Patna Atal Path Accident: दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे लोगों के लिए रविवार की रात अटल पथ पर हादसा जानलेवा साबित हुआ. पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र में महेशनगर के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर राहगीरों को टक्कर मारते हुए पलट गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पलटने के बाद वाहन हवा में उछलता हुआ करीब 80 मीटर दूर जा गिरा.
हादसे में छह लोगों के घायल होने की जानकारी है, जबकि दो लोगों की मौत की सूचना भी सामने आई है. हालांकि, मौतों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
पटना में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़, जवाबी फायरिंग में शुभम के पैर में लगी गोली
मेला देखकर लौट रहे सात लोगों को स्कॉर्पियो ने लिया चपेट में
पटना के सहयोग अस्पताल में भर्ती घायल रणवीर कुमार ने बताया कि सात लोग दुर्गा पूजा का मेला देखकर पैदल घर लौट रहे थे. इसी दौरान पलटती हुई स्कॉर्पियो ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में सड़क से गुजर रहा एक बाइक सवार भी घायल हुआ. टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया.
तेज रफ्तार में पलटी गाड़ी, 80 मीटर दूर जाकर गिरी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्कॉर्पियो की रफ्तार काफी तेज थी. चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सड़क पर चल रहे लोगों को टक्कर मारने लगी. इसके बाद स्कॉर्पियो पलट गई और उछलते हुए करीब 80 मीटर दूर जा गिरी. दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो पर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा लगा हुआ था.
घायल किशोरों में 13 से 15 वर्ष तक के बच्चे
हादसे में घायल लोगों की उपलब्ध सूची में कई किशोरों के नाम हैं. इनमें रणवीर कुमार, 15 वर्ष, मोहित कुमार, 13 वर्ष, दीपक कुमार, 14 वर्ष, पीयूष कुमार, 15 वर्ष और अमरजीत कुमार, 14 वर्ष शामिल हैं.
मोहित कुमार ने बताया कि उसके हाथ में चोट आई है, जबकि उसका भाई भी अस्पताल में भर्ती है. हादसे में घायल अन्य लोगों की पहचान और उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आनी बाकी है.
रात 11:45 बजे परिजनों को मिली हादसे की सूचना
छात्र दीपक कुमार राज के पिता सत्येंद्र मिस्त्री ने बताया कि उनका बेटा रविवार शाम करीब 6:15 बजे मेला देखने निकला था. रात 11:45 बजे पाटलिपुत्र थाने से उन्हें हादसे की सूचना मिली. मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजे जाने की जानकारी है.
पाटलिपुत्र थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे में दो लोगों की मौत की सूचना की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. दुर्घटना के कारणों और स्कॉर्पियो से जुड़े तथ्यों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें-



