Dhanbad News: धनबाद के नावाडीह स्थित एक निजी अस्पताल में महिला मरीज की मौत के बाद रविवार को तनावपूर्ण स्थिति बन गई. मृतका के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज के दौरान मनमानी करने और अत्यधिक बिल वसूलने का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया. कुछ देर तक अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
सड़क हादसे में घायल महिला का चल रहा था इलाज
जानकारी के अनुसार कतरास क्षेत्र की रहने वाली सुखिया देवी सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं. घायल अवस्था में उन्हें शनिवार को नावाडीह स्थित असर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिजनों का कहना है कि महिला का इलाज चल रहा था, लेकिन उनकी हालत को लेकर अस्पताल की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही थी.
रविवार को महिला की मौत हो गई. इसके बाद अस्पताल द्वारा इलाज का बिल सौंपे जाने पर परिजन भड़क उठे. उनका आरोप है कि बिना सहमति के मरीज को वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया और बाद में भारी रकम की मांग की गई. परिजनों ने यह भी कहा कि बिल भुगतान तक शव रोककर रखा गया.
अस्पताल प्रबंधन ने आरोपों को बताया गलत
वहीं अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को निराधार बताया है. प्रबंधन का कहना है कि महिला को गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था और चिकित्सकीय जरूरत को देखते हुए उनका इलाज किया गया.
अस्पताल प्रशासन के मुताबिक रात के दौरान मरीज की स्थिति अचानक बिगड़ गई थी, जिसके बाद डॉक्टरों ने तत्काल वेंटिलेटर सपोर्ट देना जरूरी समझा. प्रबंधन का यह भी दावा है कि इलाज के दौरान कुछ समय के लिए परिजन अस्पताल से चले गए थे.
हंगामे के बाद बढ़ी हलचल
मरीज की मौत और बिल विवाद को लेकर हुए हंगामे के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक तनाव का माहौल बना रहा. घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों की भीड़ भी अस्पताल पहुंच गई. हालांकि बाद में स्थिति को शांत कराया गया.
इसे भी पढ़ें-148 वाहन मालिकों को नोटिस, 10 दिन में जमा करें बकाया राशि
इसे भी पढ़ें-धनबाद-बोकारो मार्ग खोलने की मांग पर सड़क पर उतरे विधायक राज सिन्हा, 24 घंटे का उपवास शुरू

