TRAI Recharge Packs : प्रीपेड मोबाइल यूजर्स के लिए रिचार्ज प्लान तलाशना जल्द आसान हो सकता है. रिलायंस जियो, एयरटेल और वोडाफोन आइडिया समेत सभी टेलीकॉम कंपनियों को अब ट्राई के अनिवार्य किए गए रिचार्ज वाउचर को अपनी वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर अलग से प्रमुखता के साथ दिखाना होगा. ट्राई ने 1 अक्टूबर 2026 को जारी निर्देश में कहा है कि प्रीपेड रिचार्ज सेक्शन में ‘TRAI-Mandated Packs’ सबसे पहले दिखाई देना चाहिए.
कंपनियों को इस व्यवस्था को लागू करने के लिए 30 दिन का समय दिया गया है. यानी बदलाव का असर किसी नए रिचार्ज प्लान की कीमत पर नहीं, बल्कि ग्राहकों के सामने प्लान दिखने और उन्हें खोजने के तरीके पर पड़ेगा.
28 दिन वाले रिचार्ज से मिलेगी राहत, TRAI ने बदले नियम; अब 30 दिन वाले प्लान आएंगे
अब रिचार्ज के लिए नहीं खंगालने पड़ेंगे कई मेन्यू
टेलीकॉम कंपनियों के ऐप और वेबसाइट पर अभी अलग-अलग तरह के डेटा, कॉम्बो, अनलिमिटेड और दूसरे रिचार्ज प्लान एक साथ दिखाई देते हैं. ऐसे में ग्राहक को अपनी जरूरत का खास प्लान तलाशने के लिए अलग-अलग कैटेगरी में जाना पड़ सकता है.
ट्राई के नए निर्देश के बाद अनिवार्य वाउचर के लिए अलग सेक्शन बनाया जाएगा. प्रीपेड रिचार्ज वाले हिस्से में ‘TRAI-Mandated Packs’ को सबसे ऊपर रखना होगा. इन प्लान को कंपनियों के अन्य एक्सक्लूसिव बिक्री केंद्रों पर भी प्रमुखता से दिखाना होगा.
शिकायतों के बाद ट्राई ने की कंपनियों की जांच
ट्राई को ग्राहकों की ओर से शिकायतें मिली थीं कि अनिवार्य रिचार्ज वाउचर ऐप और वेबसाइट पर आसानी से दिखाई नहीं देते. कुछ मामलों में ये प्लान अलग-अलग कैटेगरी में रखे गए थे, जिससे ग्राहकों को इन्हें खोजने के लिए कई पेज या स्क्रीन से गुजरना पड़ता था.
इसके बाद नियामक ने अलग-अलग टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर्स की वेबसाइट और मोबाइल ऐप की जांच की. इसी प्रक्रिया के बाद कंपनियों को इन वाउचर को अलग और प्रमुख सेक्शन में रखने का निर्देश दिया गया.
सिर्फ कॉल-संदेश वाले यूजर्स के लिए भी विकल्प
ट्राई के अनिवार्य वाउचर का मकसद अलग-अलग जरूरत वाले ग्राहकों को टैरिफ विकल्प उपलब्ध कराना है. खास तौर पर ऐसे ग्राहक जिन्हें ज्यादा मोबाइल डेटा की जरूरत नहीं है, उनके लिए वॉयस और एसएमएस वाले विकल्प उपयोगी हो सकते हैं.
नियमों के तहत वॉयस और एसएमएस के लिए अलग स्पेशल टैरिफ वाउचर का प्रावधान है. इसमें डेटा देना जरूरी नहीं है. इससे उन यूजर्स को भी ऐसा रिचार्ज चुनने का विकल्प मिलता है जो मुख्य रूप से कॉल या एसएमएस के लिए अपना नंबर सक्रिय रखते हैं.
30 दिन की वैधता वाले वाउचर भी होंगे शामिल
ट्राई के मौजूदा नियमों के तहत प्रत्येक टेलीकॉम सर्विस प्रोवाइडर को कम से कम एक प्लान वाउचर, एक स्पेशल टैरिफ वाउचर और एक कॉम्बो वाउचर 30 दिनों की वैधता के साथ उपलब्ध कराना होता है.
इसके अलावा कम से कम एक-एक ऐसा वाउचर भी उपलब्ध होना चाहिए, जिसे हर महीने उसी तारीख को दोबारा रिन्यू किया जा सके. यदि किसी महीने में वही तारीख मौजूद नहीं है, तो उस महीने की आखिरी तारीख को रिन्यूअल की व्यवस्था होती है.
रिचार्ज की कीमत में नहीं होगा कोई बदलाव
ट्राई का यह आदेश किसी नए रिचार्ज प्लान या नई कीमत को लागू नहीं करता है. जियो, एयरटेल या वोडाफोन आइडिया के मौजूदा रिचार्ज की कीमत इस निर्देश की वजह से अपने आप नहीं बदलेगी.
मुख्य बदलाव यह होगा कि पहले से अनिवार्य वाउचर को ग्राहक तक पहुंचाना आसान किया जाएगा. कंपनियों को इनके लिए अलग सेक्शन बनाकर उसे प्रीपेड रिचार्ज क्षेत्र में प्रमुख स्थान देना होगा.
15 सितंबर के नए कोड जारी, फ्री में अनलॉक होंगे रिवॉर्ड्स
कंपनियों को 30 दिन में देना होगा अनुपालन
ट्राई ने टेलीकॉम कंपनियों को इस निर्देश का पालन करने के लिए 30 दिन का समय दिया है. इसके बाद कंपनियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि अनिवार्य वाउचर वेबसाइट और ऐप पर निर्धारित तरीके से दिखाई दें.
इस बदलाव के बाद ग्राहक अपनी जरूरत के मुताबिक ट्राई से जुड़े अनिवार्य पैक को एक ही जगह देख सकेंगे. खासकर सीमित डेटा इस्तेमाल करने वाले या केवल कॉल और एसएमएस के लिए रिचार्ज तलाशने वाले यूजर्स के लिए इससे विकल्प तक पहुंचने की प्रक्रिया आसान हो सकती है.
इसे भी पढ़ें-



