विज्ञापन

वायरल वीडियो

असम में चुनावी दहाड़, पीएम मोदी बोले- कांग्रेस हारने का रिकॉर्ड बनाने जा रही

PM Modi Assam Rally: असम चुनाव प्रचार के बीच पीएम मोदी ने बरपेटा रैली से भाजपा के लिए फिर समर्थन और आशीर्वाद मांगा. उन्होंने कांग्रेस पर घुसपैठ, भ्रष्टाचार और छोटी सोच की राजनीति करने का आरोप लगाया. महिला आरक्षण विधेयक और भाजपा स्थापना दिवस का जिक्र कर पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा.

PM Modi Assam Rally: असम विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है और सभी दल पूरी ताकत के साथ मैदान में उतर चुके हैं. इसी कड़ी में सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बरपेटा में चुनावी सभा को संबोधित किया. अपने भाषण में उन्होंने एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी के लिए समर्थन और आशीर्वाद मांगा. प्रधानमंत्री ने दावा किया कि भाजपा राज्य में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रही है. वहीं कांग्रेस पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस हार का नया रिकॉर्ड बनाने वाली है. पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस की सोच सीमित है और वह भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा लंबे समय के विकास और स्थायी योजनाओं पर काम कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि बीते दस वर्षों में असम में शांति और सौहार्द कायम करने के लिए लगातार काम किया गया है और आने वाले समय में राज्य की समृद्धि और बढ़ेगी.

घुसपैठ के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा

सभा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कांग्रेस पर घुसपैठियों का समर्थन करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अवैध कब्जों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई का विरोध कर रही है. पीएम मोदी ने दावा किया कि कांग्रेस असम में ऐसा कानून लाने की बात कर रही है, जिसके तहत घुसपैठिया शब्द बोलने वालों तक को जेल भेजा जा सकता है.

असम में चुनावी दहाड़, पीएम मोदी बोले- कांग्रेस हारने का रिकॉर्ड बनाने जा रही PM Modi Assam Rally 2 1
पीएम मोदी की सभा में जुटी भीड़.

उन्होंने लोगों से सवाल करते हुए कहा कि क्या वे ऐसे कानून का समर्थन करेंगे. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ऐसे कानून के जरिए घुसपैठियों को पीड़ित दिखाने की कोशिश करेगी, जबकि राज्य की मूल निवासी बहुसंख्यक आबादी और आदिवासी समाज पर इसका असर पड़ेगा. उनके मुताबिक, ऐसी व्यवस्था से स्थानीय लोगों के सामने लगातार कानूनी खतरा बना रहेगा.

महिला आरक्षण विधेयक पर भी दिया बड़ा संदेश

चुनावी सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला आरक्षण विधेयक का मुद्दा भी उठाया. उन्होंने कहा कि 16 अप्रैल से संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है और इस विषय पर देश की सभी राजनीतिक पार्टियों से चर्चा की गई है. उन्होंने सभी दलों से आग्रह किया कि बहनों और बेटियों के अधिकारों से जुड़े इस अहम विषय को सर्वसम्मति से आगे बढ़ाया जाए.

प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि कुछ लोग इस नेक काम को लेकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कदम देश के सभी राज्यों के लिए फायदेमंद साबित होगा और इससे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को नया बल मिलेगा.

स्थापना दिवस पर कार्यकर्ताओं को दी बधाई

बरपेटा की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस का भी जिक्र किया. उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि भाजपा राष्ट्र सर्वोपरि के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि पार्टी और उसके कार्यकर्ता भारत माता की सेवा के संकल्प के साथ काम कर रहे हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य देश का विकास करना और भारत को आत्मनिर्भर बनाना है. इसी सोच के साथ पार्टी इस चुनाव में भी जनता का आशीर्वाद चाहती है. उन्होंने कहा कि विकास और स्थिरता के एजेंडे के साथ भाजपा एक बार फिर जनता के बीच आई है.

असम में तीन रैलियों के जरिए शक्ति प्रदर्शन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को असम में कुल तीन चुनावी रैलियों को संबोधित करने वाले हैं. यह प्रचार अभियान नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखकर चलाया जा रहा है. भाजपा उम्मीदवारों के समर्थन में पीएम मोदी का यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है.

उन्होंने अपनी पहली सभा लोअर असम के बारपेटा जिले के भवानीपुर-सोरभोग में की, जहां उन्होंने मंत्री रंजीत कुमार दास के पक्ष में प्रचार किया. इसके बाद प्रधानमंत्री की दूसरी रैली मध्य असम के होजाई में तय है, जहां वह भाजपा उम्मीदवार शिलादित्य देव के समर्थन में लोगों को संबोधित करेंगे.

डिब्रूगढ़ में दिन की आखिरी सभा

प्रधानमंत्री की तीसरी और अंतिम रैली अपर असम के डिब्रूगढ़ में आयोजित होनी है. यहां वे राज्य सरकार के मंत्री प्रशांत फुकन के समर्थन में चुनाव प्रचार करेंगे. भाजपा इस पूरे दौरे के जरिए चुनावी माहौल को अपने पक्ष में मजबूत करने की कोशिश में जुटी है.

राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार बुधवार, 8 अप्रैल को थम जाएगा. असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा. इसके बाद मतगणना 4 मई को होगी. ऐसे में अब सभी दलों ने अंतिम दौर के प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है.

इसे भी पढ़ें-अफगानिस्तान में भूकंप के झटके, काबुल में 8 लोगों की मौत, पाकिस्तान और उत्तर भारत तक महसूस हुई कंपन

इसे भी पढ़ें-महाराष्ट्र में दर्दनाक हादसा, कुएं में गिरी कार; एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत

सोनी कुमारी
सोनी कुमारी
सोनी कुमारी डिजिटल मीडिया क्षेत्र में सक्रिय पत्रकार हैं और Hellocities24 में ऑथर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार समेत देशभर की ताजा खबरों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों पर लेखन करती हैं. सरल भाषा और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पहचान मानी जाती है. डिजिटल पत्रकारिता में समाचार लेखन और कंटेंट प्रेजेंटेशन का अच्छा अनुभव है. पाठकों तक तेज और भरोसेमंद खबरें पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है.
संबंधित खबरें
विज्ञापन

जरूर पढ़ें

Patna
broken clouds
38.2 ° C
38.2 °
38.2 °
32%
3.8m/s
54%
सोम
37 °
मंगल
44 °
बुध
44 °
गुरु
43 °
शुक्र
42 °

अन्य खबरें

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें