहयोगियों की तलाश की जा रही है. साथ ही हिरासत में लिए गए युवक की पृष्ठभूमि और पूर्व गतिविधियों की भी जांच की जा रही है.

इसे भी पढ़ें-दरभंगा से जयपुर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस, इस तारीख से शुरू होगी नियमित सेवा

अब हर महीने लगेगी पंचायत की खुली चौपाल, बिहार सरकार का बड़ा फैसला

पंचायत विकास दिवस
हर महीने लगेगी पंचायत की खुली चौपाल.

Bihar Panchayat Vikas Diwas: ग्रामीण विकास योजनाओं को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए बिहार सरकार ने नई पहल शुरू की है. राज्य की प्रत्येक ग्राम पंचायत में अब हर महीने के अंतिम रविवार को सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक “पंचायत विकास दिवस” आयोजित किया जाएगा. सरकार का लक्ष्य पंचायत स्तर पर लोगों की सीधी भागीदारी बढ़ाना और गांवों के विकास से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक चर्चा को बढ़ावा देना है.

पंचायत स्तर पर होगी विकास योजनाओं की समीक्षा

इस आयोजन के दौरान पंचायत प्रतिनिधि, ग्राम सभा के सदस्य, महिलाएं, युवा और स्थानीय नागरिक एक मंच पर जुटेंगे. बैठक में पंचायत क्षेत्र की आवश्यकताओं, चल रही योजनाओं और स्थानीय समस्याओं पर विचार-विमर्श किया जाएगा. साथ ही विकास कार्यों की प्रगति का मूल्यांकन भी किया जाएगा ताकि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके.

पटना में फायर सेफ्टी जांच तेज, खान ग्लोबल समेत 106 कोचिंग संस्थानों को नोटिस, यहां देखें लिस्ट

2030 के विकास लक्ष्यों पर बनेगी रणनीति

पंचायत विकास दिवस में संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी. पंचायतों को विकास से जुड़ी विभिन्न प्राथमिकताओं पर चर्चा कर स्थानीय जरूरतों के अनुरूप योजनाएं बनाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा. ग्रामीण विकास से संबंधित प्रमुख विषयों पर विशेष फोकस रहेगा.

‘मन की बात’ का सामूहिक प्रसारण भी होगा

कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को भी सामूहिक रूप से सुना जाएगा. इसके लिए पंचायत स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें.

पंचायत निधि और योजनाओं की जानकारी होगी सार्वजनिक

बैठक में पिछली बैठकों में लिए गए निर्णयों की समीक्षा की जाएगी. इसके अलावा ई-ग्राम स्वराज, ई-पंचायत और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज योजनाओं की स्थिति, पंचायत निधि के उपयोग और उपलब्ध राशि की जानकारी भी ग्रामीणों के सामने रखी जाएगी. पंचायत की आय बढ़ाने के संभावित उपायों पर भी चर्चा होगी.

सार्वजनिक भवनों में होगा आयोजन

पंचायत विकास दिवस का आयोजन पंचायत सरकार भवन, पंचायत भवन, विद्यालय, सामुदायिक भवन अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर किया जाएगा. कार्यक्रम में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पेयजल, शौचालय और रोशनी जैसी बुनियादी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया है.

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां की अर्जी पर SDPO-थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस

पारदर्शिता और जवाबदेही को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि इस पहल से पंचायतों में पारदर्शिता और जवाबदेही मजबूत होगी. ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी सीधे मिलेगी और वे विकास कार्यों की निगरानी में भी अपनी भूमिका निभा सकेंगे. इससे स्थानीय स्तर पर लोकतांत्रिक भागीदारी को मजबूती मिलने की उम्मीद है.

इसे भी पढ़ें-दरभंगा से जयपुर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस, इस तारीख से शुरू होगी नियमित सेवा

पटना में फायर सेफ्टी जांच तेज, खान ग्लोबल समेत 106 कोचिंग संस्थानों को नोटिस, यहां देखें लिस्ट

पटना कोचिंग जांच
पटना में फायर सेफ्टी जांच तेज.

