Aaj Ka Love Rashifal 29 March 2026: आज 29 मार्च 2026, रविवार का दिन है. पंचांग के अनुसार चैत्र शुक्ल पक्ष की एकादशी और द्वादशी का संयोग बन रहा है. ग्रहों की स्थिति आज प्रेम और रिश्तों के मामलों में गहरा असर डालने वाली है. दोपहर बाद चंद्रमा सिंह राशि में प्रवेश करेंगे, जहां केतु पहले से मौजूद हैं. वहीं कुम्भ राशि में मंगल और राहु की युति आकर्षण, बेचैनी, भ्रम और जुनून जैसी स्थितियां पैदा कर सकती है. ऐसे में आज कई राशियों के प्रेम संबंधों और वैवाहिक जीवन में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकते हैं. आइए जानते हैं ज्योतिषाचार्य से, आज आपकी लव लाइफ कैसी रहने वाली है.
मेष लव राशिफल
मेष राशि के लोगों के लिए आज का दिन प्रेम के लिहाज से अनुकूल रह सकता है. प्रथम भाव में शुक्र की स्थिति आपके व्यक्तित्व में आकर्षण बढ़ा रही है. प्रेम संबंधों में नजदीकियां बढ़ेंगी और साथी के साथ पहले की गलतफहमियां कम हो सकती हैं. दांपत्य जीवन में भी रोमांस का असर दिखाई देगा. हालांकि मंगल और राहु के प्रभाव के कारण किसी पुरानी बात पर अचानक बहस हो सकती है. इसलिए आज शक और जिद से दूरी बनाए रखना बेहतर रहेगा.
वृषभ लव राशिफल
वृषभ राशि वालों के लिए आज का दिन रिश्तों में सावधानी बरतने का संकेत दे रहा है. शुक्र का प्रभाव खर्च और मानसिक दबाव दोनों बढ़ा सकता है. यदि आप किसी रिश्ते में हैं, तो पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी होगा. साथी से कोई बात छिपाने की कोशिश आगे परेशानी पैदा कर सकती है. शादीशुदा लोगों के लिए भी दिन थोड़ा संवेदनशील रह सकता है. हालांकि दोपहर के बाद माहौल कुछ बेहतर होगा, लेकिन बातचीत में नरमी बनाए रखना जरूरी रहेगा.
मिथुन लव राशिफल
मिथुन राशि के लोगों के लिए आज प्रेम जीवन में राहत और मिठास बनी रह सकती है. गुरु की अनुकूल स्थिति रिश्तों में भरोसा और समझ बढ़ाने का काम करेगी. प्रेमी-प्रेमिका के बीच बातचीत बढ़ेगी और भविष्य को लेकर सकारात्मक सोच बन सकती है. विवाहित जीवन में भी सामंजस्य बना रहेगा. जीवनसाथी के साथ किसी धार्मिक या शांत जगह पर जाने की योजना बन सकती है. हालांकि किसी तीसरे व्यक्ति की दखल से थोड़ा सतर्क रहना होगा.
कर्क लव राशिफल
कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन भावनात्मक रूप से थोड़ा भारी रह सकता है. दोपहर तक चंद्रमा आपकी राशि में रहेंगे, लेकिन बाद में सिंह राशि में जाकर केतु के प्रभाव में आ जाएंगे. इसका असर आपके प्रेम संबंधों पर भी पड़ सकता है. लव लाइफ में अचानक दूरी, गलतफहमी या तनाव की स्थिति बन सकती है. विवाहित जीवन में भी संवाद की कमी परेशानी बढ़ा सकती है. आज किसी भी बात को जरूरत से ज्यादा बढ़ाने के बजाय धैर्य और शांति बनाए रखना बेहतर रहेगा.
सिंह लव राशिफल
सिंह राशि के लोगों के लिए आज का दिन मिले-जुले परिणाम देने वाला रहेगा. दोपहर के बाद चंद्रमा आपकी ही राशि में केतु के साथ रहेंगे, जिससे मन में अस्थिरता या असुरक्षा की भावना बढ़ सकती है. प्रेम संबंधों में आकर्षण तो बना रहेगा, लेकिन मन की उलझनें रिश्ते में तनाव पैदा कर सकती हैं. शादीशुदा लोगों को जीवनसाथी का साथ मिलेगा, लेकिन जिद्दी स्वभाव के कारण विवाद हो सकता है. आज भावनाओं को नियंत्रित रखना सबसे जरूरी रहेगा.
