Banka Double Murder : अमरपुर थाना क्षेत्र के बहुचर्चित बलिया डबल मर्डर केस के मुख्य आरोपी और शूटर सचिन कुमार सिंह ने शनिवार तड़के हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस टीम पर ही फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिसके बाद उसे दोबारा गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. घटना में एक ओपी अध्यक्ष, एक सब-इंस्पेक्टर समेत चार पुलिसकर्मी घायल हुए हैं. मामले की जांच के लिए एसटीएफ और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगी है.
रांची से गिरफ्तारी के बाद लाई गई थी पुलिस टीम
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को बलिया गांव के समीप गुंजन सिंह और सीटू सिंह की हत्या के मुख्य आरोपी सचिन कुमार सिंह को तकनीकी इनपुट के आधार पर झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार किया गया था. ट्रांजिट रिमांड पर बांका लाकर उससे पूछताछ की गई, जिसमें उसने हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल बलिया गांव के जंगल में छिपाने की बात स्वीकार की.
पटना से लापता सरकारी शिक्षक रोहतास से मिले, पुलिस ने चार लोगों को दबोचा
हथियार निकालते ही पुलिस टीम पर झोंकी गोलियां
शनिवार की अहले सुबह पुलिस टीम आरोपी को लेकर जंगल में हथियार बरामद करने पहुंची. इसी दौरान सचिन ने एक पुलिसकर्मी का हाथ झटककर खुद को छुड़ा लिया और झाड़ियों में पहले से छिपाकर रखी पिस्तौल निकाल ली. इसके बाद उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.
अचानक हुई गोलीबारी में मैनमा ओपी अध्यक्ष आयांस रंजन, अमरपुर थाना के एसआई मुकेश कुमार समेत दो अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए. कुछ को गोली के छर्रे लगे, जबकि अन्य को अफरा-तफरी के दौरान चोटें आईं.
आत्मरक्षा में पुलिस ने की जवाबी कार्रवाई
पुलिस टीम ने तत्काल मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की. इस दौरान एक गोली सचिन कुमार सिंह के पैर में लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा. पुलिस ने उसे दोबारा हिरासत में लेकर पहले सदर अस्पताल, बांका पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल (मायागंज), भागलपुर रेफर कर दिया गया.
बिहटा में दो शव मिलने से हड़कंप, किशोर की संदिग्ध मौत और बधार में मिला अज्ञात वृद्ध का शव
Banka Double Murder : एसटीएफ और एफएसएल जुटी जांच में
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अमर विश्वास के नेतृत्व में एसटीएफ और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से खोखे और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित किए. पुलिस पूरे घटनाक्रम की फोरेंसिक जांच करा रही है.
दूसरा आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
पुलिस ने इस दोहरे हत्याकांड के दूसरे आरोपी सोनम सिंह उर्फ सोम सिंह को पहले ही बेगूसराय जिले के तेघड़ा थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है.
5 जुलाई को हुई थी दोहरे हत्याकांड की वारदात
गौरतलब है कि 5 जुलाई को अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया गांव के समीप दिनदहाड़े गुंजन सिंह और सीटू सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठे थे. पुलिस लगातार आरोपितों की गिरफ्तारी और साक्ष्य जुटाने में लगी हुई थी.
एसपी बोले- कानून पर हमला करने वालों से सख्ती से निपटेगी पुलिस
बांका के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के मुख्य शूटर सचिन कुमार सिंह को रांची से तकनीकी इनपुट के आधार पर गिरफ्तार किया गया था. हथियार बरामदगी के दौरान उसने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास किया और छिपाकर रखे गए हथियार से पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी.
उन्होंने कहा कि आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी. घटना में दो पुलिस पदाधिकारी और दो जवान घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून पर हमला करने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी. मामले में आगे की विधिसम्मत प्रक्रिया जारी है.
इसे भी पढ़ें-


