इस खबर में क्या है?
Kolkata Railway : पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (जीएम) श्री मिलिंद देऊस्कर ने आज एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक के दौरान हावड़ा, सियालदह और लिलुआ कारखाना की समर्पित राहत एवं बचाव टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की. इस जांबाज टीम ने बीती 24 जून, 2026 को तारातला में हुई दुखद घटना के बाद चौबीसों घंटे लगातार बचाव और पुनर्स्थापन (रिस्टोरेशन) का अनुकरणीय कार्य किया था. इस सराहनीय कार्य के लिए हाल ही में पश्चिम बंगाल की माननीय मुख्यमंत्री द्वारा भी इस टीम को सम्मानित किया जा चुका है.
समीक्षा बैठक में महाप्रबंधक ने सम्मानित होने वाले 90 रेलवे अधिकारियों और प्रधान मुख्य यांत्रिक इंजीनियर की असाधारण वीरता, अनुशासन तथा राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), भारतीय सेना और स्थानीय प्रशासन के साथ उनके बेहतरीन तालमेल की दिल खोलकर सराहना की.
आधारभूत संरचना और विकास कार्यों पर मंथन: परियोजनाओं में तेजी लाने का निर्देश
सम्मान समारोह के अलावा, इस उच्च स्तरीय बैठक में रेलवे के बुनियादी ढांचे और प्रदर्शन से जुड़े विषयों पर भी व्यापक चर्चा की गई. सभी प्रधान विभागाध्यक्षों, मंडल रेल प्रबंधकों (डीआरएम) और मुख्य कारखाना प्रबंधकों की उपस्थिति में श्री देऊस्कर ने साफ निर्देश दिए कि सभी लंबित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा किया जाए. उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरे होने से यात्री सुविधाओं में बड़ा सुधार होगा और ट्रेनों की परिचालन दक्षता भी और अधिक मजबूत होगी.
कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनेगा यह सम्मान: सीपीआरओ
इस मौके पर पूर्व रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) श्री शिबराम माझि ने कहा कि महाप्रबंधक द्वारा दिया गया यह उच्चस्तरीय सम्मान और सराहना हमारे रेल कर्मचारियों को राष्ट्र सेवा के प्रति अपनी तत्परता, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति को निरंतर बनाए रखने के लिए और अधिक प्रेरित करेगा.
इसे भी पढ़ें-


