RCB vs CSK: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले जा रहे मुकाबले में रन बरसते नजर आए. टॉस जीतकर चेन्नई ने पहले गेंदबाजी का फैसला किया, लेकिन यह दांव उसके लिए भारी पड़ गया. बेंगलुरु ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. इस बड़े स्कोर के पीछे सबसे बड़ा हाथ टिम डेविड की विस्फोटक पारी का रहा, जिन्होंने सिर्फ 25 गेंदों में नाबाद 70 रन ठोक दिए. उनकी इस धुआंधार बल्लेबाजी ने आखिरी ओवरों में मैच का पूरा रुख बदल दिया और चेन्नई के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया.
शुरुआती झटके के बाद संभली आरसीबी की पारी
पहले बल्लेबाजी करने उतरी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. टीम को पहला झटका विराट कोहली के रूप में लगा, जो 28 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद फिल सॉल्ट और देवदत्त पडिक्कल ने पारी को संभालने का काम किया. दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 56 रन की साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया. हालांकि असली हमला आखिरी ओवरों में देखने को मिला, जब टिम डेविड ने मैदान के चारों ओर शॉट्स की बरसात कर दी.
डेविड ने अपनी नाबाद 70 रन की पारी में 3 चौके और 8 लंबे छक्के जड़े. उनकी आक्रामक बल्लेबाजी के चलते बेंगलुरु ने 20 ओवर में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. चेन्नई की ओर से अंशुल कंबोज, जेमी ओवरटन और शिवम दुबे को एक-एक सफलता मिली.
चेन्नई और बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन
चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेइंग इलेवन में संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, प्रशांत वीर, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी और खलील अहमद शामिल रहे.
चेन्नई सुपर किंग्स के इम्पैक्ट सब में मैथ्यू शॉर्ट, अकील हुसैन, कार्तिक शर्मा, रामकृष्ण घोष और गुरजपनीत सिंह को रखा गया.
वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की प्लेइंग इलेवन में फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, अभिनंदन सिंह और जैकब डफी शामिल रहे.
आरसीबी के इम्पैक्ट सब में सुयश शर्मा, जैकब बेटेल, रसिख सलाम डार, कनिष्क चौहान और वेंकटेश अय्यर को जगह दी गई.
टॉस के बाद रुतुराज ने क्या कहा
टॉस जीतने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया. उन्होंने कहा कि यह एक हाई स्कोरिंग मैदान है और पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी नजर आ रही है. उनका मानना था कि इस विकेट पर काफी रन बन सकते हैं और उनकी टीम बेंगलुरु को कम से कम स्कोर पर रोकने की कोशिश करेगी.
एमएस धोनी की वापसी को लेकर पूछे गए सवाल पर रुतुराज ने कहा कि वह धीरे-धीरे वापसी की ओर बढ़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि कभी-कभी पूरी तरह फिट होने में समय लगता है और अगर वह खेलने के लिए तैयार होते हैं, तो जल्द मैदान पर नजर आएंगे. रुतुराज ने यह भी कहा कि पहला मुकाबला उनकी टीम के लिए निराशाजनक रहा था, लेकिन दूसरे मैच में बल्लेबाजी बेहतर रही. उनके मुताबिक टीम का हर खिलाड़ी आत्मविश्वास से भरा हुआ है और इसी कारण प्लेइंग इलेवन में कोई बदलाव नहीं किया गया.
रजत पाटीदार ने भी जताया भरोसा
टॉस हारने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार ने कहा कि उनकी टीम भी पहले गेंदबाजी करना चाहती थी. हालांकि उन्होंने यह भी माना कि पिच काफी हार्ड और ताजा नजर आ रही है, इसलिए पहले बल्लेबाजी मिलना भी टीम के लिए अच्छा अवसर है. उन्होंने कहा कि उनकी टीम इस स्थिति से खुश है और इसका पूरा फायदा उठाना चाहती है.
पाटीदार ने पिछले मुकाबले में टीम के प्रदर्शन की तारीफ करते हुए कहा कि लड़कों ने शानदार खेल दिखाया था और टीम उसी लय को इस मैच में भी बनाए रखना चाहती है. उनके मुताबिक टीम के हर खिलाड़ी को अपनी भूमिका पूरी तरह साफ है और इसी वजह से सभी का आत्मविश्वास काफी ऊंचा है. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी टीम बिना किसी बदलाव के मैदान में उतरी है.
इसे भी पढ़ें-सुदर्शन गरजे, बिश्नोई बरसे… गुजरात के हाथ से फिसल गया जीता-जिताया मैच
इसे भी पढ़ें-हैदराबाद ने कोलकाता को उसी के मैदान पर हराया, 227 रन का पीछा कर KKR 161 पर सिमटी