Khan sir Coaching : पटना में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अग्निशमन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है. लखनऊ में हाल ही में हुई आग की घटना के बाद मंगलवार को राजधानी के विभिन्न कोचिंग केंद्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान खान ग्लोबल स्टडी सहित कई बड़े संस्थानों का निरीक्षण किया गया. जांच में कई जगह अग्नि सुरक्षा से जुड़ी खामियां सामने आने पर संबंधित प्रबंधन को नोटिस जारी किया गया है.

प्रमुख कोचिंग हब में चला विशेष अभियान

अग्निशमन विभाग की टीम ने मुसल्लहपुर, भिखना पहाड़ी, अशोक राजपथ और अन्य प्रमुख शैक्षणिक क्षेत्रों में स्थित कोचिंग संस्थानों का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान फायर फाइटिंग उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्ग, अलार्म सिस्टम और अन्य सुरक्षा इंतजामों की स्थिति का आकलन किया गया. कई संस्थानों में निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरा पालन नहीं मिलने पर विभाग ने आवश्यक सुधार करने का निर्देश दिया.

पटना में बदलेगी सिटी बसों की तस्वीर, CNG बसों की जगह उतरेंगी 150 नई ई-बसें

समयसीमा के भीतर सुधार नहीं हुआ तो होगी कार्रवाई

जिला अग्निशमन पदाधिकारी रितेश पांडेय ने बताया कि जिन संस्थानों में कमियां मिली हैं, उन्हें जल्द आवश्यक व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समय के भीतर सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है. आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग जैसी कार्रवाई भी की जाएगी.

106 संस्थानों में सुरक्षा मानकों की कमी

पटना जिले में वर्तमान में 284 कोचिंग संस्थान संचालित हो रहे हैं. इनमें 178 संस्थानों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़े आवश्यक मानकों को पूरा कर लिया है, जबकि 106 संस्थानों में अभी भी व्यवस्थाएं अधूरी पाई गई हैं. विभाग का मानना है कि ऐसे संस्थानों में किसी आपात स्थिति के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है.

दरभंगा से जयपुर के लिए नई अमृत भारत एक्सप्रेस, इस तारीख से शुरू होगी नियमित सेवा

लोदीपुर और बाढ़ क्षेत्र की स्थिति चिंता का विषय

निरीक्षण रिपोर्ट के अनुसार लोदीपुर फायर स्टेशन क्षेत्र सबसे अधिक संवेदनशील पाया गया, जहां 33 कोचिंग संस्थानों में सुरक्षा मानकों का अनुपालन अधूरा मिला. इस क्षेत्र में राजेंद्र नगर, कदमकुआं, मुसल्लहपुर, भिखना पहाड़ी, बीएम दास रोड और अशोक राजपथ जैसे प्रमुख कोचिंग केंद्र शामिल हैं.

पटना में कोचिंग की स्थिति

फायर स्टेशनकुल संस्थानअनुपालन पूर्णअनुपालन अपूर्ण
लोदीपुर1138033
कंकड़बाग403703
सचिवालय261610
फुलवारीशरीफ100901
दानापुर080701
पटना सिटी241707
बाढ़330132
मसौढ़ी130310
पालीगंज170809

वहीं बाढ़ अनुमंडल की स्थिति और अधिक गंभीर पाई गई. यहां संचालित 33 कोचिंग संस्थानों में से 32 में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा इंतजाम नहीं मिले. विभाग ने संबंधित संस्थानों को तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने का निर्देश दिया है.

इसे भी पढ़ें-भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां की अर्जी पर SDPO-थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस

भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में बड़ी कार्रवाई, मां की अर्जी पर SDPO-थानेदार समेत 5 पुलिसकर्मियों पर केस

भरत तिवारी मामला भोजपुर
भरत भूषण तिवारी और मां आशा देवी.

Bharat Tiwari Encounter Case: बिहार के भरत भूषण तिवारी एनकाउंटर मामले में प्रशासन ने एक बड़ा एक्शन लिया है. मां आशा देवी द्वारा दिए गए शिकायती आवेदन के बाद शाहपुर थाने के एसएचओ (SHO), संबंधित एसडीपीओ (SDPO) और तीन अन्य पुलिसकर्मियों समेत कुल पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है. भोजपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) राज ने मंगलवार को इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि घटना के बाद शाहपुर थाने में केस दर्ज करने के लिए आवेदन मिला था, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई है.

