इस खबर में क्या है?
Patna Teacher Kidnapping: पटना के शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र से दर्ज सरकारी शिक्षक के अपहरण मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए घटना का खुलासा कर दिया है. इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अपहृत शिक्षक को रोहतास जिले के कुदरा से सुरक्षित बरामद किया गया. गिरफ्तार सभी आरोपितों को मंगलवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पत्नी की शिकायत के बाद शुरू हुई कार्रवाई
एजी कॉलोनी निवासी शिक्षक के अचानक लापता होने पर उनकी पत्नी रीना सिंह ने शास्त्रीनगर थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई थी. मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर जांच शुरू की और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ते हुए आरोपितों तक पहुंच गई.
बिहार में 12 साल से पुलिस को चकमा दे रहा नक्सली गिरफ्तार, STF की कार्रवाई में मिली सफलता
लेनदेन के विवाद से जुड़ा मिला मामला
पुलिस जांच में सामने आया कि झारखंड के पलामू निवासी उपेंद्र सिंह, जो औरंगाबाद के नवीनगर में सरकारी शिक्षक हैं और परिवार के साथ पटना के एजी कॉलोनी में रहते हैं, उन्होंने व्यवसाय के सिलसिले में रोहतास जिले के कोचस थाना क्षेत्र के सोहवलिया निवासी सोनू कुमार से करीब 13 से 14 लाख रुपये उधार लिए थे. काफी समय तक रकम वापस नहीं मिलने के कारण दोनों के बीच विवाद चल रहा था.
आरा बुलाने के बाद बनाया बंधक
जांच के अनुसार, छुट्टी के दौरान पटना आए शिक्षक को सोनू कुमार ने आरा बुलाया. वहां पहले से मौजूद अपने साथियों के साथ मिलकर उनका अपहरण किया गया और बाद में उन्हें रोहतास स्थित अपने घर ले जाया गया. पुलिस की लगातार कार्रवाई और दबिश की जानकारी मिलने पर आरोपित शिक्षक को रोहतास के कुदरा में छोड़कर फरार हो गए. वहां से शिक्षक कुदरा थाना पहुंचे, जहां से पटना पुलिस ने उन्हें अपने संरक्षण में लिया.
चोरी का विरोध करने पर युवक को मारी गोली, सारण में वारदात से मचा हड़कंप
चार आरोपित गिरफ्तार, पुलिस ने बताई पूरी कार्रवाई
पुलिस ने मुख्य आरोपित सोनू कुमार के साथ करगहर निवासी इसराद आलम, भरतलवा निवासी राकेश कुमार और कैमूर निवासी दिवाकर कुमार को गिरफ्तार किया है. डीएसपी-2 सचिवालय साकेत कुमार ने बताया कि अपहरण की सूचना मिलते ही विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई थी. जांच में रुपये के लेनदेन का विवाद सामने आया, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ. पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.
इसे भी पढ़ें-

