Sandis Swimming Pool : सैंडिस कंपाउंड में तैराकी करने वालों के लिए अब एक और विकल्प तैयार होने जा रहा है. मौजूदा स्वीमिंग पूल पर बढ़ते दबाव को कम करने के लिए इसी परिसर में दूसरा स्वीमिंग पूल बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. भागलपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने इसके लिए करीब 59 लाख 60 हजार 761 रुपये की योजना स्वीकृत की है और निर्माण एजेंसी के चयन के लिए निविदा जारी कर दी है. नया पूल खास तौर पर बच्चों, नौसिखिए तैराकों और अभ्यास करने वाले खिलाड़ियों के लिए उपयोगी होगा, क्योंकि इसकी गहराई 3 फीट से अधिकतम 4.5 फीट तक रखी जाएगी.
गर्मियों में मौजूदा पूल में स्लॉट की कमी और तैराकों के दबाव को देखते हुए दूसरा पूल तैयार होने पर सैंडिस कंपाउंड में एक साथ दो पूलों की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी.
मालदा-आनंद विहार के बीच चलेगी फेस्टिव स्पेशल, भागलपुर समेत 9 स्टेशनों पर ठहराव
बच्चों और नए तैराकों के लिए अलग सुविधा
प्रस्तावित पूल की गहराई कम रखी गई है. इसे 3 से 4.5 फीट के बीच बनाया जाएगा. इससे बच्चों और तैराकी सीखने वाले नए लोगों को अभ्यास में सहूलियत होगी. कम गहराई वाला पूल शुरुआती स्तर के प्रशिक्षण के लिए भी इस्तेमाल किया जा सकेगा.
मौजूदा पूल परिसर में ही खाली जगह पर होगा निर्माण
दूसरा स्वीमिंग पूल सैंडिस कंपाउंड के उसी परिसर में बनाया जाएगा, जहां पहले से पूल संचालित है. इसके लिए परिसर के भीतर उपलब्ध खाली स्थान का इस्तेमाल किया जाएगा. निर्माण में सिविल वर्क के साथ वॉटर प्यूरीफिकेशन सिस्टम और फिनिशिंग का काम भी शामिल होगा.
छह महीने में पूरा करना होगा काम
स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने निर्माण कार्य के लिए छह महीने की समय-सीमा निर्धारित की है. वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद चयनित एजेंसी को छह महीने के भीतर पूरा काम कर पूल को हैंडओवर करना होगा.
निर्माण पूरा होने के बाद भी एजेंसी की जिम्मेदारी खत्म नहीं होगी. निविदा में एक वर्ष का डिफेक्ट लायबिलिटी पीरियड निर्धारित किया गया है. इस अवधि में निर्माण या तकनीकी स्तर पर कोई खराबी सामने आती है, तो एजेंसी को अपने खर्च पर उसे ठीक करना होगा.
28 अक्तूबर तक जमा होगा टेंडर
निर्माण एजेंसी के चयन के लिए जारी निविदा में इच्छुक और योग्य एजेंसियों को 28 अक्तूबर तक टेंडर दाखिल करने का मौका दिया गया है. 29 अक्तूबर को तकनीकी और वित्तीय निविदा खोली जाएगी.
भागलपुर में बनेगा म्युनिसिपल कोर्ट, जानिए किन मामलों की होगी सुनवाई
निविदा की शर्तों और तकनीकी पहलुओं पर चर्चा के लिए 7 अक्तूबर को प्री-बिड मीटिंग होगी.
10 फीसदी परफॉर्मेंस गारंटी जरूरी
चयनित एजेंसी को वर्क ऑर्डर मिलने के 15 दिनों के भीतर अनुबंध राशि का 10 प्रतिशत परफॉर्मेंस गारंटी के रूप में जमा करना होगा. इसके बाद पीडब्ल्यूडी के निर्धारित नियमों और प्रारूप के अनुसार एकरारनामा किया जाएगा.
निर्माण के दौरान निर्धारित तकनीकी, गुणवत्ता और आधुनिक सुरक्षा मानकों का पालन करना अनिवार्य होगा. करीब 59.60 लाख रुपये की इस परियोजना के पूरा होने के बाद सैंडिस कंपाउंड में तैराकी के लिए दो पूल उपलब्ध हो जाएंगे, जिससे मौजूदा पूल पर पड़ने वाला दबाव कम करने में मदद मिलेगी.
इसे भी पढ़ें-



