Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की घटना में घायल उमेश चौहान अपने परिवार का पेट पालने के लिए दो काम करते हैं. ड्राइवर और घरेलू कामगार के तौर पर काम करने वाले उमेश की कमाई से उनकी पत्नी और छह साल के बेटे का गुजारा होता है. लेकिन 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू में हुई फायरिंग के दौरान वह भी गोली का शिकार हो गए. उस वक्त वह टाइगर श्रॉफ की कार के पास खड़े होकर वीडियो बना रहे थे. अचानक सीने में दर्द उठा, सांस लेने में परेशानी हुई और वह बेहोश हो गए.
टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के बीच सलमान खान का ‘बिग बॉस 20’ से ब्रेक, क्या है वजह?
टायर फटने की आवाज समझी, फिर सीने में उठा तेज दर्द
उमेश चौहान ने एक इंटरव्यू में बताया कि टाइगर श्रॉफ की कार पार्किंग से बाहर निकल रही थी. वह कार की खिड़की के पास खड़े होकर वीडियो बना रहे थे. तभी अचानक तेज आवाज सुनाई दी. शुरुआत में उन्हें लगा कि किसी गाड़ी का टायर फट गया है, लेकिन कुछ ही देर में उनके सीने में तेज दर्द होने लगा.
दर्द के साथ सांस लेने में परेशानी बढ़ी, तो वह वहां मौजूद लोगों से मदद मांगने लगे. उस समय उन्हें पता नहीं था कि गोली लगी है. उन्हें लगा कि शायद हार्ट अटैक आ रहा है. मदद के लिए चिल्लाते-चिल्लाते वह बेहोश हो गए.
कूपर अस्पताल से KEM तक पहुंचा इलाज
घटना के बाद उमेश को जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया. शुरुआती जांच के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए मुंबई के परेल स्थित केईएम अस्पताल में भर्ती कराया गया. वहां जांच के दौरान पता चला कि उनके सीने में गोली लगी है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, गोली उनके लीवर तक पहुंच गई थी. हालांकि, उनके दिल और फेफड़ों को नुकसान नहीं पहुंचा. फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है.
टाइगर श्रॉफ की मां ने अस्पताल में जाना हाल
उमेश के मुताबिक, मंगलवार को टाइगर श्रॉफ की मां उनसे मिलने अस्पताल पहुंचीं. उन्होंने उमेश का हाल जाना और मदद का भरोसा दिया. घटना के बाद उमेश का इलाज जारी है.
टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में बिहार का नाबालिग हिरासत में, कोटा से 2 गिरफ्तार
जुहू में कार पर तीन राउंड फायरिंग का आरोप
यह घटना 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में पुष्पा नरसी पार्क के फुटबॉल ग्राउंड के पास हुई थी. टाइगर श्रॉफ अपने ड्राइवर के साथ कार में सवार होकर निकल रहे थे, तभी बाइक पर आए तीन लोगों में से दो ने कार पर गोलियां चलाईं. तीसरा व्यक्ति बाइक लेकर भागने के लिए तैयार था.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, कार पर करीब तीन राउंड फायरिंग की गई. इसी दौरान उमेश चौहान को गोली लगी. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है.



