Bhagalpur Fire Department Alert : भागलपुर में दीपावली, काली पूजा और छठ महापर्व को लेकर अग्निशमन विभाग ने विशेष तैयारी की है. त्योहारों के दौरान आगजनी की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने के लिए शहर के 17 संवेदनशील स्थानों को चिह्नित किया गया है. पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों और संवेदनशीलता के आधार पर इन स्थानों को तीन श्रेणियों में बांटकर दमकल की गाड़ियों की तैनाती की गई है.
जिला अग्निशमन पदाधिकारी रमन राज ने बताया कि शहर को लेवल-1, लेवल-2 और लेवल-3 में बांटा गया है. तीनों स्तरों पर जरूरत और संवेदनशीलता के अनुसार दमकल की गाड़ियों की तैनाती और गश्त की व्यवस्था की गई है.
इसे भी पढ़ें-एमबीबीएस छात्र की मौत के विरोध में ठप की OPD, जूनियर डॉक्टर बोले- कार में सवार सभी पर हो कार्रवाई
सबसे संवेदनशील 7 स्थानों पर 24 घंटे तैनाती
लेवल-1 में सबसे अधिक संवेदनशील 7 स्थानों को शामिल किया गया है. यहां 7 से 11 नवंबर यानी काली पूजा विसर्जन तक दमकल की गाड़ियां 24 घंटे तैनात रहेंगी. किसी भी आपात स्थिति में दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंच सके, इसके लिए विशेष व्यवस्था की गई है.
6 स्थानों पर शाम 3 से रात 9 बजे तक रहेंगी गाड़ियां
लेवल-2 के तहत 6 स्थानों को चिह्नित किया गया है. इन जगहों पर दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक पीक आवर्स में दमकल की गाड़ियां मौजूद रहेंगी. वहीं, लेवल-3 में 4 स्थानों को शामिल किया गया है. यहां अग्निशमन विभाग की गाड़ियां लगातार गश्त करेंगी.
अग्निशमन पदाधिकारी ने बताया कि दमकल की गाड़ियों की प्री-पोजिशनिंग इस तरह की गई है कि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहन तत्काल घटनास्थल पर पहुंच सकें और आग पर काबू पाया जा सके.
पटाखों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील
अग्निशमन विभाग ने शहरवासियों से दीपावली सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है. लोगों से अत्यधिक आतिशबाजी और पटाखों के इस्तेमाल से बचने को कहा गया है. साथ ही आगजनी की किसी भी घटना की सूचना तुरंत अग्निशमन विभाग को देने की अपील की गई है.



