इस खबर में क्या है?
Bhagalpur News : विक्रमशिला सेतु हादसे के बाद अब पुल की संरचनात्मक स्थिति की गहराई से जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी गयी है. शुरुआती निरीक्षण में केवल बाहरी हिस्सों का आकलन हो सका था, लेकिन अब अंदरूनी संरचना की वास्तविक स्थिति जानने के लिये अत्याधुनिक मशीनों से स्कैनिंग करायी जायेगी. इसके लिये आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम को जिम्मेदारी सौंपी गयी है.
पिछले कुछ दिनों में हुई प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि पुल के कई हिस्सों में दबाव और क्षति के संकेत मिले हैं. हालांकि तकनीकी टीम पुल के अंदरूनी भागों तक प्रत्यक्ष रूप से नहीं पहुंच सकी, जिसके कारण विस्तृत वैज्ञानिक जांच की जरूरत महसूस की गयी. इसी के बाद मशीन आधारित स्कैनिंग कराने का फैसला लिया गया.
आईआईटी पटना की सलाह पर बनी योजना
आईआईटी पटना की विशेषज्ञ टीम ने सेतु की स्थिति का सटीक आकलन करने के लिये आधुनिक तकनीक से स्कैनिंग कराने की सिफारिश की थी. इस सुझाव को मंजूरी दे दी गयी है और अब आईआईटी की तकनीकी विंग पूरे पुल की मशीनरी जांच करेगी. अधिकारियों का मानना है कि इससे पुल की वास्तविक स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सकेगी.
तीन दिनों में पहुंचेगी तकनीकी टीम
जानकारी के अनुसार अगले तीन दिनों के भीतर विशेषज्ञ टीम अत्याधुनिक उपकरणों के साथ विक्रमशिला सेतु पहुंचेगी. मशीनों के जरिये पुल के प्रत्येक हिस्से का बारीकी से परीक्षण किया जायेगा. जांच में यह पता लगाया जायेगा कि किस स्लैब या संरचनात्मक हिस्से में दरार, कमजोरी या अन्य तकनीकी समस्या मौजूद है.
रिपोर्ट के बाद बनेगी मरम्मत रणनीति
तकनीकी परीक्षण पूरा होने के बाद आईआईटी पटना की टीम विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी. इसी रिपोर्ट के आधार पर मरम्मत, मजबूतीकरण और आगे की तकनीकी कार्रवाई तय की जायेगी. विभाग का कहना है कि जिन हिस्सों में ज्यादा कमजोरी पायी जायेगी, वहां प्राथमिकता के आधार पर कार्य शुरू कराया जायेगा.
मरम्मत जिम्मेदारी पर भी होगा फैसला
वर्तमान में विक्रमशिला सेतु के रखरखाव की जिम्मेदारी एनएच विभाग के पास है. हादसे के बाद नियमित निगरानी और मरम्मत में लापरवाही के आरोप में संबंधित कार्यपालक अभियंता को निलंबित किया जा चुका है. अब उच्च स्तर पर यह तय करने की प्रक्रिया चल रही है कि भविष्य में सेतु की मरम्मत और निगरानी का जिम्मा किस एजेंसी को दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु; राउरकेला से आयेगी बेली ब्रिज की सामग्री, सप्ताह में शुरू होगा निर्माण कार्य
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु पर बनेगा बेली ब्रिज, एक-एक तरफ से छोड़े जायेंगे वाहन
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु पर असर के बाद जलमार्ग बना सहारा, गंगा घाटों पर बढ़ायी गयी सुरक्षा व्यवस्था
इसे भी पढ़ें-गांवों में कचरा उठाव ठप, 55 फीसदी वाहन खराब, DDC ने लगायी फटकार

