Bhagalpur News : बरारी पुल घाट के पास गुरुवार को एक महिला के अचानक गंगा नदी में कूदने की कोशिश करने से हड़कंप मच गया. घाट पर मौजूद लोगों ने सतर्कता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने काफी मशक्कत के बाद महिला को शांत कराया.
बताया जा रहा है कि महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. घटना के दौरान वह बेहद उग्र हो गई और अपने पति पर हमला कर दिया. वहां मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. पुलिस जब महिला को काबू में करने पहुंची तो उसने विरोध करते हुए महिला पुलिसकर्मी को काट लिया और आसपास मौजूद कुछ लोगों के साथ भी मारपीट की.
स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने महिला को पकड़कर नियंत्रित किया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला लगातार गंगा की ओर भागने का प्रयास कर रही थी, जिससे किसी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी.
महिला के पति ने बताया कि वह पिछले एक सप्ताह से मानसिक रूप से अस्वस्थ है. इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल भागलपुर लाया गया था, लेकिन जांच प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी. गुरुवार को रिपोर्ट मिलने वाली थी. अस्पताल से लौटने के दौरान महिला अचानक गंगा में कूदने की जिद करने लगी.
पति के अनुसार, नाविक और स्थानीय लोगों की मदद से महिला को रोका गया और पुलिस के हवाले किया गया. उन्होंने यह भी बताया कि महिला दवाएं लेने से इनकार करती है और खुद को पूरी तरह स्वस्थ बताती है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है.
इसे भी पढ़ें-विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का जिम्मा अब पुल निर्माण निगम के पास, दो स्तर पर होगा काम

