इस खबर में क्या है?
Bihar Weather Update: बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है. मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है और राज्य के कई हिस्सों में बादलों की आवाजाही के बीच बारिश का दौर जारी है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बुधवार को राज्य के 24 जिलों के लिए तेज बारिश, आकाशीय बिजली और तेज हवा को लेकर अलर्ट जारी किया है. विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है.
इन 24 जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, गोपालगंज, सारण, सीवान, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली, समस्तीपुर, सहरसा, मधेपुरा, पूर्णिया, कटिहार, खगड़िया, मुंगेर, भागलपुर, जमुई और बांका जिले में तेज बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है. इन इलाकों में वज्रपात की भी आशंका जताई गई है.
छह जिलों में भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग ने मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार जिले में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है. लगातार बारिश की वजह से निचले इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन सकती है.
अगले दो-तीन घंटे भी रहेंगे अहम
पटना सहित कई जिलों में सुबह से ही बादल छाए हुए हैं. विभाग का अनुमान है कि अगले दो से तीन घंटों के भीतर अरवल, गया, जहानाबाद, नालंदा, पटना, भोजपुर, वैशाली और सारण में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है. मौसम विभाग ने लोगों से खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी है. किसानों को भी खराब मौसम के दौरान खेतों में काम नहीं करने की हिदायत दी गई है.
संभल जाइए! बिहार के 27 जिलों में बारिश का डबल अटैक, IMD का ऑरेंज अलर्ट
सीमांचल में हुई अच्छी बारिश, बढ़ा नदी का जलस्तर
पिछले 24 घंटों के दौरान सीमांचल क्षेत्र के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. कटिहार, रक्सौल, खगड़िया समेत कई स्थानों पर वर्षा हुई. वहीं नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर अब उत्तर बिहार की नदियों पर भी दिखने लगा है. मुजफ्फरपुर में बागमती नदी का जलस्तर बढ़ रहा है, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ने लगा है. कई जगहों पर जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.
फिलहाल मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं
मौसम विभाग का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक बिहार में मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है. अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने और रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है. जिन इलाकों में बारिश नहीं होगी, वहां उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है.
मुख्य बिंदु –
- बिहार के 24 जिलों में तेज बारिश, वज्रपात और तेज हवा का अलर्ट जारी.
- 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना.
- मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया और कटिहार में भारी से अत्यधिक भारी बारिश की चेतावनी.
- पटना समेत कई जिलों में काले बादल छाए, अगले 2–3 घंटे में बारिश के आसार.
- अरवल, गया, जहानाबाद, नालंदा, पटना, भोजपुर, वैशाली और सारण में भी तेज बारिश की संभावना.
- मौसम विभाग ने बिजली गिरने (वज्रपात) को लेकर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी.
- किसानों से खराब मौसम के दौरान खेतों में काम नहीं करने की अपील.
- पिछले 24 घंटे में सीमांचल के कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज.
- नेपाल में हो रही बारिश से बागमती नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा गहराया.
- अगले कुछ दिनों तक बिहार में बारिश और बादलों का दौर जारी रहने का अनुमान.
इसे भी पढ़ें-