फेसबुक लाइव कर किया था सरेंडर, फिर भी दाग दीं पांच गोलियां: पीड़ित मां

एसपी को सौंपे गए आवेदन में मां आशा देवी ने पुलिसिया कार्रवाई पर कई संगीन आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया कि उनका बेटा बाढ़ पीड़ितों और विस्थापितों के हक की आवाज बुलंद कर रहा था और उनकी समस्याओं को लेकर स्थानीय प्रशासन के खिलाफ लगातार संघर्षरत था.

बिहार की ताजा खबरों के लिए यहां क्लिक करें

शिकायत के मुताबिक, घटना के दिन पुलिस अधिकारी और जवान उनके घर पहुंचे और भरत तिवारी को अपने साथ चलने को कहा. मां का दावा है कि भरत ने पुलिस के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फेसबुक लाइव किया और अपने पास मौजूद हथियार को नीचे फेंककर खुद को कानून के हवाले कर दिया. इसके बावजूद पुलिसकर्मियों ने उसे जबरन दबोचकर जमीन पर पटक दिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस कार्रवाई में भरत को पांच गोलियां लगीं.

भरत तिवारी की मौत पर पवन सिंह ने उठाए सवाल; बोले- जल्द परिजनों से करूंगा मुलाकात

डीएसपी के इशारे पर हत्या करने का आरोप, जांच तेज

पीड़ित परिवार ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि यह पूरी फायरिंग जगदीशपुर के पुलिस उपाधीक्षक (DSP) के आदेश पर की गई. आवेदन में यह भी कहा गया है कि मुठभेड़ के बाद पुलिस भरत को अपने साथ ले गई और कई घंटों तक परिवार को उसकी स्थिति के बारे में कोई सटीक जानकारी नहीं दी गई. देर शाम परिजनों को सिर्फ उसकी मौत की खबर मिली, जिससे घर में चीख-पुकार मच गई.

परिजनों ने इस पूरे घटनाक्रम की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पुलिसकर्मियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है. पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद अब इस पूरे एनकाउंटर केस की दिशा बदल गई है, और आने वाले दिनों में जांच टीम की भूमिका पर सबकी नजरें टिकी रहेंगी.

इसे भी पढ़ें-

मुजफ्फरपुर में छात्रा की मौत से सनसनी, घर में मिला शव, परिजनों पर लगे गंभीर आरोप

मौसम का बड़ा अपडेट : इन राज्यों में होगी झमाझम बारिश, बिहार और यूपी के कुछ इलाकों में लू का प्रकोप जारी

मौसम विभाग बारिश अलर्ट
आंधी-बारिश का अलर्ट

Heavy Rain Warning: देश के विभिन्न हिस्सों में मानसून की गतिविधियां लगातार तेज हो रही हैं. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए मौसम को लेकर विस्तृत पूर्वानुमान जारी किया है. विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं और आने वाले दिनों में यह देश के कई और हिस्सों को कवर कर सकता है. वहीं दूसरी ओर कुछ राज्यों में अभी भी गर्म हवाओं और भीषण गर्मी का असर बना रह सकता है.

मानसून के विस्तार की अनुकूल परिस्थितियां

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो से तीन दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून उत्तर अरब सागर, गुजरात के कुछ अतिरिक्त क्षेत्रों, महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, छत्तीसगढ़ तथा मध्य प्रदेश के और इलाकों में आगे बढ़ सकता है. इसके बाद अगले तीन से चार दिनों में मानसून के झारखंड और बिहार के शेष भागों तथा उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों तक पहुंचने की संभावना जताई गई है.

कई राज्यों में बारिश का दौर तेज होने के संकेत, पहाड़ों से लेकर पूर्वोत्तर तक अलर्ट

मानसून की प्रगति के साथ कई राज्यों में वर्षा गतिविधियों में तेजी आने की उम्मीद है, जिससे लंबे समय से गर्मी झेल रहे इलाकों को राहत मिल सकती है.

पश्चिमी तट और पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आईएमडी के अनुसार इस सप्ताह पश्चिमी तटीय क्षेत्रों, पूर्वोत्तर भारत और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तथा सिक्किम में व्यापक वर्षा गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है. विभाग ने बताया है कि इन क्षेत्रों में 7 से 20 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की जा सकती है.

लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. निचले इलाकों में जलभराव और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन जैसी स्थितियां भी उत्पन्न हो सकती हैं.

बिहार समेत कई राज्यों में लू का असर बरकरार

बारिश की गतिविधियों के बावजूद देश के कुछ हिस्सों में गर्मी अभी भी परेशान कर सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश में अगले चार से पांच दिनों तक लू जैसी स्थिति बने रहने की संभावना है.

मौसम का बदलेगा मिजाज, 19 जून तक इन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

इसके अलावा विदर्भ, दक्षिण-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में अगले दो से तीन दिनों तक गर्म हवाएं चल सकती हैं. लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है.

जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में बारिश के संकेत

23 जून से 29 जून के बीच जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर बारिश होने की संभावना जताई गई है. वहीं 23 जून से 28 जून तक हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी कई जगहों पर वर्षा गतिविधियां बनी रह सकती हैं.

पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम के अचानक बदलने की आशंका को देखते हुए यात्रियों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 23 से 26 जून तथा 29 जून को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में बारिश होने की संभावना है.

इसके अलावा पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 23 और 24 जून तथा 29 जून को वर्षा दर्ज की जा सकती है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 जून और फिर 28 से 29 जून के बीच बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

राजस्थान के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 23 जून से 29 जून तक अलग-अलग स्थानों पर बारिश होने का अनुमान है. इससे तापमान में गिरावट आने की संभावना है.

तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी

आईएमडी ने कुछ पर्वतीय इलाकों के लिए विशेष चेतावनी भी जारी की है. विभाग के अनुसार 23 और 24 जून के दौरान जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में आंधी-तूफान की स्थिति बन सकती है.

बारिश और तेज हवाओं के बीच भी सारण रहा सबसे गर्म, कई जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी

इसके साथ ही 23 से 25 जून तक उत्तराखंड के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है. इन क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़कर 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है.

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की अपील की है.

कई राज्यों में मौसम का बदलेगा मिजाज

देशभर में मानसून की सक्रियता बढ़ने के साथ मौसम के स्वरूप में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है. जहां पश्चिमी तट, पूर्वोत्तर भारत और पहाड़ी राज्यों में बारिश का जोर बढ़ेगा, वहीं बिहार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और कुछ मध्य भारतीय क्षेत्रों में फिलहाल गर्मी और लू का असर बना रह सकता है. मौसम विभाग लगातार परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए है और समय-समय पर अपडेट जारी कर रहा है.

इसे भी पढ़ें-

बारिश और तेज हवाओं के बीच भी सारण रहा सबसे गर्म, कई जिलों में मौसम को लेकर चेतावनी

बिहार में शुरू हुआ मानसून का सफर, कई जिलों में बारिश; जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम

Vastu Tips: घर का राशन कीचन के किस कोने में रखें? वास्तु शास्त्र बताता है धन और सुख से जुड़ा संबंध

राशन रखने की दिशा
घर का राशन कीचन के किस कोने में रखें?.

Vastu Tips: वास्तु शास्त्र में घर की प्रत्येक वस्तु के स्थान को विशेष महत्व दिया गया है. मान्यता है कि रसोई और उसमें रखी खाद्य सामग्री का संबंध केवल भोजन तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह परिवार की समृद्धि, सुख-शांति और सकारात्मक वातावरण से भी जुड़ा माना जाता है. यही कारण है कि अनाज, दाल, आटा और अन्य राशन सामग्री को रखने के लिए भी कुछ दिशाओं को उपयुक्त बताया गया है.

खाद्य सामग्री के भंडारण के लिए किस दिशा को माना जाता है बेहतर?

वास्तु मान्यताओं के अनुसार घर में सूखी खाद्य सामग्री को रखने के लिए आग्नेय कोण यानी दक्षिण-पूर्व दिशा को उपयुक्त माना जाता है. यह दिशा अग्नि तत्व से संबंधित मानी जाती है, इसलिए रसोई और खाद्य भंडारण के लिए इसे अनुकूल बताया जाता है.