कन्या लव राशिफल
कन्या राशि वालों के लिए आज रिश्तों में संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा. मीन राशि में सूर्य और शनि का प्रभाव आपके संबंधों के भाव को प्रभावित कर रहा है. ऐसे में प्रेमी या प्रेमिका के साथ किसी छोटी बात को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है. विवाहित लोगों को भी जीवनसाथी के व्यवहार या स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है. दिन को बेहतर बनाने के लिए साथी को थोड़ा स्पेस दें और शाम के समय शांत मन से बात करने की कोशिश करें.
तुला लव राशिफल
तुला राशि के लोगों के लिए आज प्रेम जीवन में उत्साह और अपनापन बना रह सकता है. मंगल और राहु का प्रभाव रिश्तों में ऊर्जा और आकर्षण दोनों बढ़ा रहा है. प्रेम संबंधों में आज आपसी तालमेल अच्छा रहेगा और एक-दूसरे के प्रति लगाव ज्यादा महसूस होगा. दांपत्य जीवन में भी रोमांच और खुशी बनी रह सकती है. साथी की ओर से कोई प्यारा सरप्राइज मिल सकता है. बस अहंकार को बीच में आने से रोकना होगा.
वृश्चिक लव राशिफल
वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन प्रेम संबंधों में थोड़ी सावधानी मांगता है. मंगल और राहु की युति मानसिक बेचैनी और घरेलू तनाव को बढ़ा सकती है. प्रेमी-प्रेमिका के बीच किसी पुरानी बात को लेकर तीखी नोकझोंक हो सकती है. विवाहित लोगों के लिए भी घरेलू जिम्मेदारियों की वजह से रोमांस कम महसूस हो सकता है. आज विवादित मुद्दों से दूरी बनाए रखना ही आपके रिश्ते के लिए अच्छा रहेगा.
धनु लव राशिफल
धनु राशि के लोगों के लिए आज प्रेम जीवन में ताजगी और खुशी बनी रह सकती है. पंचम भाव में शुक्र का प्रभाव रिश्तों में मिठास और रोमांस बढ़ाने वाला है. प्रेमी-प्रेमिका एक-दूसरे के साथ यादगार समय बिता सकते हैं. उपहार, बातचीत और मुलाकात का योग बन रहा है. वैवाहिक जीवन में भी पुरानी कड़वाहट कम होगी और आपसी संबंध बेहतर बनेंगे. आज साथी के साथ घूमने-फिरने या कहीं बाहर समय बिताने का अच्छा अवसर मिल सकता है.
मकर लव राशिफल
मकर राशि वालों को आज रिश्तों में बहुत सोच-समझकर बोलने की जरूरत है. मंगल और राहु का प्रभाव आपकी वाणी को तीखा बना सकता है. प्रेम संबंधों में आपकी कही हुई कोई कठोर बात गहरी चोट पहुंचा सकती है. दांपत्य जीवन में भी सामंजस्य बनाए रखना आसान नहीं रहेगा. छोटी सी बात बड़ा विवाद बन सकती है. आज का सबसे अच्छा उपाय यही है कि प्रतिक्रिया देने से पहले खुद को थोड़ा रोकें और बेवजह की बहस से दूर रहें.
कुम्भ लव राशिफल
कुम्भ राशि के लोगों के लिए आज का दिन प्रेम के मामले में जोश और आकर्षण से भरा रह सकता है. आपकी ही राशि में मंगल और राहु की मौजूदगी आपको भावनात्मक रूप से साहसी बना रही है. प्रेम संबंधों में आज आप अपने रिश्ते को आगे बढ़ाने के बारे में सोच सकते हैं. विवाहित जीवन में भी ऊर्जा बनी रहेगी. हालांकि अधिकार जताने या जिद करने की आदत रिश्ते में तनाव ला सकती है. इसलिए संतुलन बनाए रखना जरूरी होगा.
मीन लव राशिफल
मीन राशि वालों के लिए आज का दिन भावनात्मक रूप से थोड़ा संवेदनशील रह सकता है. सूर्य और शनि की युति आपको भीतर से भारी या अकेला महसूस करा सकती है. प्रेम संबंधों में साथी का व्यवहार आपको दूरी का एहसास करा सकता है. विवाहित लोगों को जिम्मेदारियों के कारण जीवनसाथी को पर्याप्त समय देने में कठिनाई हो सकती है. इससे रिश्ते में ठंडापन आ सकता है. ऐसे में एक-दूसरे की परिस्थितियों को समझना और धैर्य रखना आज बेहद जरूरी रहेगा.
इसे भी पढ़ें-बिहार में प्रॉपर्टी लेना अब पड़ेगा महंगा, अप्रैल से बढ़ सकता है सर्किल रेट

