Bhagalpur : भागलपुर के शाहकुंड थाना क्षेत्र के गुड़गम्मा गांव में सौरभ कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से परिवार में कोहराम मचा है. मौत की सूचना मिलने के बाद उसकी पत्नी और परिजनों में हड़कंप मच गया. मृतक की पत्नी ने ससुराल पक्ष पर शादी के बाद से प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है. पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और मौत की वजह सामने लाने के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है.
भागलपुर जिले के प्रखंडों में लगा सेवा सेतु शिविर, योजनाओं से जोड़े गये पात्र लाभुक
मृतक की पत्नी के अनुसार, करीब दो साल पहले उसकी सौरभ कुमार से लव मैरिज हुई थी. पत्नी का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग इस रिश्ते को स्वीकार नहीं कर रहे थे. इसी वजह से उसे लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था. पत्नी के मुताबिक, हालात बिगड़ने के बाद सौरभ उसे उसकी बुआ के घर छोड़ आया था.
पत्नी ने बताया कि वह अपनी बुआ के घर रह रही थी. इसी दौरान उसे किसी दूसरे व्यक्ति के जरिए जानकारी मिली कि उसका पति मायागंज अस्पताल में भर्ती है. सूचना मिलते ही वह मायागंज अस्पताल पहुंची, जहां उसने सौरभ को मृत अवस्था में देखा.
पति की मौत की जानकारी मिलने के बाद पत्नी और उसके मायके पक्ष में हड़कंप मच गया. पत्नी ने ससुराल वालों पर गंभीर सवाल उठाते हुए मामले की पूरी जांच कराने की मांग की है. हालांकि, सौरभ की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई दूसरी वजह है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा.
पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है. इसके लिए परिजनों से पूछताछ के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है.
इसे भी पढ़ें-



