Bokaro News: कथारा स्थित सीसीएल क्षेत्रीय अस्पताल में डॉक्टरों की कमी के कारण इमरजेंसी सेवाओं को लेकर बड़ा विवाद सामने आया. अस्पताल प्रबंधन ने एक मई से रात 7 बजे से सुबह 7 बजे तक आपातकालीन चिकित्सा सेवा बंद करने का नोटिस जारी किया था, जिसके बाद इलाके में विरोध तेज हो गया.
यूनियनों ने जताया कड़ा विरोध, जीएम से की शिकायत
शनिवार को आरसीएमयू, बीएमएस समेत कई ट्रेड यूनियनों ने इस फैसले का विरोध करते हुए क्षेत्रीय महाप्रबंधक से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की. इसके बाद यूनियन प्रतिनिधियों ने अस्पताल पहुंचकर प्रबंधन से बातचीत की और नोटिस वापस लेने की मांग रखी.
प्रबंधन का बयान और नोटिस वापसी
अस्पताल की प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. निशा टोप्पो ने स्पष्ट किया कि डॉक्टरों की कमी के चलते आपसी सहमति से यह नोटिस लगाया गया था, जिसे अब वापस ले लिया गया है. उन्होंने सुझाव दिया कि डॉक्टरों की संख्या बढ़ाने के लिए मुख्यालय रांची को पत्र भेजा जाए.
जीएम कार्यालय में हुई वार्ता
इसके बाद यूनियन प्रतिनिधि जीएम कार्यालय पहुंचे और डॉक्टरों, नर्सों और पैरामेडिकल स्टाफ की संख्या बढ़ाने के साथ-साथ रात की पाली में सुरक्षा बढ़ाने की मांग रखी. इस पर जीएम एकेबी सिंह और एसओपी माधुरी मड़के ने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजकर कार्रवाई का आश्वासन दिया.
डॉक्टरों की कमी बनी बड़ी समस्या
जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय अस्पताल में केवल चार डॉक्टर कार्यरत हैं, जिनमें से तीन को अलग-अलग डिस्पेंसरी में प्रतिनियुक्त किया गया है. हाल ही में एक डॉक्टर के इस्तीफे और एक के सेवानिवृत्त होने के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है, जिससे अस्पताल की सेवाएं प्रभावित हो रही हैं.
इसे भी पढ़ें-बोकारो में सड़क हादसा: तेज रफ्तार कार ने पुलिस गश्ती वाहन को मारी टक्कर, 4 घायल
इसे भी पढ़ें-बोकारो में बीयर की मांग बेकाबू, रोज 54 लाख से ज्यादा की बिक्री, दुकानों में स्टॉक की कमी