पति-पत्नी के बीच बढ़ रही है तकरार? रिश्ते में फिर घोल सकती हैं मिठास ये 4 आदतें

कहा जाता है कि इस दिशा में रखा गया राशन व्यवस्थित रहता है और घरेलू जरूरतों की पूर्ति में संतुलन बना रहता है. जिन घरों में अलग स्टोर रूम नहीं होता, वहां रसोई के दक्षिण-पूर्व हिस्से में राशन रखने की सलाह दी जाती है.

उत्तर-पूर्व दिशा को लेकर क्या मान्यता है?

वास्तु शास्त्र में उत्तर-पूर्व दिशा को आध्यात्मिक और धार्मिक गतिविधियों के लिए महत्वपूर्ण माना गया है. इसी कारण इस हिस्से में भारी सामान या बड़े स्तर पर खाद्य सामग्री का भंडारण करने से बचने की सलाह दी जाती है.

बच्चे के लिए चुनें ऐसा नाम, जो सफलता और उपलब्धि का प्रतीक बने

मान्यता है कि इस दिशा में अनाज या राशन जमा करने से घर की ऊर्जा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. हालांकि यह पूरी तरह पारंपरिक विश्वासों पर आधारित अवधारणा है.

किन स्थानों पर सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है?

कुछ वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार उत्तर, उत्तर-पश्चिम और अत्यधिक नमी वाले हिस्सों में लंबे समय तक राशन रखने से खाद्य सामग्री प्रभावित हो सकती है. ऐसे स्थानों पर हवा और तापमान की स्थिति के कारण सामान जल्दी खराब होने की आशंका बढ़ सकती है.

विशेष रूप से बारिश के मौसम में दाल, चावल और अन्य सूखी वस्तुओं को सुरक्षित रखने के लिए भंडारण स्थान का चयन सावधानी से करने की सलाह दी जाती है.

दक्षिण-पश्चिम दिशा को लेकर भी अलग राय

वास्तु सिद्धांतों में दक्षिण-पश्चिम दिशा को स्थिरता से जोड़ा जाता है, लेकिन खाद्य पदार्थों के नियमित उपयोग और भंडारण के लिए इसे पहली पसंद नहीं माना जाता. कुछ मान्यताओं के अनुसार इस दिशा में पर्याप्त प्रकाश और वायु प्रवाह नहीं होने से खाद्य सामग्री की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है.

बेटे के लिए ढूंढ रहे हैं छोटा और आकर्षक नाम? यहां देखें 3 अक्षरों वाले मॉडर्न नामों की शानदार सूची

राशन रखते समय किन बातों का रखें ध्यान?

वास्तु मान्यताओं के साथ-साथ व्यावहारिक पहलुओं को भी महत्व दिया जाता है. खाद्य सामग्री को रखने वाले स्थान को साफ, सूखा और हवादार रखना आवश्यक माना जाता है. साथ ही राशन को बंद कंटेनरों में रखने और समय-समय पर उसकी जांच करने की सलाह दी जाती है.

वास्तु शास्त्र में बताए गए ये नियम पारंपरिक मान्यताओं पर आधारित हैं. कई लोग इन्हें घर में सकारात्मक वातावरण बनाए रखने के लिए अपनाते हैं, जबकि कुछ लोग इन्हें केवल सांस्कृतिक परंपरा के रूप में देखते हैं.

इसे भी पढ़ें-

बच्चे के लिए चुनें ऐसा नाम, जो सफलता और उपलब्धि का प्रतीक बने
टिफिन लौटेगा खाली, बच्चों को खूब पसंद आएगा आलू-चीज सैंडविच
शनिवार सुबह करें ये आसान उपाय, घर में बढ़ेगी पॉजिटिव एनर्जी; कामों में नहीं आएगी रुकावट

Aaj Ka Rashifal 23 June : कन्या राशि में चंद्रमा का प्रभाव, जानिए मेष से मीन तक सभी राशियों का हाल

आज का राशिफल 26 जून 2026
Aaj Ka Rashifal 26 June 2026

Aaj Ka Rashifal 23 June 2026: ज्योतिषीय दृष्टि से आज मंगलवार का दिन विशेष माना जा रहा है. पंचांग के अनुसार ज्येष्ठ शुक्ल पक्ष की नवमी तिथि सायं तक प्रभावी रहेगी, जिसके बाद दशमी तिथि प्रारंभ होगी. आज चंद्रमा कन्या राशि में स्थित हैं, जिससे व्यवहार में व्यावहारिकता, योजनाबद्ध कार्यशैली और निर्णय क्षमता बढ़ सकती है. कई राशियों के लिए आज करियर और आर्थिक मामलों में प्रगति के संकेत हैं, जबकि कुछ राशियों को धैर्य और संयम से काम लेने की सलाह दी जाती है.

