इस खबर में क्या है?
Chirag meets Amit Shah: बिहार में भरत तिवारी एनकाउंटर और नालंदा के राजगीर में भीड़ द्वारा हत्या की गूंज अब दिल्ली के सियासी गलियारों तक जा पहुंची है. इस गंभीर मामले को लेकर लोजपा (रामविलास) के मुखिया और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने देश के गृह मंत्री अमित शाह से विशेष भेंट की. मुलाकात के दौरान चिराग ने राजगीर में पासवान समाज के दो नौजवानों की बेदर्दी से हुई हत्या और भोजपुर में पुलिस द्वारा किए गए भरत तिवारी एनकाउंटर के घटनाक्रम से गृह मंत्री को विस्तार से अवगत कराया.
उन्होंने अमित शाह से दोनों मामलों की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित कराने के साथ ही पीड़ित परिवारों को जल्द से जल्द सही न्याय दिलाने की अपील की है.
आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री आदरणीय श्री @AmitShah जी से भेंट कर बिहार के राजगीर में पासवान समाज के दो युवकों की निर्मम हत्या तथा आरा में पुलिस द्वारा भरत तिवारी की हत्या के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही दोनों मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित… pic.twitter.com/w1O7BkcVJQ
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) July 2, 2026
Chirag meets Amit Shah: भरत तिवारी एनकाउंटर पर अपनों ने ही उठाए सवाल
भोजपुर जिले के बिलौटी गांव में हुए इस एनकाउंटर के बाद से बिहार सरकार लगातार चौतरफा दबाव झेल रही है. बिहार पुलिस और राज्य के गृह विभाग की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं. मामले में नया मोड़ तब आया जब खुद बिहार सरकार के अपने ही मंत्री अशोक चौधरी ने पुलिस की कार्रवाई पर सार्वजनिक रूप से सवाल खड़े कर दिए.
उन्होंने यहां तक कह दिया कि जब खुद सीएम सम्राट चौधरी ने भरत तिवारी के बेहतर इलाज के निर्देश दे दिए थे, तो फिर वहां एसटीएफ (STF) ने उनका एनकाउंटर क्यों और किन परिस्थितियों में किया.
तेजस्वी यादव का तीखा वार, लगाया केवल दिखावा करने का आरोप
इधर राष्ट्रीय जनता दल के कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भी इस एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार की एनडीए सरकार पर बहुत तीखा जुबानी हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने इस केस के मुख्य आरोपी और जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को पुलिस मुख्यालय से हटाकर नई जिम्मेदारी सौंपे जाने पर भी कड़ा ऐतराज जताया है. उन्होंने राज्य सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस पूरे संवेदनशील मामले में किसी भी तरह की ठोस कार्रवाई करने के बजाय केवल ऊपरी दिखावा और खानापूर्ति करने में लगी हुई है.
पटना में तेजस्वी यादव ने सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि आरोपी पुलिस अधिकारी को इतनी जल्दी नई और महत्वपूर्ण पोस्टिंग देना ही यह साबित करता है कि सरकार की नीयत साफ नहीं है.

