Bihar Rain Alert: बिहार में इन दिनों मौसम लगातार करवट बदल रहा है. कहीं तेज धूप निकल रही है तो कहीं बादलों की आवाजाही के बीच झमाझम बारिश हो रही है. कई जिलों में उमस भी लोगों को परेशान कर रही है. इसी बीच मौसम विभाग ने रविवार को पूरे बिहार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार राज्य के सभी जिलों में बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही कई जगहों पर वज्रपात (बिजली गिरने) की आशंका भी बनी हुई है.
मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में मानसून का असर सबसे अधिक देखने को मिल सकता है. इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. इसके साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की भी संभावना है. मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर बिहार और सीमांचल के जिलों में बारिश का असर दक्षिण बिहार की तुलना में अधिक रहेगा, जबकि दक्षिण बिहार के अधिकांश हिस्सों में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रह सकता है.

पेपर लीक से लेकर सोशल मीडिया तक सख्ती, विधानसभा से 13 बड़े विधेयकों को मिली मंजूरी
बीते 24 घंटे में बगहा में सबसे ज्यादा बारिश, कैमूर में 40 डिग्री तापमान
पिछले 24 घंटे के दौरान बगहा में झमाझम बारिश दर्ज की गई. इसके अलावा शेखपुरा और गोपालगंज में भी अच्छी बारिश हुई. वहीं पटना, नालंदा समेत कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही. दूसरी ओर कैमूर में बारिश नहीं होने से उमस और गर्मी ने लोगों को परेशान किया. यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया.
6 अगस्त तक बना रहेगा ऐसा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 5 से 6 अगस्त तक मौसम का यही मिजाज बना रहने की संभावना है. इस दौरान धीरे-धीरे बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं.
- 3 अगस्त: पूरे बिहार में येलो अलर्ट रहेगा. पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी और मुजफ्फरपुर में भारी बारिश होने की संभावना है.
- 4 अगस्त: पूरे बिहार में येलो अलर्ट जारी रहेगा. हालांकि बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, रोहतास और कैमूर में मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहने का अनुमान है. इसके बावजूद पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, गोपालगंज और भोजपुर में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
- 5 अगस्त: पूरे बिहार में येलो अलर्ट प्रभावी रहेगा. इस दौरान अरवल, जहानाबाद, गया और औरंगाबाद में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है.
- 6 अगस्त: राज्य में बारिश, बादल और उमस वाला मिला-जुला मौसम बना रह सकता है. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश होने की भी संभावना है.