आइए जानते हैं सभी 12 राशियों का विस्तृत राशिफल.

मेष राशि

मेष राशि के लोगों के लिए आज का दिन संतुलन बनाए रखने का संकेत दे रहा है. नौकरीपेशा लोगों को कार्यस्थल पर अतिरिक्त जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. किसी पुराने कार्य को पूरा करने का अवसर मिलेगा. व्यापार में जल्दबाजी से बचना बेहतर रहेगा. प्रेम संबंधों में संवाद की कमी से गलतफहमी पैदा हो सकती है. स्वास्थ्य के मामले में खानपान पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है. विद्यार्थियों को पढ़ाई में अधिक एकाग्रता रखनी होगी.

वृषभ राशि

आज का दिन वृषभ राशि वालों के लिए लाभकारी रह सकता है. कार्यक्षेत्र में आपके प्रयासों को सराहना मिल सकती है. लंबे समय से रुका कोई काम आगे बढ़ सकता है. कारोबार से जुड़े लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं. पारिवारिक जीवन सुखद रहेगा और प्रियजनों के साथ समय बिताने का मौका मिलेगा. आर्थिक स्थिति मजबूत रहने के संकेत हैं. विद्यार्थियों के लिए भी दिन सकारात्मक परिणाम देने वाला रहेगा.

मिथुन राशि

मिथुन राशि के जातकों के लिए दिन उत्साह से भरा रह सकता है. कार्यक्षेत्र में आपकी सक्रियता लाभ पहुंचाएगी. नए संपर्क भविष्य में उपयोगी साबित हो सकते हैं. व्यापार में नए सौदों से फायदा मिलने की संभावना है. प्रेम जीवन में मधुरता बनी रहेगी. परिवार के साथ समय बिताने का अवसर मिलेगा. स्वास्थ्य सामान्य रहेगा, हालांकि अत्यधिक मानसिक दबाव से बचना चाहिए.

कर्क राशि

कर्क राशि वालों के लिए आज आर्थिक मामलों में अच्छी खबर मिल सकती है. नौकरी और व्यवसाय दोनों क्षेत्रों में प्रगति के संकेत हैं. आपके प्रयासों का सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेगा. पारिवारिक माहौल सहयोगपूर्ण रहेगा. प्रेम संबंधों में मजबूती आएगी. छोटी यात्रा का योग बन सकता है. स्वास्थ्य के मामले में दिन सामान्य रहेगा और मानसिक संतुलन बना रहेगा.

सिंह राशि

सिंह राशि के लोगों के लिए दिन कुछ मामलों में सावधानी बरतने का संकेत दे रहा है. कार्यक्षेत्र में व्यस्तता अधिक रह सकती है. खर्चों पर नियंत्रण रखना आवश्यक होगा. आर्थिक मामलों में सोच-समझकर निर्णय लें. रिश्तों में संवाद बनाए रखना जरूरी रहेगा. स्वास्थ्य के प्रति लापरवाही न करें. विद्यार्थियों को अपेक्षित परिणाम पाने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ सकती है.

कन्या राशि

कन्या राशि के लिए आज का दिन विशेष महत्व रखता है. चंद्रमा आपकी ही राशि में होने से आत्मविश्वास बढ़ेगा. कार्यक्षेत्र में आपकी क्षमता और नेतृत्व कौशल की प्रशंसा हो सकती है. व्यापार विस्तार की योजनाएं सफल होने के संकेत हैं. पारिवारिक जीवन में सुखद वातावरण रहेगा. प्रेम संबंधों में निकटता बढ़ेगी. स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और मन प्रसन्न रहेगा.

