Chamoli Tunnel Accident: उत्तराखंड के चमोली में निर्माणाधीन सुरंग हादसे के बाद झारखंड सरकार ने राज्य के श्रमिकों की जानकारी जुटाने और उनके परिजनों से संपर्क बनाए रखने की कवायद तेज कर दी है. सुरंग में झारखंड के कई श्रमिकों के फंसे होने की जानकारी मिली है. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बातचीत कर श्रमिकों की स्थिति की जानकारी ली है.
धामी ने हेमंत सोरेन को बताया कि सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव दल लगातार काम कर रहे हैं. झारखंड सरकार भी उत्तराखंड प्रशासन के संपर्क में रहकर घटनाक्रम पर नजर रख रही है.
चमोली की सुरंग में अचानक भर गया पानी-मलबा, 7 मजदूरों की मौत
खूंटी-गुमला समेत कई जिलों से गये थे श्रमिक
इस परियोजना में झारखंड के खूंटी, गुमला समेत कुछ अन्य जिलों के श्रमिकों के काम करने की जानकारी सामने आयी है. हादसे के बाद इन श्रमिकों के परिजनों की चिंता बढ़ गयी है.
मुख्यमंत्री ने ऐसे लोगों से राज्य सरकार के कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा है, जिनके परिवार के सदस्य या परिचित चमोली की परियोजना में काम कर रहे हैं. सरकार का कहना है कि श्रमिकों से जुड़ी जानकारी जुटाकर उसे संबंधित परिवारों तक पहुंचाया जा रहा है.
हादसे में पांच झारखंडी श्रमिक घायल
सुरंग हादसे में झारखंड के पांच श्रमिकों के घायल होने की जानकारी सामने आयी है. इनमें खेला राम (22), दीना बेंगरा (26), निस्तर भेंगरा (24), विनोद रायना (46) और हबील गुड़िया (27) शामिल हैं.
घायल श्रमिकों का इलाज चल रहा है. हालांकि, उनकी मौजूदा स्वास्थ्य स्थिति को लेकर अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है.
VIDEO | Uttarakhand: Chief Minister Pushkar Singh Dhami chairs a meeting at the State Emergency Operations centre to review the tunnel rescue operation in Chamoli district.
— Press Trust of India (@PTI_News) August 13, 2026
After the meeting, CM Dhami said, "Mud and debris from a landslide fell onto the workers operating inside… pic.twitter.com/2QQgfnlChb
पांच मौतों की भी जानकारी
हादसे में पांच श्रमिकों की मौत की जानकारी भी मिली है. मृतकों में चमोली के ग्राम गांवर निवासी 35 वर्षीय प्रदीप पंवार की पहचान बतायी गयी है. इसके अलावा मुकेश, दुर्लभ शर्मा, विजय और जितेंद्र के नाम सामने आये हैं.
PM मोदी का पोस्ट हटाने पर झुकी मेटा, मार्क जुकरबर्ग ने मांगी माफी
इन मृतकों की पूरी पहचान और राज्य से संबंधित जानकारी को लेकर अभी और आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
हादसों को लेकर हेमंत ने जतायी चिंता
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्माणाधीन सुरंगों में होने वाले हादसों पर चिंता जतायी. उन्होंने कहा कि विकास के काम जरूरी हैं, लेकिन इनके साथ प्रकृति और पर्यावरणीय संतुलन का भी ध्यान रखा जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि प्रकृति के अंधाधुंध दोहन के परिणाम लगातार सामने आ रहे हैं. मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि चमोली में फंसे झारखंड के श्रमिकों की सुरक्षित वापसी के लिए राज्य सरकार पूरी तरह प्रयासरत है.
परिजनों के लिए जारी किये गये नंबर
चमोली परियोजना में काम कर रहे श्रमिकों की जानकारी के लिए झारखंड सरकार ने कंट्रोल रूम से संपर्क करने की अपील की है.
टोल फ्री: 1800-3456-526
व्हाट्सऐप: 9470132591
व्हाट्सऐप: 9431336472
व्हाट्सऐप: 9431336427
झारखंड सरकार उत्तराखंड प्रशासन के साथ समन्वय कर रही है. वहीं, सुरंग में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए राहत और बचाव अभियान जारी है.
इसे भी पढ़ें-



