इस खबर में क्या है?
Weather Alert : उत्तर भारत में तेज गर्मी ने हालात मुश्किल कर दिए हैं और मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए चेतावनी जारी की है. उत्तर-पश्चिमी मैदानी क्षेत्रों और मध्य भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जहां कई जगहों पर पारा 42 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है. अगले तीन से चार दिनों तक लू चलने की आशंका जताई गई है, जिससे दिन के साथ-साथ रातें भी गर्म बनी रहेंगी. वहीं दूसरी ओर, पूर्वोत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश और तेज तूफान का पूर्वानुमान जारी किया गया है, जिससे मौसम का अलग ही रूप देखने को मिल सकता है.
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ी गर्मी की मार
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में गर्मी का असर लगातार तेज हो रहा है. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 41 से 44 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. 25 से 27 अप्रैल के दौरान लू के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. न्यूनतम तापमान भी 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है, जिससे रात में भी राहत मिलने की संभावना कम है.
उत्तर प्रदेश में लू का असर
उत्तर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी दोनों हिस्सों में गर्मी का प्रकोप देखने को मिलेगा. राज्य के कई इलाकों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने 24 से 27 अप्रैल के बीच पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लिए हीट वेव का अलर्ट जारी किया है.
अन्य राज्यों में मौसम का हाल
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में अगले चार दिनों तक लू चलने की चेतावनी दी गई है और तापमान सामान्य से ऊपर रहने का अनुमान है. बिहार में 24 और 25 अप्रैल को लू का प्रभाव रहेगा, जबकि 26 और 27 अप्रैल को तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी तापमान में वृद्धि के साथ हीट वेव की स्थिति बनी हुई है. उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी का असर है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है.
दक्षिण और पूर्वोत्तर में बदला मौसम
दक्षिण भारत के केरल, कर्नाटक, तेलंगाना और तमिलनाडु में उमस भरी गर्मी के साथ बारिश की संभावना बनी हुई है. 28 अप्रैल तक इन राज्यों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं पूर्वोत्तर के असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में व्यापक वर्षा का अनुमान है. कुछ इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की आशंका भी जताई गई है.
अरुणाचल प्रदेश और असम-मेघालय में 25 से 30 अप्रैल के बीच अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
इसे भी पढ़ें-बिहार में आग बरसा रहा सूरज, 45 डिग्री के करीब पहुंचा पारा, कई जिलों में आंधी-बारिश का खतरा
इसे भी पढ़ें-देशभर में बदलेगा मौसम का मिजाज, कहीं लू तो कहीं बारिश-बिजली का अलर्ट
इसे भी पढ़ें-बढ़ती गर्मी के बीच 50°C तक पहुंचेगा पारा; ग्लोबल हॉट सिटीज लिस्ट में इंडिया के 20 सिटी शामिल
इसे भी पढ़ें-बिहार में बढ़ी गर्मी की मार, अप्रैल में ही जून जैसे हालात, IMD का अलर्ट जारी