तुला राशि

तुला राशि के जातकों को आज धैर्य के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है. कार्यक्षेत्र में दबाव बढ़ सकता है. कुछ अनावश्यक खर्च परेशान कर सकते हैं. निवेश संबंधी निर्णय फिलहाल टालना बेहतर रहेगा. रिश्तों में संवेदनशीलता बनाए रखें. मानसिक तनाव से बचने के लिए पर्याप्त आराम करें. विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की जरूरत है.

वृश्चिक राशि

वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन उपलब्धियों से जुड़ा हो सकता है. नौकरी में नए अवसर सामने आ सकते हैं. व्यापार में लाभ की स्थिति बन रही है. आर्थिक मामलों में सकारात्मक परिणाम मिलने की संभावना है. प्रेम जीवन में खुशियां बनी रहेंगी. परिवार का सहयोग मिलेगा. स्वास्थ्य भी अनुकूल रहेगा. विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के संकेत मिल सकते हैं.

इसे भी पढ़ें-इस दिन की ये 5 गलतियां डाल सकती हैं असर, गुरुवार को रखें खास सावधानी

धनु राशि

धनु राशि के लोगों के लिए दिन मिश्रित परिणाम लेकर आ सकता है. कार्यस्थल पर कुछ चुनौतियां सामने आ सकती हैं, लेकिन धैर्य से समाधान संभव होगा. व्यापार में बजट और खर्चों पर नियंत्रण रखना आवश्यक रहेगा. पारिवारिक मामलों में संयमित व्यवहार लाभ देगा. स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहें. विद्यार्थियों को पढ़ाई में निरंतरता बनाए रखनी होगी.

मकर राशि

मकर राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य का साथ दिलाने वाला साबित हो सकता है. रुके हुए कार्यों में गति आएगी. नौकरी और व्यापार दोनों क्षेत्रों में सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं. आर्थिक लाभ के संकेत हैं. प्रेम जीवन में मधुरता बनी रहेगी. परिवार में कोई शुभ समाचार मिलने की संभावना है. स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी.

कुम्भ राशि

कुम्भ राशि के जातकों को आज सोच-समझकर निर्णय लेने की जरूरत है. कार्यक्षेत्र में अचानक बदलाव की स्थिति बन सकती है. व्यापार में दस्तावेजी कार्यों को लेकर सावधानी बरतनी होगी. किसी पर भी आंख बंद कर भरोसा करने से बचें. पारिवारिक मामलों में धैर्य रखें. स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की आवश्यकता है. विद्यार्थियों को पढ़ाई में एकाग्रता बनाए रखने का प्रयास करना होगा.

मीन राशि

मीन राशि वालों के लिए आज का दिन अनुकूल संकेत दे रहा है. कार्यक्षेत्र में आपकी प्रतिभा की सराहना हो सकती है. व्यवसाय में लाभ के अवसर मिलेंगे. साझेदारी के कार्यों में सफलता मिलने की संभावना है. प्रेम जीवन में खुशियां बनी रहेंगी. परिवार और मित्रों का सहयोग मिलेगा. स्वास्थ्य सामान्य से बेहतर रहेगा. छोटी यात्रा लाभदायक साबित हो सकती है. विद्यार्थियों को पढ़ाई में अच्छे परिणाम मिलने के संकेत हैं.

इसे भी पढ़ें-बुध दोष से कुंडली में बढ़ती हैं ये समस्याएं, जानें लक्षण और उपाय

Disclaimer : यह राशिफल स्थिति पर आधारित है. विशेष मार्गदर्शन के लिए किसी ज्योतिषी से परामर्श करें.

लखनऊ अग्निकांड पर सख्त कार्रवाई, जांच के लिए एसआईटी गठित, चार अधिकारी निलंबित

लखनऊ अग्निकांड जांच
लखनऊ अग्निकांड पर सख्त कार्रवाई.

Lucknow Fire Tragedy : लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले में तेजी से कार्रवाई शुरू कर दी है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरे घटनाक्रम की समीक्षा करते हुए उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं. इसके तहत दो सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जो आग लगने के कारणों और जिम्मेदार लोगों की भूमिका की जांच करेगा.

वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई जांच की जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री ने पांच कालीदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर शीर्ष अधिकारियों के साथ बैठक की. इस दौरान अपर मुख्य सचिव अमृत अभिजात और अपर पुलिस महानिदेशक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित करने का निर्णय लिया गया. एसआईटी को पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है.

