इस खबर में क्या है?
Bihar Weather Alert: बिहार में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. राज्य के 12 जिलों में आज बारिश और खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. इनमें पांच जिलों के लिए ऑरेंज और सात जिलों के लिए येलो अलर्ट है. मौसम विभाग ने इस दौरान गरज-चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना जतायी है. बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गयी है.
पश्चिमी चंपारण से सारण तक ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, गोपालगंज, सीवान और सारण में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मौसम खराब रहने की संभावना है.
बिहार में 17 अगस्त तक इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, BAU ने जारी की खास सलाह
वहीं शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, वैशाली और समस्तीपुर के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.
बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका भी है. ऐसे में खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गयी है.

उत्तर बिहार में ज्यादा सक्रिय है मॉनसून
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस समय उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों में बारिश की गतिविधियां अपेक्षाकृत ज्यादा हैं. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी वाली हवाओं और कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से इन इलाकों में मौसम सक्रिय बना हुआ है.
मॉनसून ट्रफ के उत्तर-पश्चिम हिस्से में मजबूत होने से उत्तर और पश्चिम बिहार में बारिश की संभावना बढ़ी है. इसके उलट दक्षिण बिहार में मॉनसून की सक्रियता कमजोर रहने के कारण लोगों को बारिश के बजाय उमस और गर्मी का सामना करना पड़ रहा है.
पूरे बिहार में आज येलो अलर्ट, 4 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
17 और 18 अगस्त को भी बिगड़ेगा मौसम
आज के बाद भी बिहार को बारिश से पूरी तरह राहत मिलने के आसार नहीं हैं. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है.
17 अगस्त को दक्षिण बिहार के कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. वहीं उत्तर बिहार और सीमांचल के इलाकों में भी मॉनसून का असर बना रहेगा.
इसके अगले दिन यानी 18 अगस्त को कई इलाकों में दोहरे अलर्ट की स्थिति बन सकती है. पश्चिम चंपारण, सीवान और सारण समेत उत्तर और दक्षिण बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है.
पिछले 24 घंटे में बारिश कम, तापमान बढ़ा
पिछले 24 घंटे में बिहार में ज्यादातर स्थानों पर बारिश की गतिविधि कमजोर रही. एक-दो जगहों को छोड़कर व्यापक बारिश दर्ज नहीं की गयी. कई जिलों में दिनभर बादलों की आवाजाही और धूप-छांव का दौर चलता रहा.
पटना, मुजफ्फरपुर, गया, मोतिहारी और दरभंगा समेत कई इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी. बारिश कम होने के कारण उमस का असर भी महसूस किया गया.
पटना में सुबह धूप, दोपहर बाद बदल सकता है मौसम
राजधानी पटना में रविवार सुबह से ही धूप खिली हुई है. हालांकि मौसम विभाग ने दोपहर बाद मौसम में बदलाव की संभावना जतायी है. इस दौरान हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है.
पटना में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
अलर्ट वाले जिलों में क्या रखें सावधानी?
गरज-चमक और आकाशीय बिजली की आशंका को देखते हुए मौसम खराब होने पर लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के पास जाने से बचना चाहिए. तेज हवा के दौरान भी अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गयी है.
इसे भी पढ़ें-



