इस खबर में क्या है?
West Bengal New CM Name: पश्चिम बंगाल की राजनीति में शुक्रवार का दिन बेहद अहम माना जा रहा है. भाजपा विधायक दल की बैठक में आज राज्य के अगले मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला हो सकता है. कोलकाता के न्यूटाउन स्थित विश्वबांग्ला कन्वेंशन सेंटर में शाम 4 बजे होने वाली इस बैठक को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है. भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक और शीर्ष नेता इस बैठक में शामिल होंगे, जहां सत्ता के नए चेहरे पर सहमति बनने की उम्मीद है.
अमित शाह की मौजूदगी से बढ़ी सियासी हलचल
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज कोलकाता पहुंच रहे हैं. उनके साथ ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी भी पर्यवेक्षक की भूमिका में मौजूद रहेंगे. पार्टी सूत्रों के मुताबिक विधायक दल की बैठक सिर्फ मुख्यमंत्री चुनने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सरकार के पूरे ढांचे पर भी चर्चा होगी. मंत्रिमंडल से लेकर विधानसभा अध्यक्ष तक कई अहम नामों पर मुहर लग सकती है.
शुभेंदु अधिकारी सबसे आगे, दो डिप्टी सीएम की चर्चा
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी का नाम सबसे ज्यादा चर्चा में है. भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराने के बाद पार्टी के भीतर उनका कद और मजबूत हुआ है. संगठन का एक बड़ा वर्ग उन्हें सरकार की कमान सौंपने के पक्ष में बताया जा रहा है.
इसी बीच यह चर्चा भी तेज है कि भाजपा बंगाल में दो उपमुख्यमंत्री बनाने का फॉर्मूला अपना सकती है. पार्टी इसके जरिए क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की रणनीति पर काम कर रही है. उत्तर बंगाल और दक्षिण बंगाल के प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया जा सकता है.
तापस राय को मिल सकती है अहम जिम्मेदारी
भाजपा में शामिल हुए वरिष्ठ नेता तापस राय को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने की संभावना जतायी जा रही है. लंबे संसदीय अनुभव और संगठन में सक्रिय भूमिका को देखते हुए पार्टी उन्हें बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है. विधायक दल की बैठक के बाद कई अहम पदों को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है.
सुरक्षा के बीच होगी अहम बैठक
विश्वबांग्ला कन्वेंशन सेंटर के बाहर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. भाजपा कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है. शनिवार को प्रस्तावित शपथ ग्रहण समारोह से पहले आज की बैठक को निर्णायक माना जा रहा है. बंगाल की राजनीति में अगले पांच वर्षों की दिशा तय करने वाली इस बैठक पर पूरे देश की नजर टिकी हुई है.
इसे भी पढ़ें-बंगाल में राजनीतिक भूचाल; विधानसभा भंग, ममता बनर्जी समेत सभी मंत्रियों की कुर्सी गयी
इसे भी पढ़ें-इस्तीफे पर अड़ी ममता और दी खुली चुनौती; हार के बाद बोलीं- लड़ाई कोर्ट तक जाएगी