लखनऊ अग्निकांड में 15 की मौत, कई घायल; सीएम योगी ने तलब की रिपोर्ट, जांच के आदेश

चार लोगों की गिरफ्तारी

घटना के संबंध में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में रामकृष्ण उपाध्याय, वीरेंद्र प्रसाद शुक्ला, तूशॉक कृष्णा जायसवाल और सुरेश कुमार साहू शामिल हैं. पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सुरक्षा मानकों में कहां चूक हुई.

चार अधिकारियों पर गिरी गाज

सरकारी स्तर पर जिम्मेदारी तय करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है. मुख्यमंत्री के निर्देश पर चार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया. इनमें बिजली विभाग, अग्निशमन विभाग और लखनऊ विकास प्राधिकरण से जुड़े अधिकारी शामिल हैं. सरकार का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

अलीगढ़ से सीधे लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री

हादसे के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अलीगढ़ के दौरे पर थे. घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने अपने निर्धारित कार्यक्रम स्थगित कर दिए और तत्काल लखनऊ रवाना हो गए. रवाना होने से पहले उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए थे.

घटनास्थल और अस्पताल का किया निरीक्षण

लखनऊ पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने सबसे पहले अग्निकांड स्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया. इसके बाद उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना. अस्पताल में चिकित्सकों से बातचीत कर उन्होंने बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

मृतकों और घायलों के लिए सहायता की घोषणा

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. वहीं घायल लोगों को पचास-पचास हजार रुपये की मदद उपलब्ध कराने का भी फैसला किया गया. सरकार ने भरोसा दिलाया है कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी.

इसे भी पढ़ें-

कर्नाटक MLC चुनाव में कांग्रेस का दबदबा, विपक्ष के वोटों को लेकर शुरू हुई नई चर्चा
ISI हैंडलर से जुड़े नेटवर्क पर दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन, 5 आरोपियों को दबोचा

भागलपुर में सुबह-सुबह स्कूल वैन और कार की भिड़ंत, 2 बच्चे घायल, जांच में जुटी पुलिस

भागलपुर सड़क हादसा
बाइपास पर स्कूल वैन और कार की भिड़ंत.

Bhagalpur Road Accident : भागलपुर के बाईपास थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क दुर्घटना में स्कूल वैन और कार आमने-सामने टकरा गईं. हादसा दुमका मुख्य मार्ग पर होंडा शोरूम के पास हुआ. टक्कर इतनी तेज थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि स्कूल वैन में सवार दो बच्चे घायल हो गए. घटना के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई.

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों वाहन तेज आवाज के साथ टकराए. दुर्घटना होते ही आसपास मौजूद लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बच्चों को वाहन से बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई.

भागलपुर-कटिहार यात्रियों को राहत, स्पेशल ट्रेन 10 जुलाई तक चलेगी
भागलपुर में सुबह-सुबह स्कूल वैन और कार की भिड़ंत, 2 बच्चे घायल, जांच में जुटी पुलिस Bhagalpur Road Accident 2

कार और वैन को पहुंचा नुकसान

टक्कर के प्रभाव से कार को सबसे अधिक क्षति पहुंची. वहीं स्कूल वैन भी दुर्घटना की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई. जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त कार हुसैनाबाद, गुलाबबाग निवासी मोहम्मद आसिफ की बताई जा रही है. हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की आवाजाही भी कुछ समय के लिए प्रभावित रही.

भागलपुर की नई डीएम अलंकृता पांडेय ने संभाली कमान, श्रावणी मेला तैयारियों पर रहेगा विशेष फोकस

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस

घटना की जानकारी मिलने पर बाईपास थानाध्यक्ष चनबीर यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने स्थिति का जायजा लिया और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को अपने कब्जे में ले लिया. इसके बाद सड़क पर यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया.

दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा. जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने प्रशासन से यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.

इसे भी पढ़ें-आर्थिक तंगी से परेशान अतिथि शिक्षक ने मांगी इच्छा मृत्यु, बर्खास्तगी के विरोध में परिवार संग धरने पर बैठे