विज्ञापन

वायरल वीडियो

बिहार में LPG को लेकर घबराहट बेकार, IOCL ने कहा- सप्लाई पूरी तरह सामान्य

Bihar LPG Supply News : बिहार में LPG सिलेंडर की किल्लत की आशंका के बीच IOCL ने बड़ा अपडेट दिया है. कंपनी ने साफ कहा है कि राज्य में गैस सप्लाई सामान्य है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं. पैनिक बुकिंग से बैकलॉग बढ़ा है, जबकि कालाबाजारी रोकने के लिए कार्रवाई भी तेज की गयी है.

विज्ञापन

Bihar LPG Supply News : बिहार में एलपीजी सिलेंडर की संभावित किल्लत को लेकर बनी चिंता के बीच इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) ने स्थिति साफ कर दी है. कंपनी ने कहा है कि राज्य में गैस की आपूर्ति सामान्य तरीके से जारी है और उपभोक्ताओं को किसी तरह की दिक्कत नहीं होने दी जायेगी. लोगों से अपील की गयी है कि वे किसी तरह की अफवाह या आशंका में आकर घबराहट न दिखाएं.

IOCL के कार्यकारी निदेशक और बिहार स्टेट हेड एके सामंतराय ने बताया कि बिहार में हर दिन औसतन 3.8 लाख LPG सिलेंडरों की डिलीवरी की जा रही है. राज्यभर में 2028 वितरकों और 15 बॉटलिंग प्लांट के जरिये करीब 2.33 करोड़ उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जा रहा है. उनके मुताबिक, पूरी वितरण व्यवस्था सामान्य ढंग से काम कर रही है और आपूर्ति बाधित नहीं है.

सप्लाई संकट नहीं, पैनिक बुकिंग से बढ़ा बैकलॉग

कंपनी की ओर से स्पष्ट किया गया है कि फिलहाल जो बैकलॉग दिखाई दे रहा है, वह किसी तरह की आपूर्ति बाधा की वजह से नहीं है. इसके पीछे मुख्य कारण उपभोक्ताओं की ओर से की गयी पैनिक बुकिंग है. कार्यकारी निदेशक ने कहा कि मौजूदा बैकलॉग लगभग 4.5 दिन का है और इसे तय क्रम के अनुसार तेजी से पूरा किया जा रहा है.

कंपनी का कहना है कि सिलेंडर की उपलब्धता बनी हुई है और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है. इसलिए उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से एक साथ बुकिंग करने की जरूरत नहीं है.

डिजिटल बुकिंग को प्राथमिकता देने की अपील

IOCL ने उपभोक्ताओं से डिजिटल माध्यम से गैस बुकिंग करने पर जोर दिया है. कंपनी के मुताबिक, अब लगभग 93 प्रतिशत बुकिंग डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिये की जा रही है. इससे प्रक्रिया तेज और व्यवस्थित बनी हुई है.

इसके साथ ही डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड (DAC) के इस्तेमाल को भी अहम बताया गया है. कंपनी ने कहा कि इसका अनुपालन करीब 90 प्रतिशत तक पहुंच चुका है. इससे वितरण व्यवस्था ज्यादा पारदर्शी और सुरक्षित बनी है.

कमर्शियल LPG और PNG आपूर्ति भी जारी

कंपनी ने बताया कि व्यावसायिक LPG की आपूर्ति भी जारी है. 70 प्रतिशत आवंटन स्तर को बनाये रखते हुए अस्पताल, रेलवे, रक्षा प्रतिष्ठान, होटल-रेस्टोरेंट और उद्योगों को प्राथमिकता के आधार पर सिलेंडर उपलब्ध कराये जा रहे हैं.

इसके अलावा राज्य में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) कनेक्शन का दायरा भी बढ़ रहा है. बिहार में फिलहाल करीब 1 लाख PNG कनेक्शन हैं. पिछले एक महीने के दौरान लगभग 8 हजार नये उपभोक्ता इस सेवा से जुड़े हैं.

कालाबाजारी और जमाखोरी पर चला अभियान

मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच गैस की कालाबाजारी की कोशिशों ने भी हालात को प्रभावित किया. इसी वजह से लोगों के बीच घबराहट का माहौल बना और जमाखोरी की आशंका बढ़ी. इसे देखते हुए प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने बड़े स्तर पर अभियान चलाया.

जमाखोरी रोकने के लिए कुल 25,388 अभियान चलाये गये. इन कार्रवाइयों के दौरान 2085 सिलेंडर जब्त किये गये. इसके अलावा 119 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गयी, जबकि 38 गिरफ्तारियां भी की गयीं.

पेट्रोल और डीजल को लेकर भी राहत

IOCL ने यह भी स्पष्ट किया है कि बिहार में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति भी सामान्य बनी हुई है. राज्य के 3697 पेट्रोल पंपों पर दोनों ईंधनों की बिक्री नियमित रूप से जारी है और वहां पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है.

कंपनी के अनुसार, रोजाना 4554 KL पेट्रोल और 9121 KL डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है. इसके साथ ही लगभग 12 दिन का स्टॉक सुरक्षित रखा गया है, ताकि आपूर्ति पर किसी तरह का असर न पड़े.

इसे भी पढ़ें-बिहार में कंज्यूमर्स को 3 दिन में मिलेगा बिजली कनेक्शन, नहीं तो अधिकारियों पर लगेगा जुर्माना

इसे भी पढ़ें-पटना से आसमान के रास्ते बिहार दर्शन, 8 बड़े टूरिस्ट स्पॉट तक पहुंचेगा हेली टूरिज्म

सोनी कुमारी
सोनी कुमारी
सोनी कुमारी डिजिटल मीडिया क्षेत्र में सक्रिय पत्रकार हैं और Hellocities24 में ऑथर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार समेत देशभर की ताजा खबरों, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक मुद्दों पर लेखन करती हैं. सरल भाषा और तथ्यात्मक रिपोर्टिंग पहचान मानी जाती है. डिजिटल पत्रकारिता में समाचार लेखन और कंटेंट प्रेजेंटेशन का अच्छा अनुभव है. पाठकों तक तेज और भरोसेमंद खबरें पहुंचाना प्रमुख उद्देश्य है.
संबंधित खबरें
विज्ञापन

जरूर पढ़ें

Patna
overcast clouds
35.1 ° C
35.1 °
35.1 °
48%
4.5m/s
100%
बुध
36 °
गुरु
38 °
शुक्र
38 °
शनि
39 °
रवि
37 °

अन्य खबरें