विज्ञापन

वायरल वीडियो

भागलपुर में 36 घंटे से बिजली ठप, DM ने दिया 4 घंटे का अल्टीमेटम; हेलीकॉप्टर से भागलपुर पहुंचेंगे एमडी

विज्ञापन

भागलपुर: लगातार दो दिनों से हो रही तेज आंधी, बारिश और चक्रवाती मौसम ने भागलपुर जिले की बिजली व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. कई शहरी और ग्रामीण इलाकों में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. हालात को देखते हुए जिलाधिकारी ने बुधवार को बिजली विभाग, नगर निगम और पीएचईडी अधिकारियों के साथ ऑनलाइन समीक्षा बैठक कर राहत कार्यों की प्रगति जानी.
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को स्पष्ट निर्देश दिया कि मंगलवार दोपहर 1 बजे तक जिले में बिजली व्यवस्था सामान्य करने की दिशा में हरसंभव कदम उठाये जाएं. उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं होनी चाहिए और प्रभावित क्षेत्रों में तेजी से काम पूरा कराया जाये.
डीएम ने बताया कि अलग-अलग इलाकों में विभागीय टीमें लगातार काम कर रही हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाये हुए है. उन्होंने उम्मीद जतायी कि जल्द ही लोगों को राहत मिलेगी और आपूर्ति सामान्य होने लगेगी.

भागलपुर पहुंच रहे हैं बिजली विभाग के एमडी

बिजली संकट की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा विभाग के प्रबंध निदेशक स्वयं भागलपुर आने वाले हैं. विभागीय सूत्रों के अनुसार वे अभियंताओं की टीम के साथ हेलीकॉप्टर से पटना से रवाना होंगे. स्थिति पूरी तरह सामान्य होने तक उनके भागलपुर में ही कैंप करने की योजना है, ताकि बहाली कार्य की निगरानी सीधे स्तर पर हो सके.

कई इलाकों में एक साथ चल रहा मरम्मत कार्य

बिजली विभाग ने बैठक में विभिन्न क्षेत्रों की मौजूदा स्थिति की जानकारी दी. अलीगंज और मिरजानहाट इलाके में क्षतिग्रस्त लाइनों को दुरुस्त करने का काम तेज गति से किया जा रहा है. वहीं सबौर के लोदीपुर क्षेत्र में टूटे ढांचे को ठीक करने के लिए तीन नये पोल लगाये जा रहे हैं.
नाथनगर क्षेत्र में बिजली तारों पर ताड़ का पेड़ गिर जाने से आपूर्ति प्रभावित हुई है. विभागीय कर्मी वहां पेड़ हटाने और लाइन बहाल करने में लगे हैं. इसके अलावा बीजीपी वन फीडर में कंडक्टर टूटने की वजह से सप्लाई बाधित हुई है, जिसे जल्द दुरुस्त करने का प्रयास जारी है.

कुछ इलाकों में लौटी बिजली, कई जगह अब भी संकट

नवगछिया शहरी क्षेत्र में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गयी है, लेकिन गोपालपुर, बिहपुर और खरीक के कुछ हिस्सों में अभी भी फीडर और पोल से संबंधित दिक्कतें बनी हुई हैं. इन इलाकों में मरम्मत कार्य जारी है.

दूसरे जिलों से भी बुलायी गयी मदद

स्थिति को तेजी से नियंत्रित करने के लिए बिजली विभाग ने मुंगेर और कटिहार से अतिरिक्त तकनीकी टीमों को भागलपुर बुलाया है. जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा है कि आवश्यकता पड़ने पर अन्य जिलों से भी मानव संसाधन और तकनीकी सहयोग लिया जाये, ताकि तय समय सीमा के भीतर बिजली बहाल की जा सके.

पेयजल संकट से निपटने के निर्देश

लंबे समय से बिजली बाधित रहने के कारण कई क्षेत्रों में पानी की समस्या भी गहरा गयी है. इसे देखते हुए नगर निगम और पीएचईडी को प्रभावित इलाकों में पानी के टैंकर भेजने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन ने कहा है कि लोगों तक पेयजल पहुंचाने में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
अधिकारियों के अनुसार 25 मई की रात आये चक्रवाती मौसम के बाद कई इलाकों में बिजली बहाल कर दी गयी थी, लेकिन 26 मई की रात फिर तेज आंधी और बारिश होने से कई जगहों पर दोबारा नुकसान पहुंचा. फिलहाल प्रशासन और बिजली विभाग की संयुक्त टीमें स्थिति को सामान्य करने में लगी हुई हैं.

इसे भी पढ़ें-बिजली संकट से त्राहिमाम, मुंगेर से मांगी मदद; 36 घंटे से दक्षिणी शहर और बरारी में आपूर्ति ठप

सोनी कुमारी
सोनी कुमारी
सोनी कुमारी डिजिटल मीडिया क्षेत्र में सक्रिय पत्रकार हैं और Hellocities24 में ऑथर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार समेत देशभर की ताजा खबरों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों पर लेखन करती हैं. सरल भाषा और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पहचान मानी जाती है. डिजिटल पत्रकारिता में समाचार लेखन और कंटेंट प्रेजेंटेशन का अच्छा अनुभव है. पाठकों तक तेज और भरोसेमंद खबरें पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है.
संबंधित खबरें
विज्ञापन

जरूर पढ़ें

Patna
overcast clouds
32.9 ° C
32.9 °
32.9 °
57%
2.2m/s
100%
शनि
32 °
रवि
40 °
सोम
32 °
मंगल
32 °
बुध
37 °

अन्य खबरें