भागलपुर : टीएमबीयू ने पीएचडी एडमिशन टेस्ट (पैट) 2024 के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है. मंगलवार से अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म भर सकते हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन ने आवेदन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की है. तय समय सीमा तक सामान्य शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किये जाएंगे, जबकि 11 जून से 16 जून तक विलंब शुल्क के साथ फॉर्म जमा करने का मौका मिलेगा.
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों को 1500 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा. वहीं अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग वर्ग के उम्मीदवारों के लिए शुल्क 1000 रुपये रखा गया है. देरी से आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को अतिरिक्त 500 रुपये विलंब शुल्क जमा करना पड़ेगा.
जुलाई में हो सकती है पैट परीक्षा.
परीक्षा नियंत्रक प्रो. विनोद कुमार ओझा ने बताया कि ऑनलाइन आवेदन को लेकर सभी तकनीकी और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. उन्होंने कहा कि पैट 2024 की परीक्षा जुलाई महीने में आयोजित होने की संभावना है. आवेदन की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है, इसलिए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय आकर फॉर्म जमा करने की जरूरत नहीं होगी.
पीजी में न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक जरूरी.
पीएचडी में नामांकन के लिए विश्वविद्यालय ने पात्रता की शर्तें भी स्पष्ट कर दी हैं. अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में पीजी डिग्री होना जरूरी है. साथ ही न्यूनतम 55 प्रतिशत अंक या यूजीसी के सात-प्वाइंट स्केल के अनुसार समकक्ष ग्रेड अनिवार्य होगा.
आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को नियमानुसार पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी. यानी एससी, एसटी, ओबीसी और दिव्यांग अभ्यर्थी 50 प्रतिशत अंकों के साथ भी आवेदन कर सकेंगे. उम्मीदवार उसी विषय या उससे संबंधित विषय में शोध कर सकेंगे, जिसमें उन्होंने मास्टर डिग्री प्राप्त की है.
31 विषयों में 638 सीटों पर होगा नामांकन.
टीएमबीयू इस बार 31 विषयों में कुल 638 सीटों के लिए पैट परीक्षा आयोजित कर रहा है. सबसे अधिक 63 सीटें केमिस्ट्री में निर्धारित की गई हैं. इसके अलावा अर्थशास्त्र में 53, अंग्रेजी में 42, मनोविज्ञान में 39, मैथ में 38 और हिंदी में 37 सीटें उपलब्ध हैं.
अन्य विषयों में फिजिक्स 15, जूलॉजी 12, बॉटनी 13, सांख्यिकी 11, बायोटेक्नोलॉजी 6, कॉमर्स 21, भूगोल 26, इतिहास 15, होम साइंस 21, पॉलिटिकल साइंस 29, समाजशास्त्र 25, ग्रामीण अर्थशास्त्र 11, आंबेडकर विचार 4, संगीत 5, गांधी विचार 6, आईआईपीएम 29, एआईएच 7, पर्शियन 10, मैथिली 10, दर्शनशास्त्र 33, संस्कृत 28, उर्दू 6, बांग्ला 8, अंगिका 1 और लॉ में 14 सीटें निर्धारित की गई हैं.
इसे भी पढ़ें-तूफान के आगे बिजली व्यवस्था बेबस, पूरा शहर ब्लैकआउट, देर शाम तक होगी आपूर्ति
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में ब्राउन शुगर के साथ युवक गिरफ्तार, बूढ़ानाथ मंदिर के पास पुलिस की कार्रवाई
इसे भी पढ़ें-भागलपुर में बदलेगा बिजली बिलिंग सिस्टम, 25 मई से शुरू होगा नया ‘Suvidha Bihar’ ऐप
इसे भी पढ़ें-भागलपुर–गांधीधाम एक्सप्रेस कई तिथियों में नहीं चलेगी, रेलवे ने जारी किया शेड्यूल
इसे भी पढ़ें-घर में इन्वर्टर का करंट लगने से बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर की मौत


