Bihar News : राजगीर के मलमास मेला क्षेत्र में मंगलवार की शाम अचानक उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब थिएटर के समीप लगे बिजली ट्रांसफार्मर में आग भड़क उठी. अचानक उठी लपटों और तेज धमाके जैसी आवाज से मेले में घूम रहे श्रद्धालु और दुकानदार घबरा गए. कुछ देर के लिए पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया.
चिंगारी के बाद उठीं आग की लपटें
मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि पहले ट्रांसफार्मर से चिंगारियां निकलती दिखाई दीं. इसके बाद तेज आवाज हुई और आग तेजी से फैलने लगी. घटना थिएटर के सामने होने के कारण वहां भारी भीड़ जमा थी, जिससे लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई. आसपास के दुकानदार भी एहतियातन अपनी दुकानों से बाहर निकल आए.
कंट्रोल रूम को दी गई सूचना
घटना की जानकारी मिलते ही मेला क्षेत्र के केंद्रीय कंट्रोल रूम को सूचित किया गया. सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर रवाना हुई. दमकल कर्मियों ने पहुंचते ही आग बुझाने का अभियान शुरू किया और थोड़ी ही देर में स्थिति को नियंत्रण में कर लिया.
अग्निशमन टीम की तत्परता से टला बड़ा नुकसान
अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी ने बताया कि समय रहते कार्रवाई होने के कारण आग आसपास की दुकानों और भीड़भाड़ वाले इलाके तक नहीं पहुंच सकी. यदि आग फैलती तो बड़ा नुकसान हो सकता था. प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है.
कुछ देर बाधित रही बिजली व्यवस्था
घटना के बाद एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति कुछ समय के लिए बंद कर दी गई थी. बाद में विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर तकनीकी जांच शुरू की. मेला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया.
प्रशासन ने बढ़ाई सतर्कता
अधिकारियों ने बताया कि स्थिति पूरी तरह सामान्य है और इस घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है. घटना के बाद मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी और कड़ी कर दी गई है.
इसे भी पढ़ें-पटना में सुबह-सुबह एनकाउंटर; कैश वैन लूटकर भाग रहे बदमाशों से पुलिस की भिड़ंत
इसे भी पढ़ें-डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में पटना से पिता-पुत्र गिरफ्तार, दिल्ली पुलिस ने की कार्रवाई
इसे भी पढ़ें-झाझा के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर पर EOU की बड़ी कार्रवाई, पटना-जमुई समेत 4 ठिकानों पर छापेमारी
इसे भी पढ़ें-बिहार में बदलाव की तैयारी, सरकारी विभागों में अब सिर्फ चलेंगे इलेक्ट्रिक वाहन
इसे भी पढ़ें-बंद होने जा रहा mAadhaar ऐप, नए ऐप में ऐसे करें पूरा सेटअप

